Ask Question | login | Register
Notes
Question
Quiz
Test Series
Tricks

26 January 2024

75वां गणतंत्र दिवस: राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों के 12 कर्मियों को मरणोपरांत सहित 80 सैन्य कर्मियों को वीरता पुरस्कार प्रदान किये जाने की स्वीकृति प्रदान की

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने 75वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बलों के 12 कर्मियों को मरणोपरांत सहित 80 सैन्य कर्मियों को वीरता पुरस्कार प्रदान किये जाने की स्वीकृति प्रदान की है। इनमें छह कीर्ति चक्र शामिल हैं, जिनमें से तीन मरणोपरांत होंगे; 16 शौर्य चक्र दो मरणोपरांत सहित; 53 सेना पदक सात मरणोपरांत सहित; एक नौसेना पदक (वीरता) और चार वायु सेना पदक (वीरता) दिये जाएंगे। राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों एवं अन्य कर्मियों के लिए 311 रक्षा सम्मान पदकों को भी मंजूरी दी है। इनमें 31 परम विशिष्ट सेवा पदक; चार उत्तम युद्ध सेवा पदक; अति विशिष्ट सेवा पदक के लिए दो बार; 59 अति विशिष्ट सेवा पदक; 10 युद्ध सेवा पदक; सेना मेडल (कर्तव्य के प्रति समर्पण) हेतु आठ बार; 38 सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण); 10 नौसेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण); 14 वायु सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण); विशिष्ट सेवा पदक के लिए पांच बार और 130 विशिष्ट सेवा पदक शामिल हैं।

राष्ट्रपति ने 75वें गणतंत्र दिवस पर सशस्त्र बल कर्मियों के लिए 10 मरणोपरांत सहित 84 मेंशन-इन-डिस्पैच को स्वीकृति दी

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने 75वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बल कर्मियों के लिए 84 मेंशन-इन-डिस्पैच को स्वीकृति दी है, जिनमें 10 मरणोपरांत भी शामिल हैं। इनमें सेना के लिए 68-ऑपरेशन रक्षक के लिए 34, ऑपरेशन स्नो लेपर्ड के लिए 16, ऑपरेशन मेघदूत के लिए सात, ऑपरेशन सहायता के लिए तीन, ऑपरेशन सिधरा के लिए दो, ऑपरेशन सीएएस इवैक्यूएशन के लिए तीन, विभिन्न ऑपरेशन के लिए तीन शामिल है। इसमें भारतीय वायु सेना के लिए 16- ऑपरेशन कावेरी के लिए 15 और विभिन्न ऑपरेशन के लिए एक शामिल है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैन्‍युअल मैक्रो ने जयपुर में द्विपक्षीय बैठक की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयपुर में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक की। चर्चा में भारत और फ्रांस के बीच आपसी संबंधों के महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति के लिए रात्रिभोज का भी आयोजन किया। श्री मैक्रों अपनी दो दिवसीय भारत यात्रा पर जयपुर पहुंचे। श्री मैक्रों नई दिल्‍ली में गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्‍य अतिथि होंगे। उन्होंने ऐतिहासिक आमेर किला का भी दौरा किया और स्कूली विद्यार्थियों, पर्यटकों और विभिन्न कलाओं से जुड़े कारीगरों से बातचीत की। जंतर-मंतर भी गये, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने उनका स्वागत किया। श्री मोदी और श्री मैक्रॉन ने जंतर-मंतर से सांगानेरी गेट तक एक संयुक्त रोड शो में भाग लिया।

