Ask Question | login | Register
Notes
Question
Quiz
Test Series
Tricks

12 June 2024

लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी अगले सेना प्रमुख

केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी को नया आर्मी चीफ अपॉइंट किया है। वे मौजूदा सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे की जगह लेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी 30 जून को पदभार संभालेंगे। इसी दिन मौजूदा सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे रिटायर हो रहे हैं। लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी 30वें सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे। इससे पहले वे सेना के वाइस चीफ, नॉर्दर्न आर्मी कमांडर, डीजी इन्फेंट्री और सेना में कई अन्य कमांड नियुक्तियों के रूप में देश की सेवा कर चुके हैं।

तेलुगु देशम पार्टी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे

तेलुगु देशम पार्टी के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई गणमान्य व्‍यक्ति हिस्सा लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। श्री नायडू ने राज्यपाल एस अब्दुल नजीर से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

भाजपा के नेता मोहन चरण माझी ओडिशा के नए मुख्यमंत्री होंगे

श्री मोहन चरण माझी ओडिशा के नए मुख्यमंत्री होंगे। राज्‍य में भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल ने सर्वसम्‍मति से श्री माझी को अपना नेता चुना। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और भूपेन्द्र यादव केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद थे। 52 वर्षीय श्री माझी क्योंझर विधानसभा सीट से चार बार विधायक चुने जा चुके हैं। वह 2000, 2004, 2019 और 2024 में इस क्षेत्र से चुने गए। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद श्री माझी ने कहा कि उनकी सरकार राज्‍य की जनआकांक्षाओं को पूरा करने का हरसंभव प्रयास करेगी।भाजपा ने राज्‍य में कनक वर्धन सिंह देव और प्रावती परिदा को उप मुख्यमंत्री बनाने का भी फैसला किया है। श्री सिंह देव पूर्व मंत्री हैं और पटनागढ़ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि श्रीमती परिदा पहली बार विधायक बनी हैं और निमापारा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं।

ऑस्ट्रेलिया में गैर-नागरिकों को सशस्त्र बलों में शामिल होने की अनुमति

ऑस्ट्रेलिया जुलाई 2024 से उन गैर-नागरिक स्थायी निवासियों को ऑस्ट्रेलियाई सशस्त्र बलों में शामिल होने की अनुमति देगा जो कम-से-कम 12 महीने से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं। इसका उद्देश्य ऑस्ट्रेलिया का अपनी सेना के भर्ती लक्ष्य को प्राप्त करना है। फाइव आईज़ देशों (Five Eyes Countries) के नागरिकों को इसमें शामिल होने के लिये प्राथमिकता दी जाएगी। फाइव आईज़ एक खुफिया गठबंधन है जिसमें ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूज़ीलैंड, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका शामिल हैं। ये देश बहुपक्षीय UK-USA समझौते के पक्ष में हैं। चीन से बढ़ते खतरे तथा वर्तमान में लगभग 90,000 रक्षा कार्मिकों की संख्या को बढ़ाकर ऑस्ट्रेलिया अपनी सेना को मज़बूत करना चाहता है।

भारत को वापस मिलेगी 500 साल पुरानी मूर्ति

10 जून को ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी ने इंटरनल जांच के बाद भारत को 500 साल पुरानी एक कांसे की मूर्ति वापस लौटाने की घोषणा की है। यह मूर्ति संत तिरुमंकई अलवर की है, जो 16वीं सदी के दौरान तमिलनाडु के एक मंदिर से चोरी हो गई थी। संत तिरुमंकई अलवर दक्षिण भारत के 12वें अलवर संतों में से अंतिम थे। इस मूर्ति देखने के लिए लगभग 1800 रुपए देने पड़ते हैं। संत तिरुमंकाई अलवर की यह मूर्ति 60 सेंटीमीटर ऊंची है। इसे 1967 में डॉ. जे.आर. बेलमोंट ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में रखवाया था। ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग ने 11 मार्च 2024 को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी को सबूत दिए थे कि मूर्ति तमिलनाडु के मंदिर की है। मूर्ति की पुष्टि तमिलनाडु के मंदिर में मिले 1957 के कांसे से हुई। अब इस मूर्ति को चैरिटी कमीशन के सामने रखा जाएगा, जो इस पर आखरी फैसला लेगा।

