Please select date to view old current affairs.
देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में पद्म पुरस्कार शामिल है। पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों- पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री के रूप में प्रदान किए जाते हैं। यह पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा आदि जैसे विभिन्न विषयों/गतिविधियों के क्षेत्रों में दिए जाते हैं। असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए 'पद्म विभूषण', उच्च स्तर की विशिष्ट सेवा के लिए 'पद्म भूषण' और किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए 'पद्म श्री' से सम्मानित किया जाता है। प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुरस्कारों की घोषणा की जाती है। ये पुरस्कार भारत के राष्ट्रपति द्वारा औपचारिक समारोहों में प्रदान किए जाते हैं जो आमतौर पर हर साल मार्च/अप्रैल के आसपास राष्ट्रपति भवन में आयोजित किए जाते हैं। वर्ष 2023 के लिए, राष्ट्रपति ने तीन द्वय मामलों (एक द्वय मामले में, पुरस्कार को एक के रूप में गिना जाता है) सहित 106 पद्म पुरस्कार प्रदान करने की मंजूरी दी है। सूची में 6 पद्म विभूषण, 9 पद्म भूषण और 91 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। पुरस्कार पाने वालों की सूची में 19 महिलाएं हैं और विदेशियों/एनआरआई/पीआईओ/ओसीआई की श्रेणी के 2 व्यक्ति और 7 मरणोपरांत पुरस्कार पाने वाले भी शामिल हैं।
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 74वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बलों के कर्मियों और अन्य को 412 वीरता पुरस्कारों और अन्य रक्षा अलंकरणों को मंजूरी दी है। वीरता पुरस्कार (Gallantry Awards) देश की रक्षा में अतुलनीय योगदान देने वाले जवानों और अधिकारियों को दिए जाते है। वीरता पुरस्कारों का ऐलान साल में दो बार किया जाता है। पहला गणतंत्र दिवस और दूसरा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इन पुरस्कारों का एलान होता है। इन वीरता पुरस्कारों में सबसे अहम होता है, परमवीर चक्र, जो सर्वोच्च सैन्य पुरस्कार है। इसके बाद महावीर चक्र, कीर्ति चक्र, वीर चक्र, अशोक चक्र और शौर्य चक्र आते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ परीक्षा पे चर्चा के छठे संस्करण में विद्यार्थियों से संवाद किया। विद्यार्थियों के तनाव रहित परीक्षा देने और अभिभावकों की अपेक्षाओं से संबंधित एक प्रश्न के जवाब में प्रधानमंत्री ने कहा कि अभिभावकों का बच्चों से अपेक्षा करना कोई बुरी बात नहीं है और अगर वे समाज में दिखावा के लिए ऐसा करते हैं तो यह सही नहीं है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी दृढ़ इच्छा और स्वयं की शक्ति को अभिभावकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करना चाहिए।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह की उपस्थिति में दुनिया की पहली इंट्रानैसल कोविड-19 वैक्सीन इन्कोवैक लॉन्च की। इसे भारत बायोटेक इंटरनेशनल लिमिटेड ने पीएसयू जैव प्रौद्योगिकी उद्योग अनुसंधान की सहायता से विकसित किया है। कोविड-19 वैक्सीन इन्कोवैक विश्व की पहली इंट्रानेजल वैक्सीन है यानी इसके लिए कोई इंजेक्शन नहीं लगाया जाएगा। इसमें नाक में बस एक बूंद डाली जाएगी और आप सुरक्षित हो जाएंगे। इन्कोवैक 18 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए दो खुराकों और एक बूस्टर खुराक के रूप में स्वीकृति प्राप्त करना वाला विश्व का पहला इंट्रानेजल कोविड-19 टीका है। जैव प्रौद्योगिकी विभाग (DBT) और इसके लोक उपक्रम, जैव प्रौद्योगिकी उद्योग अनुसंधान सहायता परिषद (बाईरैक–BIRAC) ने भारत बायोटेक इंटरनेशनल लिमिटेड (BBIL) के साथ मिलकर यह इंट्रानेजल वैक्सीन तैयार की है। इसे दवा नियामक ने इस्तेमाल करने की 23 दिसंबर को मंजूरी दी थी।
