Please select date to view old current affairs.
उच्चतम न्यायालय ने इच्छामृत्यु के बारे में अपने 2018 के आदेश में संशोधन किया है। न्यायालय ने मरणासन्न रोगियों से लाइफ सपोर्ट हटाने की प्रक्रिया को रोगियों, उनके परिवारों और डॉक्टरों के लिए कम बोझिल बनाने का प्रावधान किया है। उच्चतम न्यायालय ने उस शर्त को हटा दिया जिसमें एक गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति को लाइफ स्पोर्ट से हटाने के लिए मजिस्ट्रेट की स्वीकृति अनिवार्य थी। न्यायमूर्ति के.एम. जोसेफ की अध्यक्षता वाली पांच-न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने कहा कि दस्तावेज़ पर अब “लिविंग विल” पर दो साक्ष्यों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए जाएंगे। पीठ ने यह भी कहा कि गवाह और नोटरी इस बात की तसल्ली करेंगे कि दस्तावेज़ को स्वेच्छा से और बिना किसी दबाव या प्रलोभन या मजबूरी के और सभी की पूरी समझ के साथ निष्पादित किया गया है। अग्रिम निर्देश के रूप में लिविंग विल एक कानूनी दस्तावेज है जो एक व्यक्ति अपनी इच्छाओं को व्यक्त करने में असमर्थ होने की स्थिति में करना चाहता है या नहीं करना चाहता है। इच्छामृत्यु, दर्द या पीड़ा खत्म करने के लिए जानबूझकर किसी व्यक्ति का जीवन समाप्त करने की प्रक्रिया है।
राष्ट्रीय बालिका दिवस और सर्वाइकल कैंसर जागरूकता माह के अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश की पहली मेड इन इंडिया सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन ‘सर्ववैक’ को लॉन्च कर दिया है। महिलाओं को अपनी चपेट में लेने वाला सर्वाइकल कैंसर दूसरी सबसे घातक बीमारी है। सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन ‘सर्ववैक’ सीरम इंस्टीट्यूट, डिपार्टमेंट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी (DBT), बायोटेक्नोलॉजी इंडस्ट्री रिसर्च असिस्टेंस काउंसिल (BIRAC) और बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के बीच सहयोग से बनाई गई है। इस वैक्सीन के उत्पादन में कंपनी को करीब छह से सात साल का समय लगा है। सीरम इंस्टीट्यूट को भारतीय औषधि महानियंत्रक (DCGI) से वर्ष 2022 में सर्वाइकल कैंसर का टीका विकसित करने के लिए बाजार प्राधिकरण प्राप्त हुआ था।
निर्वाचन आयोग द्वारा नई दिल्ली में मानकशा केन्द्र में आयोजित 13वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्ष 2022 के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग को मतदाता जागरूकता में उल्लेखनीय योगदान के लिए मीडिया श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। आकाशवाणी समाचार की महानिदेशक डॉ. वसुधा गुप्ता ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। राष्ट्रीय मतदाता दिवस का इस वर्ष का विषय है- ‘Nothing Like Voting, I Vote For Sure’.
भारतीय सेना ने अगली परिवर्तनकारी छलांग लगाते हुए विशेष परिस्थितियों में तैनाती के लिए हाईटेक सामान जेटपैक सूट और रोबोट खच्चर खरीदने का फैसला किया है। इसके लिए सेना ने इमरजेंसी पॉवर के तहत मिले पैसों को खर्च करने का निर्णय लिया है। भारतीय सेना ने अपनी सूची में हाईटेक उपकरण शामिल करने के लिए 100 रोबोटिक खच्चर और 48 जेट पैक सूट खरीदने के लिए टेंडर जारी किया है। जानकारी के मुताबिक, जहां रोबोटिक खच्चर के दम पर सैनिक ज्यादा भार उठा सकेंगे तो वहीं, जेट पैक सूट्स के दम पर वो 50 किमी की रफ्तार से दौड़ भी लगा सकते हैं। इससे भारतीय सैनिकों की मोबिलिटी में जबरदस्त इजाफा होगा।
