Please select date to view old current affairs.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जयपुर महाखेल समारोह के समापन पर आयोजित समारोह को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए कोई भी कार्य असंभव नहीं है। जब युवकों को आत्मसम्मान, शक्ति, आत्मनिर्भरता, सुविधाओं और संसाधनों की शक्ति मिल जाती है, तो हर मंजिल उनके लिए आसान हो जाती है। उन्होंने बताया कि देश का खेल बजट वर्ष 2014 से तीन गुणा बढ़ा दिया गया है। जयपुर ग्रामीण से लोकसभा सांसद श्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ 2017 से जयपुर महाखेल का आयोजन कर रहे हैं। इस वर्ष कबड्डी प्रतियोगिता पर विशेष ध्यान देते हुए, यह महाखेल आयोजन राष्ट्रीय युवा दिवस यानि 12 जनवरी 2023 को शुरू हुआ। इस महाखेल में जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के 450 से अधिक ग्राम पंचायतों, नगर पालिकाओं तथा सभी 8 विधानसभा क्षेत्रों के वार्डों के 6400 से अधिक युवाओं और खिलाड़ियों की भागीदारी हुई है। यह आयोजन जयपुर के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करता है और उन्हें खेल को करियर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित भी करता है।
मोटा अनाज के निर्यात को बढ़ावा देने के हिस्से के रूप में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में निर्यात के अवसरों का पूर्ण लाभ उठाने के लिये एक वर्चुअल-क्रेता-विक्रेता बैठक का आयोजन किया। APEDA ने दक्षिण अफ्रीका, जापान, दक्षिण कोरिया, इंडोनेशिया, सऊदी अरब, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम तथा संयुक्त राष्ट्र में मोटा अनाज के प्रचार करने की भी योजना बनाई है। भारत के प्रमुख मोटा अनाज निर्यातक देश UAE, नेपाल, साऊदी अरब, लीबिया, ओमान, मिस्र, ट्यूनीशिया, यमन, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राष्ट्र हैं जिनमें प्रमुख किस्मों के अंतर्गत बाजरा, रागी, कैनरी, ज्वार और बकवीट हैं।
हाल ही में याया त्सो झील को चुमाथांग गाँव की पंचायत जैवविविधता प्रबंधन समिति ने सिक्योर हिमालय परियोजना (The SECURE Himalaya Project) के साथ मिलकर जैवविविधता अधिनियम के तहत लद्दाख का पहला जैवविविधता विरासत स्थल घोषित किया। यह झील लद्दाख में 4,820 मीटर की ऊँचाई पर स्थित अपनी खूबसूरती के साथ पक्षियों के लिये स्वर्ग के रूप में जानी जाती है। यह बड़ी संख्या में बार-हेडेड गूज, काली गर्दन वाली क्रेन और ब्राह्मणी बत्तख जैसे पक्षियों तथा जानवरों का आवास है। यह भारत में काली गर्दन वाले क्रेन के उच्चतम प्रजनन स्थलों में से एक है। सिक्योर हिमालय परियोजना भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की योजना है जिसे संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) के सहयोग से वर्ष 2017 में प्रारंभ किया गया था। यह एक 6 वर्षीय परियोजना है तथा वर्ष 2023 तक कार्यरत रहेगी। यह हिमालयी पारिस्थितिक तंत्र के लिये एक क्षेत्र-आधारित दृष्टिकोण विकसित और कार्यान्वित करके हिम तेंदुए एवं उसके आवास के संरक्षण हेतु सरकार के प्रयासों का समर्थन करती है। इसके अंतर्गत वन, भूमि, मृदा, जैवविविधता तथा भूमि संरक्षण को भी शामिल किया गया है। इस परियोजना के अंतर्गत 4 हिमालयी राज्य जम्मू-कश्मीर (अब केंद्रशासित प्रदेश), हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और सिक्किम आते हैं।