यूजीसी ने अगले शैक्षणिक वर्ष से उच्च शिक्षा संस्थानों को वर्ष में दो बार छात्रों को प्रवेश देने की अनुमति देने का निर्णय लिया

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग-यूजीसी ने अगले शैक्षणिक वर्ष से उच्च शिक्षा संस्थानों को वर्ष में दो बार छात्रों को प्रवेश देने की अनुमति देने का निर्णय लिया है। प्रवेश अब जनवरी और फरवरी तथा जुलाई और अगस्त में खुले रहेंगे। वर्तमान में, यूजीसी विनियम एक वर्ष में एक शैक्षणिक सत्र में प्रवेश की अनुमति देते हैं। यूजीसी के अध्यक्ष प्रोफेसर एम. जगदीश कुमार ने कहा कि यह फैसला उन छात्रों के लिए बहुत फायदेमंद होगा जो विभिन्न कारणों से प्रवेश से चूक जाते हैं और उन्हें एक और साल तक इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इससे नामांकन के लिए प्रतीक्षा समय कम होगा और छात्र अधिक प्रेरित होंगे।

भारत और जापान के बीच संयुक्‍त नौसेनिक अभ्‍यास जीमेक्‍स-24 जापान के योकोसुका में शुरू

भारत और जापान के बीच संयुक्‍त नौसेनिक अभ्‍यास-जीमेक्‍स-24 जापान के योकोसुका में शुरू हो गया है। भारतीय नौसेना के अनुसार इस अभ्‍यास के दौरान दोनों देशों की नौसेनाएं समुद्र में अपने युद्ध कौशल का प्रदर्शन करेंगी। भारतीय नौसेना का स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस शिवालिक और जापान का युद्धपोत डिस्ट्रॉयर जे एस यूगिरी इस संयुक्‍त अभ्यास में भाग ले रहा है। भारतीय नौसेना ने कहा है कि यह संयुक्‍त समुद्री अभ्यास हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता की भी पुष्टि करता है।

18वां मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 15 जून से 21 जून, 2024 तक मुंबई में आयोजित होगा

18वां मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-एमआईएफएफ 15 जून से 21 जून, 2024 तक मुंबई में आयोजित किया जाएगा। मुंबई में फिल्म प्रभाग-एनएफडीसी के अलावा, दिल्ली के सिरीफोर्ट ऑडिटोरियम, चेन्नई के टैगोर फिल्म सेंटर, पुणे के एनएफएआई ऑडिटोरियम और कोलकाता के एसआरएफटीआई ऑडिटोरियम में भी एमआईएफएफ का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतियोगिता वर्गों के लिए रिकॉर्ड संख्या में 1 हजार 18 फिल्में की प्रविष्टियां हैं। अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिता वर्गों के लिए प्रतिष्ठित फिल्म विशेषज्ञों की 3 चयन समितियों द्वारा 102 फिल्मों का चयन किया गया है। इस वर्ष महोत्‍सव में 59 देशों की 61 भाषाओं की कुल 314 फिल्में शामिल हैं। 8 विश्व प्रीमियर, 5 अंतर्राष्ट्रीय प्रीमियर, 18 एशिया प्रीमियर और 21 भारत प्रीमियर होंगे। 18वें एमआईएफएफ की ओपनिंग फिल्म “बिली एंड मौली, एन ऑटर लव स्टोरी” होगी।

भारत ने रूस की मेजबानी में आयोजित ब्रिक्स की बैठक में पहली बार भाग लेने वाले नए सदस्य देशों का स्वागत किया