पेप्सिको और CARE ने भारत में ‘शी फीड्स द वर्ल्ड’ (She Feeds the World) कार्यक्रम शुरू किया है। यह कार्यक्रम कृषि क्षेत्र में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिये है, जो मुख्य रूप से छोटे पैमाने की महिला उत्पादकों पर केंद्रित होगा। विकासशील देशों में सभी कृषि श्रमिकों में महिलाएँ लगभग आधी हैं और पुरुषों की तुलना में प्रति सप्ताह 13 घंटे अधिक कार्य करती हैं। अनुसंधान से पता चलता है कि यदि पुरुषों के समान महिला किसानों की संसाधनों तक पहुँच सुनिश्चित होती है, तो वे अपने खेतों की उपज में 20-30 प्रतिशत तक की वृद्धि कर सकती हैं, इससे संभवतः विश्व में भूखे लोगों की संख्या को 150 मिलियन तक कम किया जा सकता है। इस कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्यों में फसल की उपज बढ़ाना, बीपीएल परिवारों की महिलाओं की आय में वृद्धि करना, स्वस्थ और संतुलित आहार तक पहुँच सुनिश्चित करने के साथ ही सतत् कृषि पर महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान करना है। यह कार्यक्रम कृषि क्षेत्र में लैंगिक असमानता को कम करने तथा देश में कृषि परिवारों को एक स्थिर आय प्राप्त करने में मदद करेगा, साथ ही सतत् कृषि पर महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान करेगा। प्रारंभ में इस कार्यक्रम को पश्चिम बंगाल के कूचबिहार ज़िले और अलीपुरद्वार ज़िले में लागू किया जाएगा। पेप्सिको तथा केयर का लक्ष्य इस कार्यक्रम के माध्यम से 48,000 से अधिक महिलाओं की स्थिति में सुधार करना है। पश्चिम बंगाल के 1.5 मिलियन से अधिक लोग इससे लाभान्वित होंगे।
30वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस अहमदाबाद के साइंस सिटी में शुरू हुई। गुजरात विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव विजय नाहेरा ने इसका उद्घाटन किया। गुजरात विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद -गुजकोस्ट, गुजरात काउंसिल ऑफ साइंस सिटी और एस ए एल एजुकेशन पांच दिवसीय सम्मेलन का आयोजन कर रहे हैं। यह सम्मेलन 31 जनवरी तक चलेगा। इसमें, बाल वैज्ञानिकों, जानेमाने शिक्षकों, मूल्यांकनकर्ताओं और सरकारी अधिकारियों सहित 1400 से अधिक प्रतिनिधि सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। देश भर के 850 से अधिक छात्र इस सम्मेलन में अपनी अनूठी परियोजनाओं का प्रदर्शन करेंगे।
मिस्र ने स्वेज नहर विशेष आर्थिक क्षेत्र में भारतीय उद्योगों को भूमि आवंटित करने की योजना बनाई है। शिखर बैठक को लेकर दोनों देशों की ओर से जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि भारतीय पक्ष प्रस्ताव के लिए मास्टर प्लान की व्यवस्था कर सकता है। यह प्रस्ताव मिस्र में उपलब्ध निवेश अवसरों का उपयोग करने के लिए विदेशी निवेश करने की क्षमता रखने वाली कंपनियों को प्रोत्साहित करने के भारत के प्रस्ताव के संदर्भ में है। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने मिस्र में भारतीय निवेश के विस्तार का स्वागत किया है। दोनों देशों के बीच इस समय तीन अरब 15 करोड़ डॉलर से अधिक का व्यापार होता है।