गणतंत्र दिवस समारोह के अन्तर्गत 26 जनवरी से 31 जनवरी तक दिल्ली के लाल किले में छह दिवसीय मेगा इवेंट भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने बताया है कि इस दौरान गणतंत्र दिवस परेड की कुछ बेहतरीन झांकियां दिखाई जाएंगी। इसके अलावा क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों के साथ-साथ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सांस्कृतिक मंडलों द्वारा सांस्कृतिक प्रदर्शन, 65 हस्तकला स्टाल के साथ एक अखिल भारतीय फूड कोर्ट और शिल्प बाजार का भी आयोजन किया जाएगा। दो साल के अंतराल के बाद लाल किले के सामने प्रत्यक्ष रूप से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान देखो अपना देश, एक भारत श्रेष्ठ भारत, जी-20 और मिशन लाइफ की ब्रांडिंग और प्रचार भी किया जाएगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 43 लोगों को जीवन रक्षा पदक श्रृंखला पुरस्कार – 2022 प्रदान करने की स्वीकृति दी है। इनमें से 7 लोगों को सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक, 8 लोगों को उत्तम जीवन रक्षा पदक और 28 व्यक्तियों को जीवन रक्षा पदक दिया जाएगा। चार व्यक्तियों को मरणोपरांत सम्मानित किया जा रहा है। गृह मंत्रालय ने बताया है कि ये पुरस्कार किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने में सराहनीय कार्य करने के लिए प्रदान किए जाते हैं।
इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर अग्निशमन सेवा कर्मियों तथा होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा कर्मियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है। गृह मंत्रालय के अनुसार 47 कर्मियों को अग्निशमन सेवा पदक प्रदान किए गए। इनमें से दो कर्मियों को उनकी वीरता और साहस प्रदर्शन के लिए अग्निशमन सेवा पदक प्रदान किया गया। सात कर्मियों को विशिष्ट सेवा के लिए अग्निशमन सेवा पदक प्रदान किए गए। इस अवसर पर 55 जवानों को होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा पदक से भी नवाजा गया। एक कर्मी को वीरता और साहसिक कार्य के लिए वीरता पदक प्रदान किया गया।
भारत अपने डिजिटल सामानों को अपनाने के लिए नए कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में डिजिटलीकरण को अधिक सक्षम बनाने के लिए इंडिया स्टैक डेवलपर सम्मेलन 25 जनवरी, 2023 को नई दिल्ली में आयोजित हुआ। पूरी दुनिया में भारत के डिजिटल व्यवस्था को अपनाने के तरीकों और डिजिटल के अंतर्गत भविष्य में आने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए भारत में पहली बार इंडिया स्टैक डेवलपर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
नागालैंड में तीसरा वार्षिक ऑरेंज फेस्टिवल 2023 कोहिमा जिले के रुसोमा गांव में शुरू हो गया। दो दिन के इस महोत्सव का आयोजन बागवानी, कृषि, ग्रामीण विकास, भूमि संसाधन विभाग और कोहिमा स्मार्ट सिटी के सहयोग से किया जा रहा है।
पीएम मोदी और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने बुधवार द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इस दौरान दोनों देशों ने आपसी संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने का फैसला किया। भारत-मिस्र ने अगले 5 वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 12 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक ले जाने का निर्णय भी लिया। इसी क्रम में भारत और मिस्र के बीच पांच करार पर हस्ताक्षर किए गए हैं। दोनों देश द्विपक्षीय राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्षों के उत्सव भी मना रहे हैं। इस अवसर को चिह्नित करने के लिए एक डाक टिकट भी जारी किया गया। द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों नेताओं ने हैदराबाद हाउस में संयुक्त प्रेस वक्तव्य दिया। इसमें प्रधानमंत्री ने राजनीतिक, सुरक्षा, रक्षा, ऊर्जा और आर्थिक क्षेत्रों को शामिल करते हुए रणनीतिक साझेदारी के लिए भारत-मिस्र संबंध के उन्नयन की घोषणा की। दोनों नेताओं की उपस्थिति में भारत और मिस्र ने साइबर सुरक्षा, संस्कृति, सूचना प्रौद्योगिकी, युवा मामलों पर सहयोग और प्रसारण के क्षेत्र में समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया।