एशिया का सबसे बड़ा और 14वां एयरो शो- ‘एयरो इंडिया-2023’ बेंगलुरु में 13 फरवरी 2023 से शुरू होने जा रहा है। यह शो 17 फरवरी 2023 तक होगा। एयर इंडिया शो में वैश्विक स्तर की रक्षा कंपनियां अपने रक्षा उपकरणों का प्रदर्शन करती हैं। इसमें भारतीय रक्षा कंपनियां भी शामिल होती हैं। शो में एयरोस्पेस क्षेत्र में होने वाले बदलाव व विकास को प्रदर्शित किया जाता है। LCA तेजस एयरो इंडिया शो के 14वें संस्करण में ‘इंडिया पवेलियन’ का मुख्य आकर्षण होगा। यह आयोजन बेंगलुरु (कर्नाटक) के येलहंका वायु सेना स्टेशन पर होगा। कर्नाटक के येलहंका स्थित वायु सेना स्टेशन के लगभग 35 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में यह अब तक का सबसे बड़ा एयरो शो होगा। पांच दिवसीय प्रदर्शनी की थीम ‘द रनवे टू ए बिलियन अपॉर्चुनिटीज’ रखी गई है।
ब्रुनेल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एंड्रयू जोन्स की भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) की यात्रा पर आए थे। इस दौरान दीर्घकालिक शोध और शैक्षिक उद्देश्य को बल प्रदान करने हेतु ब्रुनेल-आईआईएससी अन्तराष्ट्रीय सहयोग कार्यक्रम की शुरुवात की गयी। भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु और ब्रुनेल यूनिवर्सिटी, लंदन, ने दहन, उत्पादन, डिजाइन और ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं के लिए यह सहयोग कार्यक्रम शुरू किया है। कार्यक्रम का प्रारम्भ एक करोड़ रुपये के अनुदान से हुआ है। जिसमें जुलाई 2023 के अंत तक चलने वाली बहुत सी लघु एवं संयुक्त ‘सीड’ अनुसंधान परियोजनाओं का समर्थन किया जा रहा है।
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 223 द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए, राष्ट्रपति ने दिनांक 04.02.2023 की अधिसूचना द्वारा, राजस्थान, पटना और मणिपुर के उच्च न्यायालयों के निम्नलिखित वरिष्ठतम न्यायाधीशों को सम्बंधित उच्च न्यायालयों के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया है -
हाल ही में केंद्रीय बजट 2023 की प्रस्तुति के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री ने घोषणा की कि हैदराबाद में भारतीय कदन्न अनुसंधान संस्थान (IIMR) 'श्री अन्न' अर्थात् कदन्न पर शोध करने के लिये उत्कृष्टता केंद्र (CoE) के रूप में कार्य करेगा। इसका उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत को कदन्न के लिये एक वैश्विक केंद्र बनाना होगा। खाद्य और कृषि संगठन के अनुसार, भारत वर्ष 2020 में 41% की हिस्सेदारी के साथ दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक और कई प्रकार के 'श्री अन्न' (कदन्न) का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक है। राजस्थान, कर्नाटक, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश इसके प्रमुख उत्पादक हैं। जैसा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) द्वारा वर्ष 2023 को 'अंतर्राष्ट्रीय कदन्न वर्ष' घोषित किया गया है। पिछले 5-6 वर्षों में देश में कदन्न आधारित उत्पादों के प्रति रुचि और खपत में वृद्धि के पीछे IIMR को मुख्य चालक माना जाता है।
