Ask Question | login | Register
Notes
Question
Quiz
Test Series
Tricks

6 August 2024

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को फिजी के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी' से सम्मानित किया गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु फिजी की राजधानी सुवा पहुंच गई हैं। वहां उनकी अगवानी फिजी के प्रधानमंत्री सितिवेनी राबुका ने की। फिजी की सेना ने राष्ट्रपति मुर्मु को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। राष्‍ट्रपति ने बाद में गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। भारत के किसी राष्‍ट्रपति की यह पहली फिजी यात्रा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को फिजी के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी' से सम्मानित किया गया।

शेख हसीना ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दिया

बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी आंदोलन के हिंसक होने के बाद पीएम शेख हसीना ने सोमवार, 5 अगस्त को इस्तीफा दे दिया है। सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमान ने इसकी पुष्टि की। सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमान ने बताया कि अब सेना अंतरिम सरकार बनाएगी। प्रदर्शनकारियों और सत्तारूढ़ पार्टी के समर्थकों के बीच भड़की हिंसा में अब तक 14 पुलिसकर्मियों समेत करीब 300 लोगों की जान चली गई है। हिंसा में हजारों लोग घायल हुए हैं। पूरे बांग्लादेश में अनिश्चित काल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। बांग्लादेश में आरक्षण के विरोध में जारी हिंसक प्रदर्शन के चलते चारों तरफ अराजकता का माहौल बना हुआ है।

सबसे अधिक लोगों के डमरू बजाने के लिए गिनीज बुक में उज्जैन का नाम दर्ज

सावन का तीसरे सोमवार, 5 अगस्त को उज्जैन में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। महाकाल लोक के पास शक्ति पथ पर 1500 लोगों ने एक साथ 10 मिनट तक डमरू बजाया। इसके साथ ही उज्जैन का नाम सबसे अधिक लोगों के डमरू बजाने पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया। इससे पहले, 488 लोगों द्वारा एक साथ डमरू बजाने का रिकॉर्ड फेडरेशन ऑफ न्यूयॉर्क के नाम 2021 में दर्ज किया गया था। इसके लिए पिछले तीन दिन से दो सत्रों में प्रैक्टिस चल रही थी। आज 25-25 डमरू वादकों के अलग-अलग दल बनाए गए थे। 1500 डमरू और भस्म आरती की धुन पर 15 मिनट का ये भव्य आयोजन शिप्रा नदी के तट पर किया गया। गिनीज व‌र्ल्ड रिकार्ड्स हर साल प्रकाशित होने वाली एक सन्दर्भ किताब है, जिसमें विश्व कीर्तिमानों (रिकॉर्ड्स) का संकलन होता है। सन् 2000 तक इसे 'गिनीज़ बुक ऑफ रिकॉर्ड्स' के नाम से जाना जाता था। यह बुक 'सर्वाधिक बिकने वाली कॉपीराइट बुक' के रूप में एक रिकार्ड बनाने वाली बुक है।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने नई दिल्ली में महिलाओं के लिए डिजिटल शक्ति अभियान के अंतर्गत डिजिटल शक्ति केंद्र का किया उद्घाटन

राष्ट्रीय महिला आयोग ने नई दिल्ली में महिलाओं के लिए डिजिटल शक्ति अभियान के अंतर्गत डिजिटल शक्ति केंद्र का उद्घाटन किया। इस केन्द्र का उद्देश्य साइबर अपराधों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। यह केंद्र शिकायतों को दर्ज करने और उनके निपटान में तकनीकी सहायता प्रदान करेगा। आयोग ने कहा है कि डिजिटल अपराधों में वृद्धि को देखते हुए यह पहल महिलाओं को डिजिटल दुनिया में खुद की सुरक्षा करने और सशक्त बनाने में मदद करेगी। यह केंद्र साइबर अपराध कि शिकायतों का समय पर और प्रभावी रूप से समाधान सुनिश्चित करेगा। डिजिटल शक्ति केंद्र का उद्घाटन राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष सुश्री रेखा शर्मा ने साइबर पीस फाउंडेशन के सहयोग से किया है। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए सुश्री शर्मा ने कहा कि भारत में साइबर अपराध के मामलों में वृद्धि हुई है। देश में वर्ष 2021 में 52 हज़ार 9 सौ 74 साइबर अपराध से जुडे मामले दर्ज किए गए थे, जो वर्ष 2022 में बढकर 65 हज़ार 8 सौ 93 हो गए।