म्यामां की सैन्य सरकार ने राजनीतिक दलों के पंजीकरण के लिए नया सख्त कानून लागू किया है। इसके अनुसार, राजनीतिक दलों को साठ दिन के भीतर पंजीकरण कराना होगा और पंजीकरण के 90 दिन के भीतर कम से कम एक लाख सदस्य बनाना होगा। हालांकि, एक ही क्षेत्र में चुनाव लड़ रहे राजनीतिक दलों के लिए यह संख्या केवल एक हजार रखी गई है। नये नियमों के मुताबिक, देश भर में चुनाव लड़ने वाले राजनीतिक दलों को तीन सौ 30 टाउनशिप में से कम से कम आधे में छह महीने के भीतर अपने कार्यालय खोलने होंगे। राजनीतिक दलों को पंजीकरण के लिए दस करोड़ क्यात जमा कराना होगा। नये कानून के अनुसार, अदालत से दोषसिद्ध कोई भी व्यक्ति गैर-कानूनी माने गए संघों से जुड़े होने पर किसी राजनीतिक दल का सदस्य नहीं बन सकता। सैन्य सरकार ने पूर्व कांउसलर आंग सान सू ची को कई आरोपों में जेल में बंद कर रखा है।
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सराय काले खां स्थित बांसेरा पार्क से दिल्ली नगर निगम के '100 डेज टू बीट प्लास्टिक' कैंपेन को शुरू किया। इस दौरान कार्यक्रम में उपराज्यपाल ने लोगों को रोजमर्रा के जीवन में प्लास्टिक का इस्तेमाल ना करने की शपथ भी दिलाई। एमसीडी के अनुसार इस अभियान की शुरुआत एमसीडी क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से की गई है। इस अभियान का समापन 22 अप्रैल 2023 को अंतरराष्ट्रीय पृथ्वी दिवस के मौके पर होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में 11 करोड़ नल जल कनेक्शन प्राप्त करने के लिए जल जीवन मिशन (Jal Jeevan Mission) की सराहना की। इस मिशन की घोषणा पीएम मोदी ने 2019 में की थी। इस मिशन का मुख्य उद्देश्य भारत के हर घर में नल का जल कनेक्शन उपलब्ध कराना है। और यह लक्ष्य 2024 तक हासिल किया जाएगा। इस मिशन के लिए, भारत सरकार ने 3.5 ट्रिलियन रुपये आवंटित किए। इसे जल शक्ति मंत्रालय द्वारा कार्यान्वित किया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकारें परियोजना के लिए धन साझा कर रही हैं। उनके फंड शेयरिंग का अनुपात 50:50 है। पूर्वोत्तर राज्यों में यह 90:10 है। उत्तर पूर्व राज्य 10% धन साझा करते हैं।
मुंबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में 26 जनवरी से एक फरवरी तक चलने वाली खादी और ग्रामोद्योग आयोग की प्रदर्शनी प्रारंभ हो गई है। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में प्रदर्शनी आयोजित करने का उद्देश्य खरीदारों और प्रदर्शनी में सामान पेश करने वालों के मध्य परस्पर संवाद स्थापित करना तथा उत्पाद खरीदने हेतु समझौता कराना है। इस प्रदर्शनी का आयोजन आयोग के महाराष्ट्र कार्यालय द्वारा प्रधानमंत्री रोज़गार सृजन कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है। इसमें करीब 40 पंजीकृत खादी संस्थानों के साथ-साथ देश के 15 राज्यों के प्रधानमंत्री रोज़गार सृजन कार्यक्रम व ग्रामीण रोज़गार सृजन कार्यक्रम से जुड़ी इकाइयों ने हिस्सा लिया। इन इकाइयों ने निर्यात गुणवत्ता वाली खादी और पर्यावरण अनुकूल ग्रामीण उद्योगों के उत्पाद पेश किये। इन उत्पादों को पारंपरिक कारीगरों द्वारा तैयार किया गया है। आयोग ने विकास और संचालन कार्य हेतु व्यक्तियों और संस्थानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिये ऋण की राशि को बढ़ाकर 25 लाख रुपए तक कर दिया है। आयोग का कारोबार बीते साल करीब एक करोड़ 15 लाख रुपए का रहा। इस मौके पर महाराष्ट्र खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरपर्सन रविन्द्र साठे ने कहा कि महाराष्ट्र खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, राज्य में खादी को बढ़ावा देने हेतु अनोखी पहल शुरू करेगा।