भारत ने रूस की मेजबानी में आयोजित ब्रिक्स की बैठक में पहली बार भाग लेने वाले नए सदस्य देशों – मिस्र, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और इथियोपिया के प्रतिनिधियों का हार्दिक स्वागत किया है। 2023 में हुए ब्रिक्स के विस्तार के बाद निज़नी नोवगोरोड में संगठन के विदेश मंत्रियों की पहली मंत्रिस्तरीय बैठक थी। मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात पूर्ण सदस्यों के रूप में ब्रिक्स समूह में शामिल हुए हैं। विदेश मंत्रालय में आर्थिक संबंध मामलों के सचिव डी रवि ने ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। आमतौर पर विदेश मंत्री ऐसी बैठकों में शामिल होते हैं। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के बाद ही डॉ. एस जयशंकर को विदेश मंत्री के रूप में दोबारा नियुक्त किया गया, इसलिए वह बैठक में शामिल होने के लिए रूस नहीं पहुंच सके।

संयुक्त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद ने इजरायल और गाजा के बीच युद्ध विराम के लिए अमरीका की प्रस्तावित योजना का अनुमोदन किया

संयुक्त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद ने इजरायल और गाजा के बीच युद्ध विराम के लिए अमरीका की ओर से प्रस्तावित योजना का अनुमोदन कर दिया है। इस प्रस्‍ताव के अंतर्गत पूरी तरह से युद्ध विराम, हमास की ओर से बंधक बनाए गए लोगों की रिहाई, मारे गए बंधकों के अवशेषों की वापसी और फिलिस्तीनी कैदियों की अदला-बदली के लिए शर्तें निर्धारित की गई हैं। अमरीका सहित सुरक्षा परिषद के 15 में से 14 सदस्यों ने प्रस्ताव के पक्ष में मत दिया जबकि रूस बैठक से बाहर रहा। प्रस्ताव में कहा गया है कि इजरायल ने युद्ध विराम के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। सुरक्षा परिषद ने हमास से भी इस पर सहमति प्रदान करने की अपील की है।

तेलंगाना: न्यायमूर्ति पी. सी. घोष की अध्यक्षता वाले कालेश्वरम न्यायिक आयोग ने कालेश्वरम परियोजना की व्यापक जांच शुरू की

न्यायमूर्ति पी. सी. घोष की अध्यक्षता वाले कालेश्वरम न्यायिक आयोग ने तेलंगाना में कालेश्वरम परियोजना की व्यापक जांच शुरू कर दी है। न्यायमूर्ति घोष ने परियोजना स्थल का दौरा करने के बाद कहा कि विवरण उचित समय पर प्रस्तुत किए जाएंगे और इससे संबंधित जांच से जुड़े अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। श्री घोष ने कहा कि आयोग को 54 शिकायतें मिली हैं। इन शिकायतों में मुआवजे के दावे भी शामिल हैं जिनका समाधान नहीं किया गया है। न्यायमूर्ति घोष ने इस बात पर जोर दिया कि जांच में अधिक समय लगेगा। श्री घोष ने रिपोर्ट प्रस्तुत करने से पहले मुख्य मुद्दों और तथ्यों को समझने की आवश्यकता का उल्लेख किया।

मध्‍यप्रदेश: 13 जून से मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की पीएम श्री पर्यटन हवाई सेवा होगी शुरू

मध्‍यप्रदेश में डॉक्‍टर मोहन यादव की सरकार 13 जून को छह महीने का कार्यकाल पूरा कर रही है। मौजूदा सरकार ने पिछले साल 13 दिसंबर को सत्ता संभाली थी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां बताते हुए संवाददाताओं से कहा कि अब से राज्य में कोई भी हरा पेड़ नहीं काटा जायेगा, बल्कि उसे दूसरी जगह रोपित किया जायेगा। डॉ. यादव ने बताया कि 13 जून से मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की पीएम श्री पर्यटन हवाई सेवा शुरू होगी और 16 जून से उज्जैन-ओंकारेश्वर-इंदौर-भोपाल के बीच पीएम श्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा शुरू होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पीएम श्री पर्यटन हवाई सेवा के लिए फ्लाइट बुकिंग वेबसाइट का भी डिजिटल शुभारंभ किया। पहले चरण में भोपाल-सिंगरौली-जबलपुर-रीवा के बीच एयर टैक्सियों का संचालन शुरू होगा।

