Please select date to view old current affairs.
पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के करियप्पा ग्राउंड में एनसीसी रैली में भाग लिया और राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के 75 साल पूरे होने के अवसर पर एक स्पेशल डे कवर और 75 रुपये मूल्य का एक स्मारक सिक्का जारी किया।
पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने नई दिल्ली में विजिट इंडिया ईयर-2023 की शुरूआत की और इसके लोगो का भी अनावरण किया। इसके साथ ही देश में पर्यटन को बढ़ावा देने की बड़ी योजनाएं और गतिविधियां शुरू हो गयी हैं। इस अवसर पर श्री रेड्डी ने कहा कि इस वर्ष जब भारत जी-20 संगठन की अध्यक्षता कर रहा है विजिट इंडिया ईयर 2023 का शुरू किया जाना बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष एक लाख से अधिक विदेशी प्रतिनिधि भारत आ रहे हैं, जिन्हें स्मारकों और तीज त्योहारों सहित भारत की संस्कृति के सभी पहलुओं से अवगत कराया जायेगा। श्री रेड्डी ने यह भी कहा कि जी-20 का प्रत्येक विदेशी प्रतिनिधि भारतीय संस्कृति, विरासत और पर्यटन स्थलों का ब्रांड राजदूत होगा।
अंतर्राष्ट्रीय मुद्राकोष-आईएमएफ कार्यकारी बोर्ड ने बांग्लादेश के लिए चार दशमलव सात बिलियन अमरीकी डॉलर ऋण मंजूरी किये हैं। ऋण की यह राशि बांग्लादेश की आर्थिक नीतियों के समर्थन के लिए दी जा रही है। यह राशि बांग्लादेश को 42 महीनों में दी जायेगी। आईएमएफ ने कोरोना महामारी और इस बीच रूस-यूक्रेन यूद्ध से उत्पन्न आर्थिक संकट से उबरने में बांग्लादेश के प्रयासों की सराहना की।
उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) सैन्य समिति के पूर्व अध्यक्ष पेट्र पावेल 28 जनवरी 2023 को चेक गणराज्य के नए राष्ट्रपति बन गए। पेट्र पावेल ने अपने प्रतिद्वंदी और विवादास्पद राष्ट्रपति मिलोस जमैन को बदलने के लिए एक रन-ऑफ वोट में अरबपति लेडी बैबिस को हरा दिया। सांख्यिकी कार्यालय के अनुसार पावेल को 58 प्रतिशत से अधिक वोट मिले।
एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह वायु सेना के नए उप-प्रमुख होंगे। वह एयर मार्शल संदीप सिंह की जगह लेंगे, जो 31 जनवरी 2023 को सेवामुक्त हो रहे हैं। एयर मार्शल एपी सिंह वर्तमान में प्रयागराज स्थित मध्य वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में सेवारत हैं। वे 01 फरवरी 2023 को पदभार संभालेंगे।
दुनिया के तमाम देशों में आर्थिक मंदी के खतरे के बीच भारत सबसे अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। केवल इतना ही नहीं आने वाले समय में भी भारत तेजी से आगे बढ़ेगा। इस संबंध में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाओं पर ताजा आंकड़े जारी किए हैं। अपने पूर्वानुमान में IMF ने भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार पर भरोसा जताया है। आईएमएफ के अनुसार, 2023 में भारत 6.1 प्रतिशत की दर से आर्थिक प्रगति करेगा। IMF के अनुसार, भारतीय अर्थव्यवस्था 2023 और 2024 में सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बनी रहेगी।