74वें गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्यपथ (पहले राजपथ) पर आयोजित परेड में भारतीय सेना ने अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन किया। इस वर्ष की परेड का नेतृत्त्व महिला जवानों ने भी किया। लेफ्टिनेंट चेतना शर्मा ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड- 2023 में कर्तव्य पथ पर भारत में निर्मित (मेड इन इंडिया) मिसाइल प्रणाली "आकाश" का नेतृत्त्व किया। लेफ्टिनेंट चेतना शर्मा वायु रक्षा रेजिमेंट में सैन्य अधिकारी हैं। वायु रक्षा रेजिमेंट का उद्देश्य देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये आकाश को ड्रोन और दुश्मन के विमानों से बचाना है। लेफ्टिनेंट चेतना शर्मा राजस्थान के खाटू श्याम गाँव की रहने वाली हैं। बचपन से ही उन्होंने सेना में कॅरियर बनाने का लक्ष्य रखा था। चेतना शर्मा ने एनआईटी भोपाल से स्नातक की पढ़ाई करने के बाद सिविल सेवा प्रवेश परीक्षा के लिये प्रयास किया, जिसमें उन्होंने 6वें प्रयास में सफलता प्राप्त की।
95वें एकेडमी अवार्ड्स में भारतीय डॉक्यूमेंट्री फिल्म द एलिफेंट व्हिस्परर्स (The Elephant Whisperers), डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट सब्जेक्ट कैटेगरी में नॉमिनेट हुई है. इस फिल्म का निर्देशन कार्तिकी गोंजाल्विस ने किया है। फिल्म 'RRR' का सुपरहिट सॉन्ग 'नाटू नाटू' (Naatu Naatu) ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में ऑस्कर 2023 के लिए नॉमिनेट हुआ है। भारत की फिल्मों ने 95वें एकेडमी अवार्ड्स में 3 नामांकन प्राप्त किये है। भारत की डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'ऑल दैट ब्रीथ्स' (All That Breathes) भी ऑस्कर 2023 के लिए नामांकित हो गयी है. यह फिल्म शौनक सेन द्वारा निर्देशित है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि राज्य में 14 साल से कम उम्र की लड़कियों से शादी करने वाले पुरुषों के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) कानून के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि असम में औसतन 31.8% लड़कियों की शादी निषिद्ध उम्र में हो जाती है और उनमें से 11.7% वयस्कता से पहले मां बन जाती हैं, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने केवल दो वर्ष में चार स्वदेशी टीके विकसित कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने “मिशन कोविड सुरक्षा” के माध्यम से चार टीके उपलब्ध कराए हैं, कोवैक्सिन के उत्पादन में वृद्धि की है और भविष्य में टीकों के सुचारू विकास के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार किया है। ये टीके हैं जाइकोव-डी, कॉर्बवैक्स, जैमकोवैक और इनकोवैक।
इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा मेटा कंपनी ने नई दिल्ली में एक्सटेंडेट रिएलिटी स्टार्टअप कार्यक्रम के लिए 120 स्टार्टअप और नवाचारियों की सूची जारी की। इस कार्यक्रम में एक्सिलेरेटर और महाचुनौती शामिल हैं, जिनका उद्देश्य देश में तकनीकी माहौल को बढ़ावा देना है। चयनित स्टार्टअप में से तीस प्रतिशत स्टार्टअप देश के टियर-2 और टियर-3 शहरों के हैं। इस कार्यक्रम से एक्सटेंडेट रियलिटी प्रौद्योगिकी स्टार्टअप और नवाचार को बढावा मिलेगा। कार्यक्रम के तहत एक्सटेंडेट रियलिटी तकनीक वाले चालीस शुरूआती स्टार्टअप को सहायता दी जा रही है और बीस लाख रुपये का अनुदान दिया जा रहा है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स