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और मिस्र के विदेश मंत्री समीह हसन शौकरी ने सामग्री विनिमय, क्षमता निर्माण और सह-उत्पादन के क्षेत्र में बुधवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता प्रसार भारती अपने डीडी इंडिया चैनल की पहुंच का विस्तार करने के प्रयासों का हिस्सा है, ताकि अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी, सामाजिक विकास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर केंद्रित कार्यक्रमों के माध्यम से देश की प्रगति को प्रदर्शित किया जा सके। यह करार तीन साल के लिए वैध होगा, नवीनतम तकनीकों में दोनों प्रसारकों के अधिकारियों के सह-निर्माण और प्रशिक्षण की सुविधा भी प्रदान करेगा। प्रसार भारती वर्तमान में प्रसारण के क्षेत्र में सहयोग और सहयोग के लिए 39 विदेशी प्रसारकों के साथ समझौता किया है।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में प्रशासनिक परिषद ने वीरता पुरस्कारों से सम्मानित प्रदेश के सैनिकों के वार्षिक भत्ते में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। मुद्रास्फीति के कारण अन्य राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों के वीरता पुरस्कारों से सम्मानित वीरों के भत्ते में वृद्धि की गई थी। इसे देखते हुए जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने भी वार्षिक भत्ते में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। संशोधित दर के अनुसार परमवीर चक्र विजेता को एक लाख 25 हजार रूपये की बजाय अब एक लाख 75 हजार रूपये मिलेंगे। अशोक चक्र, महावीर चक्र और कीर्ति चक्र विजेता को डेढ लाख रूपये और वीर चक्र विजेता को 75 हजार रूपये वार्षिक भत्ता मिलेगा।
ईस्ट कोस्ट रेलवे के अंतर्गत आने वाले विशाखापत्तनम रेलवे स्टेशन को हरित अवधारणाएं अपनाने के लिए इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (आईजीबीसी) द्वारा उच्चतम प्लेटिनम रेटिंग के साथ 'हरित रेलवे स्टेशन प्रमाणपत्र' से सम्मानित किया गया है, इस पहल को अपनाने से प्रतिकूल पर्यावरणीय प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है। दिनांक 24.01.23 को विशाखापत्तनम में आयोजित एक समारोह में डीआरएम/वाल्टेयर अनूप सत्पथी ने आईजीबीसी विशाखापत्तनम चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. एस विजयकुमार से प्रमाणपत्र प्राप्त किया।
अटल इनोवेशन मिशन - नीति आयोग, केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड - शिक्षा मंत्रालय, और इंटेल इंडिया ने एआई एवं टिंकरिंग जैसे भविष्य के कौशल को औपचारिक पाठ्यक्रम में शामिल करके शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए परस्पर सहयोग किया है। इस कदम का व्यापक उद्देश्य युवाओं के लिए तकनीकी एकीकरण की गति बढ़ाने, देश में भविष्य के कौशल के मामले में व्याप्त अंतर को पाटने की जरूरत और भारत को एआई के लिए तैयार करने की दिशा में मौजूदा बुनियादी ढांचे (एटीएल, आदि) को अधितकम उपयुक्त बनाने हेतु एनईपी 2020 के मार्गदर्शन को अनुकूल करना है। साथ में, उन्होंने सितंबर 2022 में स्कूली पाठ्यक्रम में एआईओटी के एकीकरण की शुरुआत की और एक प्रायोगिक कार्यक्रम की पहल की।
हाल ही में बल्लवपुर वन्यजीव अभयारण्य में आने वाले प्रवासी पक्षियों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है जो एक चिंता का विषय है। बल्लवपुर वन्यजीव अभयारण्य वर्ष 1977 में स्थापित किया गया था। यह पश्चिम बंगाल में बीरभूम ज़िले के बोलपुर उपखंड में बोलपुर शांतिनिकेतन के पास स्थित है। इसे डियर पार्क के नाम से भी जाना जाता है। अभयारण्य में साल, आकाशमोनी, शिशु, काजू, अमलकी, बहेड़ा और हरीतकी की सघन स्थानीय वनस्पतियाँ पाई जाती हैं। अभयारण्य एक हिरण संरक्षण पार्क है जिसमें चीतल (चित्तीदार हिरण) और ब्लैकबक्स सहित बड़ी संख्या में हिरण पाए जाते हैं। अन्य जानवरों में गीदड़, लोमड़ी और विभिन्न प्रकार के जल पक्षी शामिल हैं।