बांग्लादेश को मार्च के दूसरे सप्ताह से झारखंड के गोड्डा बिजली संयंत्र से बिजली की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। बांग्लादेश के ऊर्जा राज्य मंत्री नसरूल हमीद ने यह जानकारी दी। श्री हमीद ने बताया कि मार्च महीने से गोड्डा स्थित अडाणी ऊर्जा संयंत्र की पहली इकाई से 750 मेगावॉट बिजली उपलब्ध कराई जाएगी और अप्रैल से 750 मेगावॉट बिजली संयंत्र की दूसरी इकाई से उपलब्ध होगी। बांग्लादेश ऊर्जा विकास बोर्ड ने झारखंड स्थित गोड्डा बिजली संयंत्र से बिजली आयात करने के लिए आडाणी ग्रुप के साथ समझौता किया है।
रेलवे 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' योजना के तहत 28 फरवरी से भारत गौरव डीलक्स वातानुकूलित पर्यटक रेलगाड़ी शुरू कर रहा है। यह 'गरवी गुजरात' रेलयात्रा दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन से शुरू होगी। आठ दिन की इस यात्रा में गुजरात की विरासत देखने का अवसर मिलेगा। अत्याधुनिक सुविधायुक्त इस रेलगाड़ी में प्रथम श्रेणी के चार और द्वितीय श्रेणी के दो एसी कोच हैं। इसमें दो भोजनयान और दो रेस्टोरेंट भी होंगे। इस रेलगाड़ी में डेढ़ सौ पर्यटक यात्रा कर सकेंगे। यात्रा के दौरान पर्यटकों को गुजरात के प्रमुख तीर्थ-स्थलों और विरासतों को देखेने का मौक़ा मिलेगा। इनमें स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, चम्पानेर, सोमनाथ, द्वारका, नागेश्वर, बेट द्वारका, अहमदाबाद, मोढेरा और पाटन शामिल हैं।
शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शीर्ष लेखापरीक्षा संस्थानों की छठी बैठक लखनऊ में शुरू हो रही है। भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक-सीएजी इसकी मेज़बानी करेंगे। इसमें संगठन के आठ सदस्य देशों के शिष्टमंडल के साथ-साथ भारत, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान, किर्गिजिस्तान और उज्बेकिस्तान के लेखापरीक्षा प्रमुख भाग लेंगे। भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक गिरीशचंद्र मुर्मू, बैठक के मुख्य विषय- लेखा परीक्षण में उभरती तकनीकों के उपयोग पर विचार-विमर्श करेंगे। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बैठक का उद्घाटन करेंगी।
भारत ने हाल ही में केन्या को 100 समुद्री चार्ट सौंपे, जो लामू द्वीपसमूह के निकट तटीय क्षेत्र के दोनों देशों की नौसेनाओं के मध्य एक सहयोगी सर्वेक्षण का परिणाम है। यह सर्वेक्षण भारतीय नौसेना के राष्ट्रीय जल सर्वेक्षण कार्यालय द्वारा आयोजित किया गया था। केन्या पूर्वी अफ्रीका में स्थित है। इसका भू-भाग हिंद महासागर के निचले तटीय मैदान से लेकर इसके केंद्र में पहाड़ों और पठारों तक फैला हुआ है। हिंद महासागर और विक्टोरिया झील के मध्य केन्या की अविस्थिति का मतलब है कि पूरे अफ्रीका और मध्य पूर्व के लोग सदियों से यात्रा और व्यापार करते रहे हैं। इसने कई जातीय समूहों और भाषाओं के साथ एक विविध संस्कृति का निर्माण किया है। वैज्ञानिकों का मानना है कि उत्तरी केन्या और तंजानिया शायद इंसानों के मूल जन्मस्थान रहे होंगे। अब तक पाए गए सबसे पुराने मानव पूर्वजों में से एक की हड्डियाँ केन्या के तुर्काना बेसिन में खोजी गई थीं। तुर्काना झील, विश्व की सबसे बड़ी रेगिस्तानी झील, ओमो-तुरकाना बेसिन का हिस्सा है, जो चार देशों- इथियोपिया, केन्या, दक्षिण सूडान और युगांडा में फैली हुई है।