पोर्टल (समुद्री) का उद्घाटन किया। यह एक वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म है जिसका उद्देश्य सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग कर लॉजिस्टिक्स समुदाय के सभी हितधारकों को जोड़ना है। यह पोर्टल लागत कम करके दक्षता और पारदर्शिता में सुधार करेगा और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के विकास को बढ़ावा देगा। राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स पोर्टल देश भर में फैले लॉजिस्टिक क्षेत्र की सभी व्यापार प्रक्रियाओं के लिए एकल खिड़की होगा, जिसमें जलमार्ग, सड़क मार्ग और वायुमार्ग में परिवहन के सभी साधन शामिल होंगे, ताकि लॉजिस्टिक सेवाएं सहजता से प्रदान की जा सकें।
भारत ने पाकिस्तान की हठधर्मिता की वजह से सितंबर 1960 की सिंधु जल संधि में संशोधन के लिए पाकिस्तान को नोटिस जारी किया है। भारत और पाकिस्तान के प्रतिनिधियों के बीच कई साल चली वार्ता के बाद सिंधु जल समझौता हुआ था। तब ये उम्मीद जागी थी कि ये समझौता दोनों देशों के किसानों के लिए खुशहाली लाएगा और शांति, सुरक्षा और दोस्ती की वजह बनेगा। साल 2015 में पाकिस्तान ने भारतीय किशनगंगा और रातले पनबिजली परियोजनाओं पर तकनीकी आपत्तियों की जांच के लिए तटस्थ विशेषज्ञ की नियुक्ति करने का आग्रह किया था। साल 2016 में पाकिस्तान इस आग्रह से एकतरफा ढंग से पीछे हट गया और इन आपत्तियों को मध्यस्थता अदालत में ले जाने का प्रस्ताव किया। पाकिस्तान ने संधि के अनुच्छेद 9 का उल्लंघन किया है। भारत ने इस मामले को तटस्थ विशेषज्ञ को भेजने का अलग से आग्रह किया था। किशनगंगा जलविद्युत परियोजना किशनगंगा नदी और रातले जलविद्युत परियोजना किश्तवाड़ जिले में चिनाब नदी पर बनाई जा रही रन ऑफ द रिवर नदी परियोजना है। किशनगंगा झेलम नदी की एक सहायक नदी है। रन ऑफ द रिवर नदी परियोजना के संचालन में, जल भंडारण के उद्देश्यों के लिए जलाशयों का निर्माण नहीं किया जाता है और ऊंचाई से पानी के प्राकृतिक प्रवाह का उपयोग बिजली उत्पादन के लिए सूक्ष्म टर्बाइनों को चलाने के लिए किया जाता है। भारत के अनुसार ऐसी पनबिजली परियोजनाएं सिंधु जल संधि का उल्लंघन नहीं करती हैं क्योंकि इसमें कोई जल भंडारण नहीं होता है। लेकिन पाकिस्तान ने इन परियोजनाओं पर आपत्ति जताई थी। पाकिस्तान का तर्क है कि परियोजना के दोषपूर्ण डिजाइन के कारण पाकिस्तान में प्रवेश करने वाली नदी का प्रवाह प्रभावित हुआ है। 2017 में विश्व बैंक ने भारत को परियोजना को शुरू करने की अनुमति दे दी।
कूनो नेशनल पार्क, मध्य प्रदेश में स्थानांतरित किये गए 8 चीतों में से एक में हेप्टोरीनल संक्रमण पाया गया है। हेप्टोरीनल संक्रमण एक ऐसी स्थिति है जिसमें यकृत की कार्यप्रणाली विकृत होने से रोगी को गुर्दे में समस्या होने लगती है। सितंबर 2022 में दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया से लाए गए आठ चीतों को कुनो पालपुर नेशनल पार्क में छोड़ा गया था। यह बड़े जंगली मांसाहारी पशुओं का दुनिया का पहला अंतर-महाद्वीपीय स्थानांतरण था।
भारतीय शेयर बाज़ारों ने बड़े शेयरों की अंतिम सूची के लिये एक छोटे निपटान चक्र या T+1 व्यवस्था की शुरुआत की है, जो ग्राहकों की मार्जिन आवश्यकताओं को कम करने और खुदरा निवेश को बढ़ावा देने में मदद करेगा। T+1 (ट्रेड प्लस वन) का अर्थ है कि वास्तविक लेन-देन होने के एक दिन के भीतर बाज़ार व्यापार से संबंधित निपटान को समाप्त करने की आवश्यकता होगी। इससे पहले भारतीय स्टॉक एक्सचेंजों पर लेन-देन (T+2) किये जाने के बाद 2 कार्य दिवसों में ट्रेडों का निपटान किया जाता था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने नवंबर 2021 में संयुक्त रूप से बाज़ार मूल्य के संदर्भ में नीचे के 100 शेयरों के साथ चरणबद्ध तरीके से T+1 निपटान चक्र को लागू करने की योजना की घोषणा की।