भारत की अध्यक्षता में जी-20 के दीर्घकालिक वित्तीय कार्यसमूह की बैठक की मेज़बानी असम करेगा। यह बैठक गुरुवार से गुवाहाटी में शुरू होगी। बैठक का विषय- एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य है और इसका ध्येय वाक्य वसुधैव कुटुम्बकम है। 2 और 3 फरवरी को होने वाली इस बैठक में जी-20 के सदस्य देशों, अतिथि देशों और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के 94 प्रतिनिधि भाग लेंगे। गुवाहाटी में 7 और 8 फरवरी को युवा-20 प्रारम्भिक बैठक भी होगी, जिसमें 250 प्रतिनिधि भाग लेंगे।
बेंगलुरु में 20 से अधिक विद्यालयों के छात्रों के लिए जी-20 के समान एक शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया। बेंगलुरु दक्षिण से संसद सदस्य तेजस्वी सूर्या ने भारत को जी-20 की अध्यक्षता मिलने और युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से इसका आयोजन किया। इस दौरान छात्रों में वैश्विक महत्व के मुद्दों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की योग्यता और अंतर्वैयक्तिक कौशल को निखारने का प्रयास किया गया। प्रतीकात्मक तौर पर जी-20 के सदस्य देशों और अतिथि देशों के प्रतिनिधियों के रूप में लगभग 70 छात्रों ने हरित विकास, जलवायु परितर्वन संबंधी वित्त और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। विकास संबंधी कार्य समूह की प्राथमिकताओं के आधार पर जी-20 के शेरपा की ओर से तय रूपरेखा के अनुसार, सम्मेलन के तीन सत्र आयोजित किए गए।
जर्मनी की संसद- बंडेस्टॉग के एक शिष्टमंडल ने संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। भारत और जर्मनी के बीच पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए श्री बिरला ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध साझा मूल्यों और लक्ष्यों पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि उभरती वैश्विक चुनौतियों से निपटने में भारत और जर्मनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
क्वाड भारत, अमरीका, ऑस्ट्रेलिया और जापान का एक समूह है जिसका उद्देश्य “मुक्त, स्पष्ट और समृद्ध” भारत प्रशांत सागर क्षेत्र सुनिश्चित करना तथा उसका समर्थन करना है। क्वाड के वरिष्ठ साइबर समूह की एक बैठक नई दिल्ली में हुई जिसमें साइबर सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की गयी। इस बैठक में साइबर सुरक्षा सहयोग को बढ़ावा देने और उसे अधिक टिकाउ बनाने के सिलसिले में विचार-विमर्श किया गया।
संसद के सेंट्रल हॉल में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के संबोधन के साथ ही संसद का बजट सत्र शुरू हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण बाद एक फरवरी को पेश होने वाले आम बजट से पहले देश का इकनॉमिक सर्वे यानी आर्थिक सर्वेक्षण संसद में पेश किया गया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की तरफ से संसद में पेश किए गए इकनॉमिक सर्वे में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2023-24 में भारत की जीडीपी नॉमिनल टर्म में 11% की बेसलाइन वैल्यू से ग्रोथ करेगी। वहीं, रियल टर्म्स में भारतीय अर्थव्ययवस्था 6.5% रहने का अनुमान है। सर्वे में यह भी कहा गया है कि वित्त वर्ष 2022 में देश की अर्थव्यवस्था ने 8.7% रही है। पीपीपी (परचेजिंग पावर पैरिटी) के मामले में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था है। वहीं, एक्सचेंज रेट के टर्म में यह पांचवे नंबर पर है। सर्वे में कहा गया है कि ज्यादातर अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले भारत