वर्ल्ड वेल्थ रिपोर्ट, 2024

कैपजेमिनी वर्ल्ड वेल्थ रिपोर्ट (Capgemini World Wealth Report) के अनुसार, भारत के उच्च निवल मूल्य वाले व्यक्तियों (High Net-Worth Individuals- HNWI) की संख्या वर्ष 2022 की तुलना में 2023 में 12.2% बढ़ी है। देश में अब 3.589 मिलियन उच्च निवल मूल्य वाले व्यक्ति हैं। भारत के HNWI की वित्तीय संपत्ति वर्ष 2023 में 12.4% बढ़कर 1,445.7 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गई, जो 2022 में 1,286.7 बिलियन अमेरिकी डॉलर थी। वैश्विक स्तर पर वर्ष 2023 में HNWI की संपत्ति और जनसंख्या में क्रमशः 4.7% और 5.1% की वृद्धि होने का अनुमान है। भारत की बेरोज़गारी दर वर्ष 2023 में घटकर 3.1 प्रतिशत हो गई, जो वर्ष 2022 में 7 प्रतिशत थी। बाज़ार पूंजीकरण में 29.0% की वृद्धि हुई, जबकि वर्ष 2022 में इसमें 6% की वृद्धि हुई थी। सकल घरेलू उत्पाद के प्रतिशत के रूप में देश की राष्ट्रीय बचत वर्ष 2022 के 29.9 प्रतिशत की तुलना में वर्ष 2023 में बढ़कर 33.4 प्रतिशत हो गई। HNWI वे हैं जिनके पास 1 मिलियन अमेरिकी डॉलर या उससे अधिक की निवेश योग्य परिसंपत्तियाँ हैं, जिनमें उनका प्राथमिक निवास, संग्रहणीय वस्तुएँ, उपभोग्य वस्तुएँ और उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुएँ शामिल नहीं हैं।

हॉकी मेंस जूनियर वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा भारत

11 जून को स्विट्जरलैंड में इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) ने हॉकी मेंस जूनियर वर्ल्ड कप 2025 के मेजबान देश की घोषणा की। FIH ने वर्ल्ड कप के लिए भारत को मेजबान देश बनाया। पहली बार वर्ल्ड चैंपियनशिप में 24 टीमें शामिल होंगी। वर्ल्ड चैंपियनशिप की शुरुआत दिसंबर 2024 से होगी। भारत 2013 में दिल्ली, 2016 में लखनऊ और 2021 में भुवनेश्वर में मेजबानी कर चुका है। पिछला हॉकी मेंस जूनियर वर्ल्ड कप मलेशिया में हुआ था, जिसे जर्मनी ने जीता था।

संग्राम सिंह MMA में शामिल होने वाले पहले भारतीय पुरुष बनेंगे

11 जून को पीटीआई के मुताबिक पूर्व कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैंपियन संग्राम सिंह मिक्स मार्शल आर्ट्स (MMA) में शामिल होंगे। पूजा तोमर के बाद संग्राम सिंह MMA जॉइन करने वाले दूसरे भारतीय फाइटर बनेंगे। संग्राम सिंह MMA में शामिल होने वाले पहले भारतीय पुरुष पहलवान हैं। 38 वर्षीय संग्राम ने हाल ही में दुबई में इंटरनेशनल प्रो रेसलिंग चैंपियनशिप में 6 साल के बाद कुश्ती में वापसी की। इंटरनेशनल प्रो रेसलिंग में संग्राम ने पाकिस्तान के मुहम्मद सईद को 30-23 के स्कोर से हराया। MMA की शुरुआत 648 ईसा पूर्व में ग्रीस में हुई थी। तब ट्रेनिंग करने वालों को बिना ग्‍लव्‍स के मुक्केबाजी और कराटे का सामना करना पड़ता था।