संचार मंत्री, ज्योतिरादित्य सिंधिया और युवा मामले और खेल मंत्री, डॉ. मनसुख मांडविया ने 33वें ओलंपिक खेलों का जश्न मनाने हुए चार स्मारक डाक टिकट किया जारी

संचार मंत्री, ज्योतिरादित्य सिंधिया और युवा मामले और खेल मंत्री, डॉ. मनसुख मांडविया ने पेरिस में चल रहे 33वें ओलंपिक खेलों का जश्न मनाने के लिए चार स्मारक डाक टिकटों का एक सेट जारी किया। यह कार्यक्रम नई दिल्ली में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्‍सड टीम पदक विजेता सरबजोत सिंह, स्टीपलचेज़ एथलीट सुधा सिंह और पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा भी शामिल हुए। ये टिकट भाला फेंक, फील्ड हॉकी, नौकायन और टेबल टेनिस जैसे खेलों के हैं। भारतीय डाक ने 05.08.2024 को XXXIII ओलंपिक पेरिस 2024 पर एक स्मारिका पत्रक जारी किया। इस स्मारिका पत्रक में 5 रुपये मूल्य के 4 टिकट हैं।

भारत और सेंट क्रिस्टोफर एवं नेविस ने खेल के क्षेत्र में परस्‍पर सहयोग के लिए सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए

भारत सरकार के माननीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सेंट क्रिस्टोफर एवं नेविस फेडरेशन की सरकार के माननीय विदेश मंत्री डॉ. डेन्जि‍ल डगलस के साथ खेल के क्षेत्र में परस्‍पर सहयोग वाले विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस सहमति पत्र के तहत परस्‍पर सहयोग वाले प्रमुख क्षेत्र ये हैं: ए. खिलाड़ियों और एथलेटिक टीमों का प्रशिक्षण एवं स्‍पर्धा, बी. कोचों के लिए प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता, सी. खेल क्षेत्र के दिग्‍गजों, अधिकारियों, खेल प्रशासकों, प्रोफेशनलों, टेक्नीशियनों और खेल सहायक कर्मियों के आदान-प्रदान कार्यक्रम और दौरे, डी. बैडमिंटन, शूटिंग, कुश्ती, कबड्डी और एथलेटिक्स सहित विभिन्न स्‍पर्धाओं में युवाओं/जूनियर का आदान-प्रदान, ई. खेल विज्ञान से जुड़े कर्मियों के लिए प्रशिक्षण, आदान-प्रदान एवं जुड़ाव कार्यक्रम और खेल विज्ञान में अन्य विकास सहायता, एफ. कोच शिक्षा, पाठ्यक्रम विकास, खेल शिक्षा, खेल प्रबंधन और खेल अवसंरचना विकास एवं प्रबंधन के क्षेत्रों में प्रशिक्षण, आदान-प्रदान और जुड़ाव कार्यक्रम, जी. खेल के क्षेत्र में सूचना और अनुसंधान के विकास में अवसंरचना और कार्यक्रमों के लिए प्रशिक्षण, प्रौद्योगिकी का आदान-प्रदान; एच. खेल अनुसंधान एवं प्रशिक्षण विकास के क्षेत्र में सहयोग; आई. खेल विज्ञान, अनुसंधान एवं विकास और डोपिंग रोधी कार्यक्रमों के क्षेत्रों में सहयोग; जे. दोनों देशों के विश्वविद्यालयों या व्यायाम शिक्षा संस्थानों के बीच व्यायाम शिक्षा और फिटनेस विकास कार्यक्रमों के क्षेत्र में सहयोग।

झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना शुरू की

झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य में पात्र महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना शुरू की है। यह योजना आधिकारिक तौर पर 16 अगस्त 2024 को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा शुरू की जाएगी। 81 सदस्यीय वर्तमान झारखंड विधानसभा का का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को समाप्त हो जाएगा और नई विधान सभा के लिए झारखंड में नवंबर/दिसंबर 2024 में चुनाव होंगे। आगामी विधान सभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सोरेन सरकार ने महिला वर्ग के लिए यह योजना शुरू की है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना एक प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) योजना है जहां पात्र महिला लाभार्थियों को राज्य सरकार से सीधे बैंक खाते में 1000 रुपये प्रति माह मिलेंगे।पहली किस्त 16 अगस्त 2024 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी देवी द्वारा लाभार्थी के खाते में ट्रांसफर की जाएगी।

