Ask Question | login | Register
Notes
Question
Quiz
Test Series
Tricks

24 August 2024

जंग के बीच ट्रेन से यूक्रेन पहुंचे PM मोदी

रूस और यूक्रेन में ढाई साल से जारी जंग के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 23 अगस्त को यूक्रेन पहुंच गए। वे गुरुवार रात पौलेंड से रवाना हुए थे। 10 घंटे की ट्रेन यात्रा करने के बाद मोदी भारतीय समय के मुताबिक सुबह 10 बजे कीव पहुंचे। वे यहां 7 घंटे बिताएंगे। कीव में भारतीय समुदाय के लोगों ने मोदी का स्वागत किया। PM ने फोमिन बोटैनिकल गार्डन में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। यूक्रेन के दौरे पर जाने वाले PM मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। 1991 में सोवियत संघ के टूटने के बाद यूक्रेन की स्थापना हुई थी। तब से लेकर तक कोई भी भारतीय प्रधानमंत्री यूक्रेन नहीं गया था। 24 फरवरी 2022 को रूस के हमले के बाद से अब तक नाटो देशों के अलावा किसी अन्य देश के नेता ने यूक्रेन का दौरा नहीं किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कुछ महीने पहले PM मोदी को यूक्रेन आने का न्योता दिया था। PM मोदी और जेलेंस्की के बीच ये चौथी मुलाकात होगी। पहली बार दोनों नेता नवंबर 2021 में स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में आयोजित COP26 जलवायु सम्मेलन में मिले थे। फिर, दोनों मई 2023 में जापान के हिरोशिमा में G7 शिखर सम्मेलन में मिले। इसके बाद तीसरी बार दोनों की मुलाकात 14 जून 2024 को इटली में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में हुई थी। यूक्रेन पूर्वी यूरोप का एक देश है। यह रूस के बाद यूरोप में क्षेत्रफल के हिसाब से दूसरा सबसे बड़ा देश है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने यूक्रेन को चार भारत हैल्‍थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग हित एण्‍ड मैत्री – भीष्‍म क्‍यूब दिए

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने यूक्रेन को चार भारत हैल्‍थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग हित एण्‍ड मैत्री – भीष्‍म क्‍यूब दिए। ये क्‍यूब घायलों का शीघ्र उपचार करने और जान बचाने में मदद करेंगे। यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्‍की ने इस मानवीय सहायता के लिए श्री मोदी का आभार व्‍यक्‍त किया। प्रत्‍येक भीष्‍म क्‍यूब में घायलों के उपचार के लिए सभी उपकरण और दवाइयां उपलब्‍ध हैं। इनमें प्राथमिक शल्‍य क्रिया करने के लिए उपकरण भी हैं, जिनसे प्रति दिन दस से पन्‍द्रह प्राथमिक शल्‍य क्रिया की जा सकती हैं। प्रत्‍येक क्‍यूब में प्रति दिन ट्रामा, ब्‍‍लीडिंग, अग्नि कांड से पीड़ि‍त और हड्डी टूटने जैसे आपात स्थिति के तकरीबन दो सौ मामलों का उपचार किया जा सकता है। क्‍यूब में सीमित मात्रा में बिजली और आक्‍सीजन बनाने की भी व्‍यवस्‍था है। यूक्रेन में इन क्‍यूब का संचालन करने के लिए भारतीय विशेषज्ञों के एक दल को शुरूआती प्रशिक्षण दिया गया है।