पेरिस ओलिंपिक के लिए मनु भाकर दो कैटेगरी में सिलेक्ट हुईं

11 जून को नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने पेरिस ओलिंपिक के लिए 15 सदस्यीय भारतीय राइफल और पिस्टल टीम की घोषणा की। महिला पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर को दो कैटेगरी में चुना गया है। पेरिस ओलिंपिक के लिए भारतीय टीम में 8 राइफल निशानेबाज और 7 पिस्टल निशानेबाज हैं। मनु ने एशियन गेम्स 2023 में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल कैटेगरी में गोल्ड जीता था। उन्होंने 2022 में काहिरा वर्ल्ड चैंपियनशिप में 25 मीटर पिस्टल में ब्रॉन्ज जीता था। भारत ने पेरिस ओलिंपिक में शूटिंग के लिए 21 कोटा हासिल किए हैं। ओलिंपिक गेम्स 2024 का आयोजन पेरिस में 26 जुलाई से 11 अगस्त तक होंगे।

भारत के गुलवीर सिंह ने पोर्टलैंड ट्रैक फेस्टिवल हाई परफॉर्मेंस मीट में 5000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता, राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी किया अपने नाम

अमरीका में एथलेटिक्स में भारत के गुलवीर सिंह ने पोर्टलैंड ट्रैक फेस्टिवल हाई परफॉर्मेंस मीट, पुरुषों की पांच हजार मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। एशियाई खेलों में कांस्य पदक विजेता गुलवीर सिंह इसके साथ ही पुरुषों की पांच हजार मीटर दौड़ में सबसे तेज भारतीय भी बन गए। गुलवीर ने 13 मिनट 18.92 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और पिछले साल अविनाश साबले द्वारा बनाए गए 13 मिनट 19.30 सेकंड के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस उपलब्धि के साथ गुलवीर ने अब दस हजार मीटर और पांच हजार मीटर दोनों दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। इस प्रतियोगिता में अमरीका के डायलन जैकब्स ने स्वर्ण पदक और उनके हमवतन एरिक वान डेर एल्स ने कांस्य पदक जीता।

मलावी के उपराष्ट्रपति की प्लेन क्रैश में मौत

11 जून को अफ्रीकी देश मलावी के उपराष्ट्रपति साउलोस क्लॉस चिलिमा समेत 9 लोगों की प्लेन क्रैश में मौत हो गई। 10 जून को एक सैन्य विमान सोलोस चिलिमा को लेकर राजधानी लिलोंग्वे से रवाना हुआ था। चिलिमा का एयरक्राफ्ट भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 2:47 बजे मलावी की राजधानी लिलोंग्वे से रवाना हुआ था। यह करीब 45 मिनट बाद मजुजू शहर के एयरपोर्ट पर उतरने वाला था। उत्तरी मलावी के पहाड़ी इलाकों में विमान से संपर्क टूट गया था। 24 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद विमान का मलबा मिला है। यह प्लेन क्रैश चिकंगावा की पहाड़ियों में हुआ है। चिलिमा को अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार के तौर पर देखा जा रहा था।

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमोल काले का न्‍यूयॉर्क में दिल का दौरा पड़ने से निधन

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमोल काले का न्‍यूयॉर्क में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे अमरीका की यात्रा पर थे। वर्ष 2022 में उन्हें मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया था।

Start Quiz! PRINT PDF

« Previous Next Affairs »

Notes

Notes on many subjects with example and facts.

Notes

QUESTION

Find Question on this Topic and many other subjects

Learn More

Test Series

Here You can find previous year question paper and mock test for practice.

Test Series

Download

Here you can download Current Affairs Question PDF.

Download

Join

Join a family of Rajasthangyan on


Contact Us Cancellation & Refund About Write Us Privacy Policy About Copyright

© 2024 RajasthanGyan All Rights Reserved.