ने चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना किया। FPI (फॉरेन पोर्टफोलियो इनवेस्टर्स) की तरफ से पैसा निकालने के बाद भी स्टॉक मार्केट ने कैलेंडर ईयर 2022 में पॉजिटिव रिटर्न दिया है। सेंट्रल गवर्नमेंट का कैपेक्स करेंट फाइनेंशियल ईयर के अप्रैल-नवंबर पीरियड में 63.4% बढ़ा है। सर्वेक्षण के अनुसार आरबीआई की ओर से उठाए गए कदमों के बाद नवंबर महीने में खुदरा महंगाई दर आरबीआई के टॉलरेंस बैंड के नीचे आ गई है। दुनिया की अधिकांश मुद्राओं की तुलना में भारतीय करेंसी डॉलर के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन कर रही है। वर्ष 2030 तक गरीबी को आधी करने के लक्ष्य (Sustainable Development Goal) के तहत 2005-05 से 2019-21 के दौरान 41 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।
आईएसएफएफआई 2022 मध्य प्रदेश के शहर भोपाल में आयोजित हुआ है। महोत्सव दिनांक 21 से 23 जनवरी तक इंडिया इंटरनेशनल साइंस फ़ैस्टिवल के आठवें संस्करण के प्रमुख घटक के रूप में मनाया गया। इस विज्ञान महोत्सव में चार विदेशी और नौ भारतीय फिल्मों को पुरस्कृत किया गया है। अंतरराष्ट्रीय विज्ञान फिल्म पुरस्कारों की ‘सतत् विकास के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’ श्रेणी के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स द्वारा निर्मित अंग्रेजी फिल्म ‘हानले: इंडियाज फर्स्ट डार्क स्काई रिजर्व’ को मिला है। यह फिल्म लद्दाख के हानले में भारत के पहले डार्क स्काई रिजर्व के पीछे के विचार को दर्शाती है और बताती है कि कैसे वैज्ञानिक अनुसंधान, खगोलविदों, प्रशासन और स्थानीय समुदायों के सहयोग से अंधेरे आसमान को संरक्षित करने में प्रभावी हो सकता है। श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार सत्यजित रे फिल्म ऐंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता द्वारा बांग्ला एवं अंग्रेजी भाषा में निर्मित ‘बोर्शी – द फिश’ को प्राप्त हुआ है। ‘जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’ श्रेणी के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार विपुल कीर्ति शर्मा द्वारा निर्देशित एवं अशोक शर्मा द्वारा निर्मित फिल्म ‘स्ट्रगल फॉर सर्वाइवल’ को मिला। ‘बेहतर जीवन के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’ नामक तीसरी श्रेणी के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार अमेरिकी फिल्मकार टिफेनी डीटर की फिल्म ‘बायोफिजिकल फील्ड मेथड्स: गोबाबेब’ को, द्वितीय पुरस्कार भारत के फिल्मकार दीपक कुमार की फिल्म ‘एक्स्प्लोरिंग द ग्रेट इंडियन लिगेसीस’ और तृतीय पुरस्कार विज्ञान प्रसार (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग) द्वारा निर्मित एवं राकेश अंदानिया द्वारा निर्देशित फिल्म ‘सेविंग द हिमालयन याक’ को मिला।
रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उद्यम गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जीआरएसई) ने समुद्री डीजल इंजन बनाने के लिए जर्मनी की रोल्स रॉयस सॉल्यूशंस के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस एमओयू के तहत जीआरएसई के रांची स्थित संयंत्र में समुद्री डीजल इंजन बनाए जाएंगे। एमओयू पर हस्ताक्षर के समय भारतीय नौसेना के प्रमुख वाइस एडमिरल संदीप नैथानी भी मौजूद थे।