श्रीलंका में भारतीयों को मिलेगी वीजा फ्री एंट्री

श्रीलंका सरकार ने 22 अगस्त को 35 देशों के नागरिकों को 6 महीने के लिए वीजा-फ्री यात्रा की अनुमति देने की घोषणा की है। इनमें भारत, ब्रिटेन और अमेरिका सहित कई प्रमुख देश शामिल हैं। श्रीलंका की टूरिज्म मिनिस्ट्री के सलाहकार हरिन फर्नांडो के अनुसार यह नीति अगले छह महीनों के लिए लागू होगी। वीजा-फ्री यात्रा की सुविधा पाने वाले देशों में भारत, ब्रिटेन, चीन, अमेरिका, जर्मनी, नीदरलैंड, बेल्जियम, स्पेन, ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, पोलैंड, कजाकिस्तान, सऊदी अरब, यूएई, नेपाल, इंडोनेशिया, रूस और थाईलैंड शामिल हैं। इसके अलावा, मलेशिया, जापान, फ्रांस, कनाडा, चेक गणराज्य, इटली, स्विट्जरलैंड, ऑस्ट्रिया, इज़राइल, बेलारूस, ईरान, स्वीडन, दक्षिण कोरिया, कतर, ओमान, बहरीन और न्यूजीलैंड के नागरिक भी वीजा- फ्री नीति का फायदा उठा सकते हैं। इससे पहले श्रीलंका में अराइवल पर वीजा चार्ज बढ़ाने को लेकर विवाद हुआ। हालांकि, भारत, चीन, रूस, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और इंडोनेशिया से आने वाले पर्यटकों को पहले से ही श्रीलंका में मुफ्त वीजा की सुविधा मिल रही थी। श्रीलंका सरकार की यह पहल देश में पर्यटन को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से की गई है। श्रीलंका को पहले सीलोन के नाम से जाना जाता था। आधिकारिक तौर पर इसका नाम डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट रिपब्लिक ऑफ श्रीलंका है।

एफ.एस.एस.ए.आई. ने दूध और डेयरी उत्पादों की सभी पैकेजिंग से A1 और A2 दावे हटाने का आदेश दिया

फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी FSSAI ने गुरुवार, 22 अगस्त को दूध और मिल्क प्रोडक्ट की पैकेजिंग से 'A1' और 'A2' प्रकार के दावों को हटाने का निर्देश दिया। साथ ही ऐसी लेबलिंग को भ्रामक बताया। यह निर्देश ई-कॉमर्स कंपनियों समेत सभी फूड बिजनेस करने वाली कंपनियों के लिए है। कंपनियों को पहले से छपे लेबल को खत्म करने के लिए छह महीने का समय दिया गया है। इसके बाद कोई और अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। FSSAI ने अपनी जांच में पाया कि A1 और A2 का अंतर दूध में बीटा-कैसिइन प्रोटीन की संरचना से जुड़ा है। बीटा-कैसिइन प्रोटीन की संरचना गाय की नस्ल के आधार पर अलग-अलग होती है। जबकि, FSSAI का मौजूदा नियम इस अंतर को मान्यता नहीं देता है। बीटा कैसिइन दूसरा सबसे प्रचुर मात्रा में पाया जाने वाला प्रोटीन है। इसमें अमीनो एसिड का बेहतरीन न्यूट्रिशन बैलेंस है। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 (FSS अधिनियम) के तहत स्थापित एक स्वायत्त सांविधिक निकाय है। यह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन आता है। इसका हेडक्वार्टर दिल्ली में है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भारत के पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर एक ई-पत्रिका, सपनों की उड़ान जारी की

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भारत के पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर एक ई-पत्रिका, सपनों की उड़ान जारी की। ई-पत्रिका में देश भर के छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों द्वारा योगदान की गई कविता, निबंध, कहानियां, उपाख्यान और पहेलियों का मिश्रण है। स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग ने एनसीईआरटी के सहयोग से चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की लैंडिंग की पहली वर्षगांठ मनाने के लिए यह ई-पत्रिका जारी की। ई-पत्रिका के वर्चुअल लॉन्च के दौरान श्री प्रधान ने कहा कि यह शिक्षा को सुलभ और न्यायसंगत बनाकर राष्ट्रीय शिक्षा नीति की सिफारिशों को पूरा करेगा और छात्रों को 21वीं सदी की वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रिका का वर्तमान विषय, अंतरिक्ष, बच्चों की कल्पना की विशालता से मेल खाता है।

सरकार ने एंटीबायोटिक्स, दर्द निवारक और मल्टीविटामिन सहित 156 दवाओं पर प्रतिबंध लगाया