हाल ही में जीवाश्म विज्ञानियों ने प्राचीन 'समुद्री मगरमच्छ टर्नरसुचस हिंगलेये' के जीवाश्मों की खोज की है। जो अपनी तरह का अब तक का सबसे पुराना जीवाश्म हो सकता है। टेलर एंड फ्राँसिस द्वारा प्रकाशित एक हालिया अध्ययन के अनुसार, यूनाइटेड किंगडम में जुरासिक तट पर पाए गए जीवाश्मों में टर्नरसुचस हिंगलेये के सिर, रीढ़ की हड्डी जैसे अंगों का हिस्सा शामिल है। इसकी उम्र लगभग 185 मिलियन वर्ष पहले के प्रारंभिक जुरासिक, प्लिन्सबैचियन काल (Jurassic, Pliensbachian period) की मानी गई है। अपेक्षाकृत लंबे, पतले मुँह (Snouts) के कारण संभावना है कि वे वर्तमान में मौजूद घड़ियाल मगरमच्छों के समान दिखते रहे होंगे। घड़ियाल मगरमच्छ आमतौर पर उत्तरी भारत की प्रमुख नदी प्रणालियों में पाए जाते हैं। हालाँकि शोधकर्त्ताओं के अनुसार, थालाटोसुचियंस (Thalattosuchians) की खोपड़ी घड़ियाल मगरमच्छों के समान दिखती थी, लेकिन उनकी उत्पत्ति अलग तरीके हुई थी।
'ऑपरेशन सद्भावना' द्वारा लद्दाख के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों के लिये भारतीय सेना कई कल्याणकारी गतिविधियाँ चला रही है, जैसे कि आर्मी गुडविल स्कूल, इन्फ्रा-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स, एजुकेशन टूर आदि। भारतीय सेना वर्तमान में लद्दाख क्षेत्र में 'ऑपरेशन सद्भावना' के तहत 7 आर्मी गुडविल स्कूल चला रही है। इन स्कूलों में वर्तमान में 2,200 से अधिक छात्र पढ़ रहे हैं। इस पहल के माध्यम से (वित्त वर्ष 22-23 में) लद्दाख में विभिन्न दूरदराज़ के स्थानों पर चिकित्सा शिविर, पशु चिकित्सा शिविर, चिकित्सा उपकरण, चिकित्सीय बुनियादी ढाँचे का उन्नयन के साथ चिकित्सा सहायता केंद्रों को स्टाफ भी प्रदान किये गए हैं। लद्दाख के दूरदराज़ के क्षेत्रों में महिलाओं को ऑपरेशन सद्भावना के माध्यम से वित्तपोषित व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्रों, महिला सशक्तीकरण केंद्रों और कंप्यूटर केंद्रों में भी शामिल किया जा रहा है।ऑपरेशन सद्भावना भारतीय सेना द्वारा शुरू की गई एक अनूठी मानवीय पहल है और आतंकवाद से प्रभावित लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने हेतु 1990 के दशक में तत्कालीन जम्मू-कश्मीर राज्य में इसे औपचारिक रूप प्रदान किया गया था।
खाद्य और कृषि संगठन (FAO) के अनुसार, विश्व खाद्य कीमतों में जनवरी 2023 में लगातार 10वें महीने गिरावट आई है। FAO खाद्य मूल्य सूचकांक, जो विश्व स्तर पर सबसे अधिक कारोबार वाली खाद्य वस्तुओं को ट्रैक करता है, जनवरी 2023 में औसतन 131.2 अंक रहा (जबकि दिसंबर 2023 में यह 132.2 अंक था) जो सितंबर 2021 के बाद से सबसे कम है। अलग-अलग अनाज आपूर्ति और मांग अनुमानों में FAO ने वर्ष 2022 में वैश्विक अनाज उत्पादन हेतु अपने पूर्वानुमान को 2.756 बिलियन टन से बढ़ाकर 2.765 बिलियन टन कर दिया। अंतर्राष्ट्रीय गेहूँ की कीमतों में 2.5% की गिरावट आई क्योंकि ऑस्ट्रेलिया एवं रूस में उत्पादन उम्मीद से अधिक हुआ। FAO संयुक्त राष्ट्र की एक विशेष एजेंसी है जो भूख को मिटाने के अंतर्राष्ट्रीय प्रयासों का नेतृत्त्व करती है। यह रोम (इटली) में स्थित संयुक्त राष्ट्र खाद्य सहायता संगठनों में से एक है। इसकी सहयोगी संस्थाएँ विश्व खाद्य कार्यक्रम और कृषि विकास के लिये अंतर्राष्ट्रीय कोष (IFAD) हैं।