यूक्रेन को रक्षा उपकरणों की आपूर्ति के संबंध में नाटो सहयोगियों के बीच चल रही बातचीत के बीच जर्मनी अपने लेपर्ड- 2 टैंकों को यूक्रेन भेजने की अनुमति देने के बारे में संशय में है लेपर्ड- 2 विश्व के अग्रणी युद्धक टैंकों में से एक है, जिसका उपयोग दशकों से जर्मन सेना और कनाडा, इंडोनेशिया तथा कई अन्य यूरोपीय देशों की सेनाओं द्वारा किया जाता है। इसने अफगानिस्तान, कोसोवो एवं सीरिया के संघर्षों में सेवा प्रदान की है। जर्मनी का मानना है कि उसकी अनुमति के बिना जर्मन निर्मित टैंकों का फिर से निर्यात करना अवैध होगा। डीज़ल इंजन द्वारा संचालित लेपर्ड- 2 में नाइट-विज़न उपकरण और लेज़र रेंज फाइंडर की सुविधा है, जो इसे उबड़-खाबड़ इलाके में यात्रा करते समय एक गतिमान लक्ष्य पर बेहतर निशाना लगाने में सक्षम बनाता है। अब तक यूक्रेन एवं रूस दोनों ने युद्ध में सोवियत युग के टैंकों का उपयोग किया है। लेपर्ड- 2 की आपूर्ति यूक्रेन को तोपखाने की मारक क्षमता में रूस की श्रेष्ठता की भरपाई करने में मदद करेगी।
खपत को बढ़ावा देने के लिये केंद्र पीएम-किसान योजना के तहत किसानों को आय सहायता आगामी बजट में 6,000 रुपए प्रतिवर्ष से बढ़ाकर 8,000 रुपए प्रतिवर्ष करने का निर्णय लिया गया है। PM-किसान योजना के तहत प्रत्येक किसान को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) से जुड़े बैंक खाते में तीन समान किस्तों में सालाना 6000 रुपए की राशि हस्तांतरित की जाती है, चाहे उसकी भूमि कुछ भी हो। योजना की शुरुआत (वर्ष 2019 में) के समय लाभार्थियों की संख्या 31 मिलियन थी जो अब 110 मिलियन के आँकड़े को पार कर गई है। PM-किसान एक केंद्रीय क्षेत्र (CS) की योजना है; तथापि लाभार्थी किसान परिवारों की पहचान करने की पूरी ज़िम्मेदारी राज्य/संघ राज्य क्षेत्र सरकारों की है।
हाल ही में वैज्ञानिकों ने पाया कि पूर्वी थाईलैंड के प्रवाल (Coral) येलो बैंड डिज़ीज़ (Yellow Band Disease) से प्रभावित हो रहे हैं, यह समुद्र तल के विशाल हिस्सों में प्रवाल को नष्ट कर रहा है। प्रवाल को नष्ट करने से पहले रंग बदलने वाली येलो बैंड डिज़ीज़ पहली बार दशकों पहले देखी गई थी। इसने कैरिबियन क्षेत्र में रीफ को व्यापक क्षति पहुँचाई है लेकिन पहली बार यह डिज़ीज़ विगत वर्ष थाईलैंड के पूर्वी तट पर स्थित लोकप्रिय पर्यटन शहर पटाया के पास पाई गई थी। यह समुद्र के लगभग 600 एकड़ (240 हेक्टेयर) में फैल चुकी है। इस डिज़ीज़ का कोई ज्ञात इलाज नहीं है और कोरल ब्लीचिंग के विपरीत इस बीमारी से संक्रमित होने के बाद कोरल को बहाल नहीं किया जा सकता। वैज्ञानिकों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण अत्यधिक मछली पकड़ने, प्रदूषण और पानी के बढ़ते तापमान से रीफ येलो बैंड डिज़ीज़ के प्रति अधिक संवेदनशील हो सकते हैं।
हाल ही में केरल में दो स्कूली बच्चों में नोरोवायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। नोरोवायरस वायरस का एक समूह है जो गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल बीमारी फैलाता है। यह गंभीर उल्टी और दस्त के अलावा पेट एवं आँतों के सूजन का कारण बनता है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, नोरोवायरस का प्रकोप गंभीर होने की संभावना कम है, लेकिन अगर उचित सावधानी नहीं बरती गई तो वायरस तेज़ी से फैल सकता है। दूषित जल या भोजन इसके सामान्य संक्रामक एजेंट हैं। वायरस मल-गुहा मार्ग से फैलता है। नोरोवायरस कई कीटाणुनाशकों के लिये प्रतिरोधी होने के साथ 60 डिग्री सेल्सियस ताप तक जिंदा रह सकता है। इसलिये केवल भोजन को गरम कर देने या जल को क्लोरीनयुक्त करने से वायरस नहीं मरते। यह कई सामान्य हैंड सैनिटाइज़र से भी बच सकता है। हालाँकि वायरस के इलाज हेतु कोई विशिष्ट उपचार उपलब्ध नहीं है, लेकिन दस्त और उल्टी की सामान्य दवाएँ रोग को ठीक करने में मदद कर सकती हैं।