वर्ष 2024 के लिए पद्म पुरस्‍कारों की घोषणा

सरकार ने वर्ष 2024 के पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इनमें पांच पद्म विभूषण, 17 पद्म भूषण और 110 पद्मश्री विजेताओं के नाम शामिल हैं। पुरस्कार पाने वालों में तीस महिलाएं हैं। सूची में विदेशी, अनिवासी भारतीय मूल के लोग, विदेशों में रहने वाले भारतीय नागरिक सहित आठ व्यक्ति शामिल हैं। नौ व्यक्तियों को मरणोपरांत पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और अभिनेता चिरंजीवी, अभिनेत्री वैजयंतीमाला बाली, भरतनाट्यम नृत्‍यांगना पदमा सुब्रह्मण्‍यम को पद्म विभूषण पुरस्कारों के लिए चुना गया है। सामाजिक कार्यकर्ता बिंदेश्वर पाठक को मरणोपरांत पद्म विभूषण पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया गया है। सर्वोच्‍च न्‍यायालय की पहली महिला न्यायाधीश एम.फातिमा बीवी और तमिल अभिनेता विजय कांत को भी मरणोपरांत पद्मभूषण पुरस्‍कार प्रदान किया गया है। पद्मभूषण पुरस्‍कार पाने वालों में बॉलीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, गायिका ऊषा उथुप, उद्योगपति सीताराम जिंदल, संगीत निर्देशक प्‍यारेलाल शर्मा और फॉक्‍सकोन अध्‍यक्ष यंग ल्‍यू शामिल हैं। पद्म पुरस्कार विजेताओं में 34 ऐसे नायक भी हैं, जिनकी चर्चा बहुत कम है। इनमें भारत की पहली महिला महावत पर्बती बरूआ, जनजातीय पर्यावरण कार्यकर्ता चामी मुर्मु और सामाजिक कार्यकर्ता संगथंनकिमा शामिल हैं। पद्म पुरस्कार देश का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है। इसे तीन श्रेणियों - पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री नाम से प्रदान किया जाता है। ये पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक क्षेत्र, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा सहित विभिन्न विषयों-गतिविधियों में योगदान के लिए दिए जाते हैं।

पर्यटन मंत्रालय ने स्पेन के मैड्रिड में चल रही वैश्विक यात्रा प्रदर्शनी एफआईटीयूआर में भाग लिया

भारत सरकार का पर्यटन मंत्रालय 24 से 28 जनवरी 2024 तक स्पेन के मैड्रिड में चल रही महत्वपूर्ण वैश्विक यात्रा प्रदर्शनियों में से एक एफआईटीयूआर में भाग ले रहा है। केंद्र सरकार, राज्य सरकारों और निजी क्षेत्र के यात्रा हितधारकों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल इसमें शामिल हो रहा है। एफआईटीयूआर में भारत की भागीदारी एक महत्वपूर्ण कदम है जिसका उद्देश्य दुनिया के मुख्य पहचाने गए स्रोत बाजारों से इनबाउंड पर्यटन को कोविड महामारी से पहले वाले स्तर तक बढ़ाना है। एफआईटीयूआर में अतुल्य भारत मंडप का उद्घाटन 24 जनवरी को पंजाब सरकार में पर्यटन मंत्री सुश्री अनमोल गगन मान और पर्यटन मंत्रालय और राज्य सरकारों के अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में स्पेन में भारत के राजदूत महामहिम श्री दिनेश के. पटनायक द्वारा किया गया था।

गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी इंटरनेशनल फाइनेंनशियल सर्विसेज सेंटर-गिफ्ट आई एफ एस सी के अंतर्राष्‍ट्रीय एक्‍सचेंजों में प्रतिभूतियों को सीधे सूचीबद्ध करने की अनुमति

सरकार ने देश की सार्वजनिक कम्‍पनियों को गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी इंटरनेशनल फाइनेंनशियल सर्विसेज सेंटर-गिफ्ट आई एफ एस सी के अंतर्राष्‍ट्रीय एक्‍सचेंजों में प्रतिभूतियों को सीधे सूचीबद्ध करने की अनुमति दे दी है। वित्‍त मंत्रालय के अंतर्गत आर्थिक कार्य विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। मंत्रालय के अनुसार इस कदम से देश में विदेशी निवेश का प्रवाह बढेगा, वृद्धि के अवसर खुलेंगे तथा भारतीय कम्‍पनियों के लिए निवेशकों का आधार मजबूत होगा। मंत्रालय ने बताया है कि इस नीति से प्रौद्योगिकी क्षेत्र में काम कर रहे स्‍टार्टअप्‍स और कम्‍पनियों को बल मिलेगा तथा वैश्विक पूंजी के लिए घरेलू एक्‍सचेंजों के अलावा एक और विकल्‍प मिलेगा। मंत्रालय ने कहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय कम्‍पनियों के पास घरेलू मुद्रा में पूंजी जुटाने के लिए घरेलू बाजार तथा वैश्विक निवेशकों से विदेशी मुद्रा में पूंजी जुटाने के लिए आई एफ एस सी में अंतर्राष्‍ट्रीय बाजार दोनों तक पहुंच होगी।

रक्षा मंत्रालय ने भारतीय तट रक्षक के लिए मझगांव डॉक शिपबिल्‍डर्स लिमिटेड से 14 तेज गश्‍ती पोत के अनुबंध पर हस्‍ताक्षर किए