वॉक्ससेन यूनिवर्सिटी ने अपने पारिस्थितिकी तंत्र को विकसित करने और परिसर के आसपास के समुदाय को सशक्त बनाने के अपने दृढ़ विश्वास के साथ प्रोजेक्ट एस्पिरेशन लॉन्च किया है। Woxsen University ने कक्षा IX-XII, तेलंगाना मॉडल स्कूल और जूनियर कॉलेज की महत्वाकांक्षी लड़कियों के लिए परियोजना की परिकल्पना की है। प्रोजेक्ट एस्पिरेशन के तहत, छात्रों को स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा “ट्रेन द ट्रेनर” कार्यशाला में भाग लेने के लिए चुना जाता है, जो दिसंबर 2022 में शुरू हुई थी।
सस्ते और उच्च गुणवत्ता वाले रेत उत्पादन पर ध्यान केंद्रित केंद्रित करते हुए कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनियां 2024 तक पांच एम-सैंड (रेत) संयंत्र चालू करेंगी। खान और खनिज (विकास और विनियम) अधिनियम, 1957 के तहत रेत को “लघु खनिज” के रूप में वर्गीकृत किया गया है। एम-सैंड कृत्रिम रेत का एक रूप है, जो कठोर पत्थरों, मुख्य रूप से चट्टानों या ग्रेनाइट को महीन कणों में कुचल कर बनाया जाता है, जिसे बाद में धोया जाता है और बारीक किया जाता है। यह व्यापक रूप से निर्माण उद्देश्यों के लिए नदी की रेत के विकल्प के रूप में उपयोग किया जाता है।
ब्लूमबर्ग NEF के अनुसार, इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब विश्व भर में कम-कार्बन वाले ऊर्जा प्रौद्योगिकियों में किया गया निवेश जीवाश्म ईंधन पर खर्च किये गए धन के बराबर रहा। ब्लूमबर्ग NEF एक वैश्विक रणनीतिक अनुसंधान सेवा प्रदाता है। वर्ष 2022 में स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकी में निवेश की राशि 1.1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर थी जो कि वर्ष 2021 से 31% (261 बिलियन अमेरिकी डॉलर) अधिक थी। हालाँकि जीवाश्म ईंधन में भी निवेश वर्ष 2021 के स्तर से 214 बिलियन अमेरिकी डॉलर अधिक था। ऊर्जा संक्रमण में ट्रिलियन-डॉलर के निवेश के अंतर्गत नवीकरणीय ऊर्जा के स्रोत (सौर, पवन, नाभिकीय), भंडारण, चार्जिंग अवसंरचना, हाइड्रोजन उत्पादन, कार्बन संकलन (उपयोग और भंडारण) तथा प्रौद्योगिकी जैसे छोटे पैमाने पर सौर, ताप पंप एवं शून्य-उत्सर्जन वाहन शामिल हैं। चीन अभी भी निम्न-कार्बन प्रौद्योगिकियों का अग्रणी निर्माता है। इस उपलब्धि ने ट्रिलियन-डॉलर के आधे से अधिक यानी 546 बिलियन अमेरिकी डॉलर निवेश को आकर्षित किया, इसके बाद यूरोपीय संघ ने 180 बिलियन अमेरिकी डॉलर और अमेरिका ने 141 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश किया।
म्याँमार और दक्षिणी चीन से वियतनाम तक अपनी पहले से ज्ञात श्रेणियों में से विलुप्त होने वाली स्वैलटेल तितली की उपस्थिति भारत में पहली बार दर्ज की गई है। यह "बेहद दुर्लभ" नोबेल हेलेन (पैपिलियो नोबेली) तितली है, जिसकी पहचान नामदफा राष्ट्रीय उद्यान (अरुणाचल प्रदेश) में तीन स्थानों पर की गई है। नोबेल हेलेन थाईलैंड, लाओस और कंबोडिया में भी पाई जाती है। तितलियों को जैव विविधता और प्रमुख पारिस्थितिकी तंत्र कार्यों के महत्त्वपूर्ण संकेतक के रूप में माना जाता है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, एशिया में जो बेहद ठंड की स्थिति देखी जा रही है वह काफी हद तक ध्रुवीय भँवर/पोलर वोर्टेक्स का परिणाम है। यह शब्द ठंडी वायु के विस्तार को संदर्भित करता है जो आमतौर पर आर्कटिक