हाल ही में बॉम्बे उच्च न्यायालय ने एक विवाहित महिला को 33 सप्ताह की अवधि की गर्भावस्था को चिकित्सकीय रूप से समाप्त करने की अनुमति देते हुए कहा कि गर्भावस्था की अवधि गंभीर भ्रूण असामान्यताओं के मामलों में कोई मायने नहीं रखती है। मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (संशोधन) अधिनियम, 2021 के तहत भारत में अधिकतम गर्भकालीन अवधि, जिस पर एक महिला चिकित्सीय देखरेख में गर्भपात करा सकती है, को 20 सप्ताह से बढ़ाकर 24 सप्ताह (दो पंजीकृत चिकित्सकों की सिफारिश के साथ) कर दिया गया था। साथ ही गर्भावस्था अवधि के 24 सप्ताह से अधिक के लिये गंभीर भ्रूण असामान्यता की स्थिति में गर्भावस्था की चिकित्सीय समाप्ति की अनुमति दी जाती है।
आर. कौशिक और आर. श्रीधर द्वारा लिखित 'कोचिंग बियॉन्ड: माई डेज़ विद द इंडियन क्रिकेट टीम' नामक पुस्तक का जनवरी 2023 में विमोचन किया गया। यह पुस्तक भारतीय क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच के रूप में आर. श्रीधर के सात साल के कोचिंग कार्यकाल को दर्शाती है। आर. कौशिक वी.वी.एस लक्ष्मण की आत्मकथा, 281 एंड बियॉन्ड के साथ-साथ गुंडप्पा विश्वनाथ की आत्मकथा, रिस्ट एश्योर्ड के सह-लेखक भी हैं।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने मार्च में भारत में होने वाले आगामी अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (ISSF) विश्व कप के लिए धन के उपयोग की देखरेख के लिए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अर्जन कुमार सीकरी को एक प्रशासक के रूप में नियुक्त किया है।
सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा 21 से 28 जनवरी 2023 तक भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सर क्रीक से गुजरात के कच्छ के रण और राजस्थान के बाड़मेर जिले तक सात दिवसीय 'ऑप्स अलर्ट' अभ्यास आयोजित किया जा रहा है। अभ्यास की शुरुआत भारत-पाकिस्तान सीमा - नियंत्रण रेखा (LOC) से की गयी है। देश में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के बीच भारत विरोधी तत्वों के नापाक मंसूबों को विफल करने के लिए अभ्यास 'ऑप्स अलर्ट' शुरू किया गया है। इस अभ्यास के दौरान अग्रिम और गहराई वाले क्षेत्रों के साथ-साथ क्रीक और हरामी नाला में विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
लद्दाख में 22 जनवरी को हिमालयन कल्चरल हेरिटेज फाउंडेशन (HCHF) और लद्दाख पर्यटन विभाग द्वारा ऐतिहासिक सत्यंग कुंग गांव और चिकतन शगरान में वार्षिक जातीय ममानी महोत्सव का आयोजन किया गया। स्टेयांग कुंग गांव लगभग 500 साल पुराना है और अभी भी संरक्षित है और लद्दाख में विरासत गांवों में से एक के रूप में विकसित किया जा रहा है। लद्दाख में ममानी महोत्सव का इतिहास दिवंगत परिवार के सदस्यों को भोजन देने की प्राचीन परंपरा से जुड़ा है। ममनी के दौरान, लोग अपने रिश्तेदारों और पड़ोसियों के साथ भोजन का आदान-प्रदान करते थे और विभिन्न प्रकार की आत्माओं (ल्हा) की पूजा करते थे। इन त्योहारों ने कारगिल लद्दाख के 35 से अधिक व्यंजनों को पुनर्जीवित करने में मदद की है।
भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना प्रथम गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर यानी 25 जनवरी, 1950 को हुई थी। इसलिए वर्ष 2011 से 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस (National Voters’ Day, NVD) के रूप में भी मनाया जाता है। इस साल निर्वाचन आयोग 25 जनवरी को 13वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर निर्वाचन आयोग द्वारा नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि रही। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने राष्ट्रपति को ECI प्रकाशन ‘इलेक्टिंग द फर्स्ट प्रेसिडेंट- एन इलस्ट्रेटेड क्रॉनिकल ऑफ इंडियाज प्रेसिडेंशियल इलेक्शन’ की पहली प्रति भेंट की। ये पुस्तक देश में राष्ट्रपति चुनाव की ऐतिहासिक यात्रा की झलक देती है। 13वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम ‘नथिंग लाइक वोटिंग, आई वोट फॉर श्योर’ (वोट जैसा कुछ नहीं, वोट ज़रूर डालेंगे हम) मतदाताओं को समर्पित है जो वोट की शक्ति के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी के प्रति व्यक्ति की भावना और आकांक्षा को व्यक्त करता है।
© 2023 RajasthanGyan All Rights Reserved.