फास्टैग के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन में पिछले कुछ वर्षों से निरंतर वृद्धि देखी जा रही है। वर्ष 2021 की तुलना में वर्ष 2022 में फास्टैग के माध्यम से कुल टोल कलेक्शन में लगभग 46 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2021 में कुल टोल कलेक्शन 34,778 करोड़ रुपए था जो कि वर्ष 2022 में बढ़कर 50,855 करोड़ रुपए हो गया। इसी प्रकार फास्टैग लेन-देन की संख्या में भी वर्ष 2021 की तुलना में वर्ष 2022 में लगभग 48 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। वर्ष 2021 में और वर्ष 2022 में फास्टैग लेन-देन क्रमशः 219 करोड़ रुपए और 324 करोड़ रुपए का रहा। अब तक जारी किये गए 6.4 करोड़ फास्टैग के साथ देश भर में फास्टैग सक्षम शुल्क प्लाज़ा की कुल संख्या भी विगत वर्ष 2021 के 922 की तुलना में वर्ष 2022 में बढ़कर 1,181 ( 323 राज्य राजमार्ग शुल्क प्लाज़ा सहित) हो गई है। उल्लेखनीय है कि फास्टैग प्रोग्राम के तहत राज्य शुल्क प्लाज़ा को शामिल करने के लिये 29 विभिन्न राज्य निकायों/प्राधिकरणों के साथ एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किये गए हैं जिनमें उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक आदि राज्य शामिल हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ-साथ विभिन्न शुल्क प्लाज़ा पर इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन से टोल प्रणाली में पारदर्शिता आई है और इसने सड़क परिसंपत्तियों के सही मूल्यांकन निर्धारण को सरल व सुगम बनाया है, साथ ही उद्योगपतियों को देश की राजमार्ग अवसंरचना, विशेष रूप से ऐसेट रिसाइक्लिंग में निवेश हेतु प्रोत्साहित किया है।
मध्य प्रदेश की एक कृत्रिम झील- सांख्य सागर, जलकुंभी (एक आक्रामक जलीय पौधे) की एक मोटी परत के नीचे लगभग अदृश्य हो गई है। सांख्य सागर को जुलाई 2022 में रामसर स्थल घोषित किया गया था, यह माधव राष्ट्रीय उद्यान के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने में मदद करता है। इस झील में 19 स्वदेशी मछली प्रजातियाँ पाई जाती हैं, साथ ही मार्श मगरमच्छ और मछली खाने वाले पक्षी भी पाए जाते हैं (वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972; अनुसूचीI)। जलकुंभी को हालाँकि दक्षिण अफ्रीकी मूल का माना जाता है, लेकिन इसने दुनिया के कई अन्य हिस्सों में खुद को प्राकृतिक रूप से समावेशित कर लिया है। हालाँकि इसे सीधे तौर पर हानिकारक या उपयोगी श्रेणी में नहीं रखा जा सकता है क्योंकि एक तरफ, यह छोटी मात्रा में मौजूद भारी धातुओं को हटाकर जल शोधक के रूप में कार्य करता है, जबकि दूसरी ओर, एक बार जब यह जल निकाय की पूरी सतह को कवर कर लेता है, तो सूरज की रोशनी को पानी में प्रवेश नहीं करने देता और ऑक्सीजन को भी कम करना शुरू कर देता है। सांख्य सागर में जलकुंभी देशी प्रजातियों की मृत्यु का कारण बन रही है; इसकी उपस्थिति झील में उच्च नाइट्रोजन स्तर का भी संकेत देती है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने जैविक गुणवत्ता पर राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करते हुए बायोफार्मा क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बायोफार्मा क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने में राष्ट्रीय बायोलॉजिकल संस्थान के योगदान की सराहना की।