हाल ही में टाम्परे विश्वविद्यालय के शोधकर्त्ताओं ने सिंहपर्णी बीज (Dandelion Seed) से प्रेरित एक छोटा उड़ने वाला रोबोट विकसित किया है, जो वायु से संचालित होता है तथा प्रकाश का उपयोग करके इसे नियंत्रित किया जा सकता है। यह संभावित रूप से परागणकों की जगह ले सकता है। लाइट रेस्पॉन्सिव मैटेरियल्स असेंबली (Light Responsive Materials Assembly) पर आधारित यह फेरी रोबोट (FAIRY Robot) वायु में उड़ने वाला एक छोटा व हल्का रोबोट है। रोबोट को लेज़र बीम या एलईडी जैसे प्रकाश स्रोत से नियंत्रित किया जा सकता है यानी शोधकर्त्ता रोबोट के आकार को परिवर्तित करने के लिये प्रकाश का उपयोग कर सकते हैं, जिससे वह हवा की दिशा के अनुकूल हो सके। इस लाइट बीम का उपयोग टेक-ऑफ और लैंडिंग को नियंत्रित करने के लिये भी किया जा सकता है। सिंहपर्णी बीजों से प्रेरित पॉलिमर असेंबली रोबोट प्रकाश-नियंत्रित तरल क्रिस्टलीय इलास्टोमर से बने नरम प्रवर्तक (Actuator) से लैस है। परिणामस्वरूप शोधकर्त्ता दृश्य प्रकाश का उपयोग करके प्रवर्तक के ब्रिसल्स (Actuator's Bristles) को खोलने या बंद करने में सक्षम हैं। यह रोबोट के यथार्थवादी अनुप्रयोग की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है, जो परागणकों (Pollinators) के रूप में कार्य कर सकता है।
भारत ने श्रीलंका को स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर 50 और बसों की आपूर्ति की है। श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त गोपाल बागले ने श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को ये बसें सौंपी। श्रीलंका ने 4 फरवरी को अपनी स्वतंत्रता की प्लैटिनम जयंती मनाई थी। व्यावसायिक वाहन निर्माता अशोक लीलैंड को श्रीलंका परिवहन बोर्ड से 500 बसों की आपूर्ति का अनुबंध मिला है। इनमें से 75 बसें इस वर्ष पहले ही श्रीलंका को सौंपी जा चुकी है। इन बसों के लिए भारतीय आयात-निर्यात बैंक ऋण उपलब्ध करा रहा है। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद 4 फरवरी 1948 को श्रीलंका को पूर्ण स्वतंत्रता मिली।
हाल ही में हिंदू समूह ने अपने विभिन्न उत्पादों और सेवाओं के लिये वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ न्यूज़ पब्लिशर्स (WAN-IFRA) डिजिटल मीडिया दक्षिण एशिया अवार्ड्स 2022 में चार पुरस्कार जीते हैं। यह दक्षिण एशिया के लिये डिजिटल मीडिया पुरस्कारों का छठा संस्करण था। WAN-IFRA वर्ल्डस प्रेस का वैश्विक संगठन है। इसका उद्देश्य स्वतंत्र मीडिया संचालन के लिये विश्व भर के पत्रकारों और प्रकाशकों के अधिकारों की रक्षा करना है। साथ ही डिजिटल विश्व में नवाचार और समृद्धि के लिये विशेषज्ञता वाले सदस्य और सेवाएँ प्रदान करना तथा समाज के लिये महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा करना है।
गुजरात पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी लिमिटेड द्वारा माधवेंद्र सिंह को गुजरात मैरीटाइम क्लस्टर का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। गुजरात मैरीटाइम क्लस्टर (जीएमसी) देश में अपनी तरह का पहला कमर्शियल मैरीटाइम क्लस्टर है, जिसका उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय मानकों की समुद्री सेवाओं के लिए एक केंद्र बनाना है।