रक्षा मंत्रालय ने भारतीय तट रक्षक के लिए मझगांव डॉक शिपबिल्‍डर्स लिमिटेड के साथ 14 तेज गश्‍ती पोतों की खरीद संबंधी एक अनुबंध पर हस्‍ताक्षर किए हैं। इस अनुबंध की कीमत एक हजार करोड रुपये से अधिक है। इन गश्‍ती पोतों का डिजाइन और निर्माण देश में ही किया जाएगा। मझगांव डॉक शिपबिल्‍डर्स लिमिटेड यह पोत 63 महीने में सौंपेगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार इन पोतों में बहुउद्देशीय ड्रोन, पानी में किसी आपात स्थिति में बचाव के लिए विशेष उपकरण तथा संचालन में मदद के लिए आर्टिफिशीयल इंटेलिजेस से जुडी तकनीक उपलब्‍ध रहेगी। यह आधुनिक तेज गश्‍ती पोत नियंत्रण और टोह करने, तस्‍कर रोधी अभियानों तथा तलाश और बचाव अभियान में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव श्री शैलेश कुमार सिंह ने आज कृषि भवन में डे-एसआरएलएम का "सारथी" ऐप लॉन्च किया

ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव श्री शैलेश कुमार सिंह ने कृषि भवन में डे-एसआरएलएम का "सारथी" ऐप लॉन्च किया, जिसका उपयोग सबसे कमजोर लोगों के साथ काम करने की रणनीति के लिए एक राष्ट्रीय तकनीकी समाधान के रूप में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कैसे इससे सभी तक पहुंच और समावेशन को ग्रामीण विकास मंत्रालय की प्रमुख प्राथमिकताओं के रूप में देखते हुए यह सही दिशा में एक कदम है। सारथी ऐप को नज इंस्टीट्यूट के साथ साझेदारी में विकसित किया गया है और इसे तुरंत छह राज्यों में चालू किया जाएगा जहां डे-एसआरएलएम की इनोवेशन फंडिंग 24,000 सबसे कमजोर घरों के लिए विशेष परियोजनाएं चला रही है।

रक्षा मंत्री द्वारा प्रोजेक्ट वीर गाथा 3.0 के 'सुपर-100'विजेताओं को नई दिल्ली में सम्मानित किया गया

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान की उपस्थिति में 25 जनवरी, 2024 को नई दिल्ली में प्रोजेक्ट वीर गाथा 3.0 के 'सुपर-100'विजेताओं को सम्मानित किया। सभी 100 विजेताओं में से प्रत्येक को 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार, एक पदक और एक प्रमाण पत्र दिया गया। रक्षा मंत्री की सिफारिशों के आधार पर वीर गाथा 3.0 में पहले दो संस्करणों में 25 विजेताओं की तुलना में राष्ट्रीय स्तर पर 100 विजेताओं को मान्यता देने का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। वीर गाथा का तीसरा संस्करण 13 जुलाई से 30 सितंबर, 2023 के बीच आयोजित किया गया था, जिसमें पूरे भारत के 2.42 लाख विद्यालयों से रिकॉर्ड 1.36 करोड़ विद्यार्थियों ने निबंध, कविताओं, चित्रों और मल्टीमीडिया प्रस्तुतियों के रूप में अपनी प्रेरणादायक कहानियां साझा कीं। वीर गाथा 3.0 की उल्लेखनीय उपलब्धि का उदाहरण 'सुपर-100'में 65 छात्राओं का प्रभावशाली सामर्थ्य है। ओडिशा राज्य आठ छात्राओं के साथ शीर्ष पर रहा है, उसके बाद बिहार सात के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि जम्मू-कश्मीर तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र से मणिपुर की क्रमशः दो और पांच उल्लेखनीय छात्राएं विजेता रहीं। विशेष रूप से, विजेता रही प्रविष्टियां भाषाई विविधता को दर्शाती हैं, जिसमें हिंदी और अंग्रेजी के अलावा उर्दू, पंजाबी, गुजराती, असमिया, तमिल तथा मराठी शामिल हैं, जो भारत की सांस्कृतिक एवं भाषाई चित्रपट की समृद्धि को रेखांकित करती हैं।

अयोध्या आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए देश के अलग-अलग स्‍थानों से आस्था स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी

लखनऊ मंडल के रेल प्रबंधक-डीआरएम एसएम शर्मा ने कहा कि अयोध्या आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए देश के अलग-अलग स्‍थानों से आस्था स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि अयोध्या स्टेशन से 20 से अधिक ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर विशेष रेलवे टिकट काउंटर और कुली सेवाओं सहित कई सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी होने पर रेलवे अधिकारी भी उनकी सहायता के लिए आगे आ रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर ग्रामीण आजीविका मिशन गणतंत्र दिवस परेड, में 'विशेष अतिथि' के रूप में आमंत्रित

जम्मू-कश्मीर ग्रामीण आजीविका मिशन (जेकेआरएलएम) के अंतर्गत महिला स्वयं सहायता समूहों को 'उम्मीद' के नाम से जाना जाता है। नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर इन्‍हें गणतंत्र दिवस परेड, 2024 देखने के लिए "विशेष अतिथि" के रूप में आमंत्रित किया गया है। स्वयं सहायता समूह के नौ सदस्य गणतंत्र दिवस समारोह में भाग ले रहे हैं। गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के रूप में जेकेआरएलएम स्वयं सहायता समूहों की उपस्थिति न केवल उनकी उपलब्धियों को उजागर करती है, बल्कि उनके समर्पण और समावेशी विकास को चलाने और समाज के हाशिए पर रहने वाले वर्गों के उत्थान में समुदाय-संचालित पहल की क्षमता को भी प्रदर्शित करती है।

शीत युद्ध के बाद नाटो का सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास शुरू हुआ है

शीत युद्ध के बाद नैटो का सबसे बडा सैन्‍य अभ्‍यास शुरू हुआ है। 70 वर्षों से अधिक समय में यूरोपीय धरती पर यूक्रेन पर रूस के सबसे घातक युद्ध शुरू होने के बाद यह अभ्यास एक महत्वपूर्ण कदम है। नैटो के प्रवक्‍ता मैथियास आइचेनलाब ने कहा कि नैटो ने 1988 के बाद सबसे बडा सैन्‍य अभ्‍यास शुरू किया है। इसमें उत्‍तर एटलांटिक और यूरोप के नब्‍बे हजार सैनिक भागीदारी कर रहे हैं। यह अभ्‍यास नाटो की क्षेत्रीय योजनाओं के कार्यान्‍वयन का पूर्वाभ्‍यास है। दशकों बाद इस गठबंधन ने पहली रक्षा योजना की रूपरेखा तैयार की है। इसके तहत रूसी हमले के विरूद्ध गठबंधन की जवाबी कार्रवाई की विस्‍तृत योजना बनाई गई है। अमेरिका और नाटो के सहयोगी देश स्टिडफास्‍ट डिफेंडर 2024 अभ्‍यास में भागीदारी कर रहे हैं। यह अभ्‍यास मई महीने तक जारी रहेगा। इस अभ्‍यास में 133 टैंक और 533 इंफैंट्री लड़ाकू वाहन सहित विमान वाहक और विध्‍वंसक हथियारों वाले पचास पोत, 80 से अधिक लड़ाकू विमान, हेलि‍कॉप्‍टर और ड्रोन तथा कम से कम एक हजार एक सौ लड़ाकू वाहन शामिल होंगे।

BCCI पुरस्कार 2024

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पुरस्कार 23 जनवरी, 2024 को हैदराबाद में हुए। इस शानदार समारोह में घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय प्रारूपों में असाधारण भारतीय क्रिकेटरों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में सितारों से सजी अतिथि सूची और सम्मानित बोर्ड के दिग्गजों की उपस्थिति थी। क्रमशः 2022-23, 2021-22 और 2019-20 सीज़न में अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शन के लिए जसप्रीत बुमरा, शुबमन गिल और रविचंद्रन अश्विन ने पुरस्कारों में सुर्खियां बटोरीं। अश्विन ने भारत बनाम वेस्टइंडीज टेस्ट श्रृंखला में सर्वाधिक विकेट लिए और दूसरा पॉली उमरीगर पुरस्कार भी हासिल किया। महिला पुरस्कारों में पिछले 5 सीज़न में स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा के उत्कृष्ट प्रदर्शन को मान्यता दी गई। पुरस्कार विजेताओं की सूची में अंडर-19 खिलाड़ी, भारत के दिग्गज और घरेलू सर्किट सितारे शामिल हैं। पूर्व कप्तान और कोच रवि शास्त्री और पूर्व भारतीय विकेटकीपर फारुख इंजीनियर को प्रतिष्ठित कर्नल सी.के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भारतीय क्रिकेट के लिए उनकी विशिष्ट सेवाओं पर प्रकाश डाला गया। टीम की मानसिकता को बदलने और हाल की विदेशी उपलब्धियों को आकार देने में शास्त्री की भूमिका को भरपूर सराहना मिली।