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने पुरूष टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर: इंग्लैंड के बेन स्टोक्स को चुना है, वहीं पुरूष एकदिवसीय क्रिकेटर ऑफ द ईयर: पाकिस्तान के बाबर आजम बने हैं। पुरूष ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेटर ऑफ द ईयर के लिए भारत के सूर्यकुमार यादव को प्राथमिकता दी गई है। दक्षिण अफ्रीका के मार्को जानसन, पुरूष इमर्जिंग क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुन लिये गये हैं। बाबर आजम को सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी दिया जाना सुनिश्चित किया गया है। इंग्लैंड के नेट साइवर, राचेल हेहो फ्लिंट ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है। महिला क्रिकेट की यदि हम बात करें तो भारत की रेणुका सिंह को वूमेंस इमर्जिंग क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया है। एक दिवसीय क्रिकेटर ऑफ द ईयर: इंग्लैंड की नेट साइवर को बनाया गया है, वहीं महिला ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेटर ऑफ द ईयर के लिए ऑस्ट्रेलिया की ताहलिया मैक्ग्रा को तवज्जो दी गई है।
सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना की भारतीय जोड़ी ऑस्ट्रेलियन ओपन मिक्स्ड डबल्स के फाइनल में दूसरे स्थान पर रही। मेलबर्न पार्क में ब्राजील के लुइसा स्टेफनी और राफेल माटोस की जोड़ी ने इन्हें 7-6, 6-2 से हराकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम जीता। रोहन बोपन्ना के साथ, अपना अंतिम ग्रैंड स्लेम खेल रहीं सानिया मिर्जा ने ऑस्ट्रेलियन ओपन में अब तक दो ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट जीते हैं। उन्होंने 2016 में मार्टिना हिंगिस के साथ ऑस्ट्रेलियन ओपन महिला डबल्स और 2009 में महेश भूपति के साथ ऑस्ट्रेलियन ओपन मिक्स्ड डबल्स खिताब जीता था। इससे पहले उन्होंने कहा था कि उनका पेशेवर करियर मेलबर्न में शुरू हुआ था और ग्रैंड स्लैम करियर के समापन के लिए वे इससे बेहतर जगह के बारे में नहीं सोच सकती थीं।
संयुक्त राष्ट्र ने 27 जनवरी, 2022 को होलोकॉस्ट में मारे गए 6 मिलियन यहूदियों को सम्मानित करने के लिए “अंतर्राष्ट्रीय होलोकॉस्ट स्मरण दिवस” (International Holocaust Remembrance Day) चिह्नित किया। यह दिन नाज़ीवाद के लाखों अन्य पीड़ितों को भी सम्मानित करता है। इस दिवस के दौरान, संयुक्त राष्ट्र ने हर सदस्य राज्य से भविष्य के नरसंहार को रोकने के लिए शैक्षिक कार्यक्रम विकसित करने का आग्रह किया। “अंतर्राष्ट्रीय प्रलय स्मरण दिवस” 2022 की थीम “स्मृति, गरिमा और न्याय” (Memory, Dignity and Justice) है।
राजमुंदरी से पूर्व लोकसभा सांसद और प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री जमुना का सुबह हैदराबाद में निधन हो गया। वे 86 वर्ष की थीं। वे प्रख्यात अभिनेता एन. टी. रामाराव और नागेश्वर राव की समकालीन थीं। उन्होंने तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और हिंदी में लगभग 200 फिल्मों में अभिनय किया। 1936 में कर्नाटक के हम्पी में जन्मी, जमुना की स्कूली शिक्षा आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में हुई। उन्होंने, 1989 में कांग्रेस के टिकट पर राजमुंदरी लोकसभा सीट से चुनाव जीता था।
© 2023 RajasthanGyan All Rights Reserved.