महाराष्ट्र की एकनाथ सरकार ने हाल ही में राज्य का अपना गीत तय कर दिया। इस गीत के बोल हैं ‘जय जय महाराष्ट्र माझा।’ इस गीत को राज्य गीत के रूप में मान्यता दे दी। इसको औपचारिक रूप से 19 फरवरी को मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर अपनाया जाएगा। इसका फैसला कैबिनेट की बैठक में लिया गया। राज्य गीत के रूप में मान्यता पाने जा रहे प्रतिष्ठित गीतों में से एक, ‘जय जय महाराष्ट्र माझा, गरजा महाराष्ट्र माझा’ का अर्थ है ‘महाराष्ट्र की जय’। इस गीत को राजा बधे द्वारा लिखा गया था और शाहीर साबले के नाम से लोकप्रिय बालादीर कृष्णराव साबले द्वारा गाया गया था।
अडानी समूह को अमेरिकी शेयर बाजार से झटका लगा है। अडानी समूह की फ्लैगशिप कंपनी अडानी इंटरप्राइजेज को डाओ जोंस सस्टेनबिलिटी इंडेक्स से हटाने का फैसला लिया गया है। 7 फरवरी 2023 से अडानी इंटरप्राइजेज इस इंडेक्स में ट्रेड नहीं करेगा। अमेरिकी शेयर बाजार ने अपने इंडेक्स में इस बदलाव किए जाने की जानकारी दी है। इससे पहले नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने अडानी ग्रुप की 3 कंपनियों को एडिशनल सर्विलांस मार्जिन फ्रेमवर्क (ASM) यानि एएसएम में डालने का फैसला लिया था। अडानी समूह की इन 3 कंपनियों में अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises), अडानी पोर्ट (Adani Port) और अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) को शामिल किया गया है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का इस्लाम नगर गांव अब जगदीशपुर कहलाएगा। इस संबंध में हाल ही में राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है। इसमें कहा गया कि इस्लाम नगर गांव का नाम बदलकर जगदीशपुर कर दिया गया है। स्थानीय लोग इस्लाम नगर गांव का नाम बदलने की लंबे समय से मांग कर रहे थे। इसके कारण भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा था।
देवघर मार्ट स्थानीय कला और शिल्प बेचने वाली एक ई-कॉमर्स वेबसाइट है। इसे श्री मंजूनाथ भंजंत्री (Manjunath Bhanjantri) द्वारा लॉन्च किया गया था। वह मूल रूप से बांस कारीगर समुदाय से हैं। उनके गांव में 34 से अधिक विभिन्न कारीगर परिवार हैं। मंजूनाथ ने अपने सामुदायिक कौशल को देवघर मार्ट के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया है। देवघर, झारखंड का एक महत्वपूर्ण शहर है। बैद्यनाथ मंदिर, 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक, यहाँ पर स्थित है। शहर को आमतौर पर इसकी विविधता के लिए झारखंड की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में जाना जाता है।
भारतीय उपभोक्ता लगातार शिकायत कर रहे हैं कि सर्विस प्रोवाइडर इंटरनेट स्पीड को लेकर झूठे वादे कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर उपभोक्ताओं, नियामकों और सेवा प्रदाताओं के बीच लगातार संघर्ष मौजूद था। इस मुद्दे को हल करने के लिए, भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण नियमों में बदलाव कर रहा है। हाल ही में ब्रॉडबैंड की परिभाषा बदली गई। नई परिभाषा के मुताबिक इंटरनेट की डाउनलोड स्पीड कम से कम 2 Mbps होनी चाहिए। यह विकसित देशों से काफी पीछे है। उदाहरण के लिए, अमेरिका में यह 25 Mbps है। कनाडा में, यह 50 Mbps है।