राष्ट्रीय पर्यटन दिवस : 25 जनवरी

हर साल 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस मनाया जाता है। यह दिन पर्यटन क्षेत्र के विकास पहलुओं के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए मनाया जाता है। साथ ही, इस दिन का उद्देश्य देश के आर्थिक विकास पर पर्यटन क्षेत्र के प्रभाव को फैलाना है। भारत में पर्यटन क्षेत्र को पहली बार 1948 में पेश किया गया था। 1948 में एक पर्यटन समिति का गठन किया गया था। बाद में 1958 में, पर्यटन और संचार मंत्रालय के तहत एक अलग पर्यटन विभाग बनाया गया था। थॉमस कुक वह एक अंग्रेजी अन्वेषक थे जिन्होंने एक विश्व प्रसिद्ध ट्रैवल एजेंसी थॉमस कुक एंड सन की स्थापना की थी। वह आधुनिक पर्यटन के आविष्कारक हैं।

हिमाचल प्रदेश पूर्ण राज्यत्व दिवस : 25 जनवरी

25 जनवरी को हिमाचल प्रदेश पूर्ण राज्यत्व दिवस के रूप में मनाया जाता है, हिमाचल प्रदेश को 25 जनवरी, 1971 को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया गया था। स्वतंत्रता के बाद 15 अप्रैल, 1948 को हिमाचल प्रदेश का गठन मुख्य आयुक्त के प्रांत के रूप में किया गया था। बाद में 25 जनवरी, 1950 को हिमाचल को “ग” श्रेणी का राज्य बनाया गया। तत्पश्चात 1 नवम्बर, 1956 को हिमाचल प्रदेश को केंद्र शासित प्रदेश घोषित किया गया। 1966 में पंजाब के पहाड़ी क्षेत्रों को हिमाचल प्रदेश में शामिल किया गया। 18 दिसम्बर, 1970 को संसद ने हिमाचल प्रदेश अधिनियम पारित किया तथा 25 जनवरी, 1971 को हिमाचल प्रदेश पूर्ण राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। हिमाचल प्रदेश भारत का 18वां राज्य था।

देशभर में 14वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस 'वोटिंग जैसा कुछ नहीं, मैं ज़रूर वोट करता हूं' विषय के साथ मनाया गया

14वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूरे देश में मनाया गया और राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं। केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल, इस अवसर पर सम्मानित अतिथि थे। 2024 के संसदीय चुनावों के आलोक में भारत के चुनाव आयोग की राष्ट्र की सेवा के 75वें वर्ष का जश्न मनाने के लिए "समावेशी चुनाव"विषय पर एक स्मारक डाक टिकट जारी किया गया था। मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रसिद्ध फिल्म निर्माता श्री राज कुमार हिरानी के सहयोग से निर्मित एक लघु फिल्म - 'माई वोट माई ड्यूटी' भी जारी की गई। लघु फिल्म में कई मशहूर हस्तियों को लोकतंत्र की भावना और एक वोट की शक्ति को जगाने के लिए उनके संदेशों के साथ दिखाया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस (25 जनवरी 1950) को चिह्नित करने के लिए पूरे देश में हर वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उत्सव का मुख्य उद्देश्य नागरिकों के बीच चुनावी जागरूकता पैदा करना और उन्हें चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस वर्ष की मतदाता दिवस का विषय 'वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम' रहा।

भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री हरिशंकर भाभड़ा का निधन

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दिग्गज नेता और राजस्थान के पूर्व उप-मुख्यमंत्री हरिशंकर भाभड़ा का जयपुर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 96 वर्ष के थे। भाभड़ा 1990 से 1994 तक विधानसभा अध्यक्ष और 1994 से 1998 तक प्रदेश से उप मुख्यमंत्री रहे। पूर्व उप मुख्यमंत्री के निधन पर राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शोक जताया है।

Start Quiz! PRINT PDF

« Previous Next Affairs »

Notes

Notes on many subjects with example and facts.

Notes

QUESTION

Find Question on this Topic and many other subjects

Learn More

Test Series

Here You can find previous year question paper and mock test for practice.

Test Series

Download

Here you can download Current Affairs Question PDF.

Download

Join

Join a family of Rajasthangyan on


Contact Us Contribute About Write Us Privacy Policy About Copyright

© 2024 RajasthanGyan All Rights Reserved.