5वें गोल्डन स्लैम विनर बने नोवाक जोकोविच

सर्बिया के दिग्गज नोवाक जोकोविच ने रविवार, 4 अगस्त को टेनिस का गोल्डन स्लैम पूरा कर लिया। टेनिस में चारों ग्रैंड स्लैम और ओलिंपिक गोल्ड जीतने वाले को गोल्डन स्लैम विनर माना जाता है। जोकोविच ऐसा करने वाले 5वें प्लेयर बने। उनसे पहले स्पेन के राफेल नडाल, अमेरिका की सेरेना विलियम्स, अमेरिका के ही आंद्रे अगासी और जर्मनी की स्टेफी ग्राफ ही करियर ग्रैंड स्लैम जीतें हैं। यह जोकोविच के करियर का पहला ओलिंपिक गोल्ड है। जोकोविच ने दोनों सेट टाई ब्रेकर राउंड में जीते। पेरिस के रोलैंड गारोस कोर्ट पर मेंस सिंगल्स का गोल्ड मेडल मैच खेला गया। जोकोविच ने इससे पहले 24 ग्रैंड स्लैम जीते हैं और 2008 में पहला ग्रैंड स्लैम जीता था। टेनिस में 4 ग्रैंड स्लैम होते हैं- इनमें ऑस्ट्रेलियन ओपन, फ्रेंच ओपन, विंबलडन और यूएस ओपन शामिल हैं। कार्लोस अल्काराज ने पिछले महीने ही विंबलडन फाइनल में नोवाक जोकोविच को सीधे सेटों में हराया था। 2023 का विंबलडन भी अल्काराज ने जोकोविच को ही हराकर जीता था।

भारतीय अंगदान दिवस

भारतीय अंगदान दिवस 3 अगस्त 2023 से हर साल मनाया जाता है, जो 3 अगस्त 1994 को भारत के पहले सफल मृतक-दाता हृदय प्रत्यारोपण की याद में मनाया जाता है। भारतीय अंग दान दिवस का उद्देश्य अंग दान के बारे में मिथकों और गलतफहमियों को दूर करना और लोगों को मृत्यु के बाद अंगों और ऊतकों को दान करने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करना भी है। देश में भारतीय अंग दान दिवस 2010 से मनाया जा रहा है। पहले भारतीय अंगदान दिवस हर साल 27 नवंबर को मनाया जाता था। 2022 में राष्ट्रीय अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन ने हर साल 3 अगस्त को भारतीय अंग दान दिवस मनाने का निर्णय लिया। इस प्रकार 2023 से भारतीय अंगदान दिवस 3 अगस्त को मनाया जाता है।3 अगस्त को इसलिए चुना गया क्योंकि 3 अगस्त 1994 को भारत में पहला मृत दाता हृदय प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किया गया था। एक ब्रेन स्टेम मृत व्यक्ति का हृदय उसके परिवार के सदस्य द्वारा दान किया गया था जिसे एक अन्य मरीज में सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया गया था। इस प्रकार यह दिन लोगों को मृत्यु के बाद अपने अंग दान करने का संकल्प लेने के लिए प्रोत्साहित करता है।

इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज ग्राहम थोर्प का निधन हुआ

इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज ग्राहम थोर्प का 5 अगस्त को निधन हो गया है। वह 55 साल के थे। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने यह जानकारी दी। ग्राहम थोर्प ने अपने करियर में 100 टेस्ट और 82 वनडे मैच खेले। ग्राहम थोर्प ने 100 टेस्ट मैचों में 44.66 की औसत से 6744 टेस्ट रन बनाए, जिसमें 16 शतक और 39 अर्धशतक शामिल रहे। थोर्प ने इंग्लैंड के 82 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 37.18 की औसत से 2380 रन बनाए। थोर्प ने वनडे इंटरनेशनल में 21 अर्धशतक जड़े। इस बल्लेबाज ने सरे के लिए काउंटी क्रिकेट खेला और टीम के लिए करीब 20,000 रन बनाए। थोर्प ने इंग्लिश टीम के बल्लेबाजी कोच के रूप में भी काम किया था। साल 2022 में थोर्प को अफगानिस्तान टीम का हेड कोच बनाया गया था, हालांकि कुछ समय बाद ही ही गंभीर रूप से बीमार पड़ गए।

Start Quiz! PRINT PDF

« Previous Next Affairs »

Notes

Notes on many subjects with example and facts.

Notes

QUESTION

Find Question on this Topic and many other subjects

Learn More

Test Series

Here You can find previous year question paper and mock test for practice.

Test Series

Download

Here you can download Current Affairs Question PDF.

Download

Join

Join a family of Rajasthangyan on


Contact Us Contribute About Write Us Privacy Policy About Copyright

© 2024 RajasthanGyan All Rights Reserved.