निसार (NISAR) एक पृथ्वी-अवलोकन उपग्रह है जिसे 2024 में लॉन्च करने की योजना है। इसका अर्थ NASA-ISRO Synthetic Aperture Radar है। SAR भू-दृश्यों का द्वि-आयामी और त्रि-आयामी पुनर्निर्माण बनाता है। NISAR को NASA और ISRO द्वारा संयुक्त रूप से विकसित किया गया है। हाल ही में, कैलिफ़ोर्निया में स्थित NASA की जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी से NISAR को भारत भेजा गया है। निसार तीन साल का मिशन है। NISAR उपग्रह का एक हिस्सा अमेरिका की धरती पर विकसित किया गया है। इस आंशिक पेलोड को अब कैलिफोर्निया में JPL से बेंगलुरु में भारत के यू.आर. राव उपग्रह केंद्र में ले जाया जा रहा है।
हाल ही में द नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट ने ‘लिज़्ट इंस्टीट्यूट’, हंगेरियन कल्चरल सेंटर, नई दिल्ली (Liszt Institute, Hungarian Cultural Centre, New Delhi) के सहयोग से भारतीय मूल की चित्रकार अमृता शेरगिल की 110वीं जयंती मनाई। अमृता एक भारतीय-हंगेरियन चित्रकार (Indian-Hungarian painter) और अग्रणी महिला कलाकारों में से एक थीं। शेरगिल की 110वीं जयंती पर उनकी स्मृति में वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत 8 फरवरी से ‘इंडिया इंटरनेशनल सेंटर’ में उनसे प्रेरित 20 कृतियों की कला प्रदर्शनी के साथ होगी। इसका उद्देश्य अमृता शेरगिल के जीवन और कार्य पर हंगरी में गुज़रे उनके बचपन के प्रभाव और हंगरी तथा भारत के बीच सबसे मज़बूत कड़ी की अल्पावधि लेकिन बेहद समृद्ध और रचनात्मक जीवन का जश्न मनाना है। उन्होंने वर्ष 1939 के दौरान भारत में व्यापक यात्रा की, जिसने उनकी कलाकृतियों में अभिव्यक्ति- शैली, चित्रांकन एवं रचना पर एक मज़बूत प्रभाव डाला। अमृता शेरगिल का जन्म 30 जनवरी, 1913 को हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में हुआ था। उनके सिख पिता उमराव सिंह शेरगिल संस्कृत-फारसी के विद्वान थे। उनकी माँ एंटोनी गोट्समन हंगरी मूल की यहूदी ओपेरा गायिका थीं। अमृता में बचपन से ही कला, संगीत व अभिनय के प्रति जुनून था। उन्होंने इटली स्थित फ्लोरेंस के सांता अनुंजियाता आर्ट स्कूल से पेटिंग का कोर्स किया था। हालाँकि उनकी कला-शिक्षा पेरिस से हुई थी, फिर भी उन्होंने भारत की कलात्मक परंपराओं की खोज की।
पाकिस्तान के सैन्य तानाशाह और पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ का लंबी बीमारी के बाद दुबई के एक अस्पताल में निधन हो गया है। वे उनासी (79) वर्ष के थे। जनरल मुशर्रफ वर्ष 2001 से 2008 तक पाकिस्तान के राष्ट्रपति रहे। उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो और लाल मस्जिद के मौलवी की हत्या के मामलों में भगोड़ा घोषित किया गया था। जनरल मुशर्रफ वर्ष 2016 से दुबई में रह रहे थे। वर्ष 2007 में संविधान को निलंबित रखने के लिए उन पर राजद्रोह का मामला चल रहा था। जनरल मुशर्रफ मार्च 2016 में इलाज कराने के लिए दुबई गए थे और उसके बाद पाकिस्तान नहीं लौटे। जनरल मुशर्रफ का जन्म 11 अगस्त 1943 को दिल्ली में हुआ था।
© 2023 RajasthanGyan All Rights Reserved.