के चारों और प्रवाहित होती है लेकिन कभी-कभी उत्तरी ध्रुव से दक्षिण की ओर खिसक जाती है। ‘वोर्टेक्स’ शब्द वायु के प्रतिप्रवाह (Counter-Clockwise) को संदर्भित करता है जो ठंडी वायु को ध्रुवों के निकट रखने में मदद करता है। यह ध्रुवों पर हमेशा मौजूद होता है तथा गर्मियों में कमज़ोर पड़ता है, जबकि सर्दियों में प्रबल हो जाता है। हालाँकि इस बात पर सर्वसम्मति की कमी है, यह माना जाता है कि एक ग्रह (पृथ्वी) के गर्म होने के साथ ध्रुवीय भँवर में परिवर्तन की बारंबारता और अधिक तथा सुस्पष्ट होने की संभावना है।
हाल के एक अध्ययन से पता चला है कि जलवायु परिवर्तन के कारण केल्प वनों में कमी आ रही है। एकलोनिया रेडिएटा (Ecklonia radiata) जो कि दक्षिणी गोलार्द्ध की एक प्रमुख केल्प प्रजाति है, जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील पाई गई है विशेष रूप से भूमध्य रेखा के निकटवर्ती क्षेत्रों में। तापमान में वृद्धि पूर्वी ऑस्ट्रेलियाई तटरेखा के आस-पास इन प्रजातियों की आबादी में गिरावट का कारण बन रही है तथा भविष्य में वैश्विक स्तर पर इसमें और अधिक गिरावट आने की संभावना है। इनका स्वस्थाने (In situ) संरक्षण संभव नहीं हो सकता है, लेकिन भविष्य में पुनर्बहाली (Restoration), संकरण (Hybridization) या अनुकूलन (Adaptation) रणनीतियों में उपयोग हेतु कल्चर बैंकों में बाह्य स्थाने (Ex situ) संरक्षण के माध्यम से इनकी अनूठी आनुवंशिक विविधता को संरक्षित किया जा सकता है। केल्प वन कई अलग-अलग प्रजातियों के सघन विकास से उथले जल क्षेत्र में निर्मित जल के नीचे के पारिस्थितिक तंत्र हैं। केल्प बड़े भूरे रंग के शैवाल होते हैं जो तट के निकट ठंडे, अपेक्षाकृत उथले जल में पाए जाते हैं।
बोइंग 747 जंबो जेट पिछले 50 सालों से भी ज्यादा दुनिया के सबसे बड़े विमानों (Aeroplanes) में से एक के रूप में राज कर रहा था। इसकी अंतिम डिलिवरी के साथ ही एक युग का अंत हो गया है। "क्वीन ऑफ द स्काईज़" के रूप में पाँच से भी अधिक दशक तक संचालन के बाद बोइंग 747, एक मूल और यकीनन सबसे सौंदर्यपूर्ण "जंबो जेट" का स्वर्णिम युग अब समाप्त हो गया है। इसे 1960 के दशक के अंत में बड़े पैमाने पर यात्रा की मांग को पूरा करने के लिये डिज़ाइन किया गया था। जंबो ने वैश्विक स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ी, जो कि विश्व भर में युद्ध और शांति का प्रतीक है (जैसे कि US 'डूम्सडे प्लेन' और इसके अन्य उपनाम जैसे 'शेफर्ड')।
खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) ने 29 जनवरी, 2023 को 'कच्छ के रण' में साल्ट-पैन (समुद्र का किनारा, जहां नमक बनाया जाता है) की सफेद जमीन पर एक रोमांचक मेगा 'खादी फैशन शो' का आयोजन किया गया। कच्छ के रण में आयोजित यह मेगा कार्यक्रम केवीआईसी का इस तरह का पहला आयोजन था। इसका उद्देश्य खादी को देश-विदेश के बाजार में युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाना और सांस्कृतिक विरासत व कला को बढ़ावा देना था। इसका आयोजन केवीआईसी के 'खादी के लिए उत्कृष्टता केंद्र' के प्रयासों से किया गया था।
भारतीय कुश्ती महासंघ – डब्ल्यूएफआई के विरूद्ध आरोपों की जांच के लिए गठित निरीक्षण समिति के पैनल में पूर्व पहलवान बबीता फोगाट को शामिल किया गया है। भारतीय कुश्ती महासंघ के दैनिक प्रशासन के कामकाज की निगरानी के लिये खेल और युवा कार्य मंत्रालय द्वारा गठित निरीक्षण समिति के पैनल में उन्हें शामिल किया गया है। यह समिति यौन दुराचार, उत्पीड़न, धमकी, वित्तीय अनियमितताएं और भारतीय कुश्ती महासंघ की प्रशासनिक चूक के आरोपों की जांच भी कर रही है। बबीता फोगाट इस निरीक्षण समिति की छठी सदस्य हैं। इस समिति का नेतृत्व खेल रत्न पुरस्कार विजेता एम सी मैरीकॉम कर रही हैं।
भारत के पूर्व ओपनर बल्लेबाज मुरली विजय ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। उन्होंने 30 जनवरी 2023 को ट्विटर पर बताया कि वह अब विदेशी लीगों में अपनी किस्मत आजमाएंगे। विजय ने भारत के लिए आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच दिसंबर 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में खेला था। उन्होंने 61 टेस्ट, 17 वनडे और नौ टी20 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
प्रतिवर्ष 31 जनवरी को राष्ट्रीय महिला आयोग का स्थापना दिवस मनाया जाता है, इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय महिला आयोग के 31वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। इस कार्यक्रम का विषय ‘सशक्त नारी सशक्त भारत’ है, जिसका उद्देश्य उन महिलाओं की सफलता का सम्मान करना है जिन्होंने अपनी जीवन-यात्रा में उत्कृष्टता प्राप्त की और जन-जीवन पर अमिट छाप छोड़ी है। आयोग द्वारा 31 जनवरी, 2023 से 1 फरवरी, 2023 तक अपना 31वाँ स्थापना दिवस मनाने के लिये दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोग का उद्देश्य एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहाँ विभिन्न सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से संबंधित महिलाओं की निर्णयन और नेतृत्त्व की भूमिकाओं में लैंगिक समानता पर ध्यान केंद्रित कर विविध विचारों का आदान-प्रदान किया जा सके। राष्ट्रीय महिला आयोग की स्थापना जनवरी 1992 में राष्ट्रीय महिला आयोग अधिनियम, 1990 के तहत एक वैधानिक निकाय के रूप में की गई थी। इसकी स्थापना महिलाओं को प्रभावित करने वाले मामलों को मद्देनज़र रखते हुए उनके संवैधानिक और विधिक सुरक्षा उपायों की समीक्षा, उपचारात्मक विधायी उपायों की सिफारिश करने, शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया को सुगम बनाने और नीति पर सरकार को सलाह देने के लिये की गई थी।
विश्व उपेक्षित उष्णकटिबंधीय रोग दिवस हर साल 30 जनवरी को एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती के रूप में उपेक्षित उष्णकटिबंधीय रोगों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है ताकि हम उनके उन्मूलन की दिशा में प्रगति कर सकें। NTD संक्रमण का एक समूह है जो अफ्रीका, एशिया और अमेरिका के विकासशील क्षेत्रों में हाशिये पर रहने वाले समुदायों में सबसे सामान्य है। ये रोग विभिन्न प्रकार के रोगजनकों जैसे-वायरस, बैक्टीरिया, प्रोटोज़ोआ और परजीवी के कारण होते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वरिष्ठ अधिवक्ता शांति भूषण के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। पूर्व केन्द्रीय कानून मंत्री और वरिष्ठ अधिवक्ता शांति भूषण का उत्तर प्रदेश के नोएडा में निधन हो गया था। वे 97 वर्ष के थे। वे 1977 से 1979 तक भारत के कानून मंत्री रहे।
© 2023 RajasthanGyan All Rights Reserved.