सरकार ने एंटीबायोटिक्स, दर्द निवारक और मल्टीविटामिन सहित 156 दवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है, क्योंकि एक समीक्षा के बाद पाया गया कि इनसे स्वास्थ्य को खतरा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा कि इन 156 दवाओं में निश्चित मात्रा में खुराक संयोजन तर्कहीन है। मंत्रालय ने कहा कि इन दवाओं के इस्तेमाल से लोगों को खतरा होने की संभावना है जबकि इनके सुरक्षित विकल्प उपलब्ध हैं। अधिसूचना में कहा गया है कि सरकार और ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड (डीटीएबी) की एक विशेषज्ञ समिति द्वारा की गई जांच के बाद यह निर्णय लिया गया है। मंत्रालय ने बताया कि डीटीएबी ने इन संयोजनों के दावों को सही नहीं पाया और यह मानते हुए फैसला लिया कि इनसे मरीज को फायदे के स्‍थान पर ज्यादा नुकसान है।

स्वास्थ्य मंत्री जे.पी.नड्डा ने एम बी बी एस डॉक्टरों के पंजीकरण के लिए नई दिल्ली में राष्ट्रीय चिकित्सा रजिस्टर पोर्टल का लोकार्पण किया

स्वास्थ्य मंत्री जे.पी.नड्डा ने एम बी बी एस डॉक्टरों के पंजीकरण के लिए नई दिल्ली में राष्ट्रीय चिकित्सा रजिस्टर पोर्टल का लोकार्पण किया। श्री नड्डा ने कहा कि यह पोर्टल देश के सभी एलोपैथिक (एमबीबीएस) पंजीकृत डॉक्टरों के लिए एक व्यापक डेटाबेस होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण भारत को डिजिटल रूप से मजबूत बनाना है और यह स्वास्थ्य तंत्र को डिजिटल बनाकर ही संभव है। श्री नड्डा ने कहा कि यह रजिस्टर इस दिशा में एक बडा कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार पैरामेडिकल और अन्य स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों के लिए भी ऐसा ही रजिस्टर शुरू करेगी। स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि देश भर के डॉक्टरों का प्रामाणिक डेटा महत्वपूर्ण है।

करगिल में यीगि लिपि के पाठन और लेखन से जुड़ा प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम का समापन हुआ

लद्दाख कला, संस्‍कृति और भाषा अकादमी द्वारा आयोजित यीगि लिपि के पाठन और लेखन से जुड़ा एक सप्‍ताह तक चला प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम करगिल में समाप्त हो गया। यह कार्यक्रम हिमालय सांस्कृतिक विरासत फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में संस्‍कृति प्रेमी, शिक्षाविद, विद्यार्थी और समाज के विभिन्‍न वर्गों से लोग शामिल हुए। समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता लद्दाख कला, संस्कृति और भाषा अकादमी के अध्‍यक्ष और मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी डॉक्‍टर मोहम्‍मद जाफर अखून ने की। उन्‍होंने कहा कि यीगि लिपि लद्दाख के बलति और पुर्गी समुदायों की समृद्ध विरासत और ज्ञान को जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण पुल के रूप में कार्य करती है।

भारतीय महिला पहलवानों ने जॉर्डन के अम्‍मान में अंडर-17 विश्‍व चैंपियनशिप का पहला टीम खिताब जीता

जॉर्डन के अम्मान में चल रही अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय महिलाओं ने अपना दबदबा कायम रखते हुए 185 अंकों के साथ अपना पहला खिताब जीता। जापान 146 अंकों के साथ दूसरे और कजाखस्तान 79 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। भारत की ओर से काजल स्वर्ण पदक जीतने वाली देश की पांचवीं महिला पहलवान बनीं। काजल ने 69 किलोग्राम भार वर्ग में यूक्रेन की ऑलेक्ज़ेंड्रा रयबक को 9-2 से हराकर जीत हासिल की। वहीं श्रुतिका पाटिल ने 46 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। राज बाला ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में जापान की मोनाका उमेकावा को 11-5 से हराकर कांस्य पदक जीता, जबकि मुस्कान ने 53 किलोग्राम भार वर्ग में अमेरिका की इसाबेला गोंजालेस को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में भारतीय महिलाओं ने पांच स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य सहित कुल आठ पदक जीते। वहीं दूसरी ओर, भारतीय पुरुष पहलवान फ्रीस्टाइल स्पर्धा में कोई भी पदक जीतने में असफल रहे। भारत के पास अब चैंपियनशिप में कुल 10 पदक हो गए हैं, जिसमें ग्रीको-रोमन कुश्ती स्पर्धा के दो कांस्य पदक शामिल हैं।

नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट में दावा, संपत्ति मूल्य वृद्धि के मामले में मुंबई विश्व में दूसरे स्थान पर

देश में प्रॉपर्टी के दाम हर महीने बढ़ रहे हैं। ऐसे में एक रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई और नई दिल्ली में रियल एस्टेट की कीमतों में सालाना आधार पर क्रमश: 13% और 10.6% की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि बेंगलुरु में मामूली 3.7% की वृद्धि देखी गई है। वैश्विक स्तर पर, मनीला 26% की वृद्धि के साथ नाइट फ्रैंक के प्राइम ग्लोबल सिटीज इंडेक्स में शीर्ष पर है वहीं मुंबई दूसरे नंबर पर। प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी फर्म नाइट फ्रैंक द्वारा जारी अंतरराष्ट्रीय सूचकांक ‘प्राइम ग्लोबल सिटीज इंडेक्स जो दुनिया भर के 44 शहरों में प्राइम आवासीय कीमतों के उतार-चढ़ाव पर नजर रखता है। यह सूचकांक स्थानीय मुद्रा में कीमतों पर नजर रखता है।

वित्‍त मंत्री सीतारमण ने उदयपुर में नए जीएसटी भवन का किया उद्घाटन

केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने राजस्थान के उदयपुर में केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के तहत सीजीएसटी, उदयपुर आयुक्तालय के एक आधिकारिक परिसर, जीएसटी भवन का उद्घाटन किया। केंद्रीय वित्त मंत्री ने सीमा शुल्क संचालन के लिए एक हैंडहेल्ड डिवाइस आइसटेब 2.0 भी लॉन्च किया। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि यह तत्क्षण जांच रिपोर्ट अपलोड करने और कार्गो की त्वरित निकासी में मदद करेगा।

भारत और मलेशिया के बीच ‘लोक प्रशासन और शासन सुधार के क्षेत्र में सहयोग’ पर पांच वर्षों की अवधि के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए

भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार विभाग (डीएआरपीजी) और मलेशिया सरकार के प्रधानमंत्री विभाग के लोक सेवा विभाग के बीच ‘लोक प्रशासन और शासन सुधार के क्षेत्र में सहयोग’ पर पांच वर्षों की अवधि के लिए 20 अगस्त, 2024 से प्रभावी समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। एमओयू के आदान-प्रदान के लिए औपचारिक समारोह भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर बिन इब्राहिम की उपस्थिति में 20 अगस्त, 2024 को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में आयोजित किया गया था। समझौता ज्ञापन का उद्देश्य यह है कि दोनों देश डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिक केंद्रित सेवाएं प्रदान करने; डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सार्वजनिक सेवाओं के प्रभावी वितरण के लिए सरकारी प्रक्रिया का सरलीकरण और रि-इंजिनियरिंग करने; सार्वजनिक सेवाओं के वितरण में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने; मानव संसाधन प्रबंधन/नेतृत्व विकास; सार्वजनिक क्षेत्र प्रबंधन और सुधार; लोक शिकायत निवारण तंत्र; और ई-गवर्नेंस/डिजिटल सरकार जैसे क्षेत्रों में सहयोग को प्रोत्साहित करने और बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रयास करें।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने घोषणा की कि आज से पंद्रह साल बाद यानी वर्ष 2040 में कोई भारतीय चंद्रमा की सतह पर उतरेगा

पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर आयोजित एक महत्वपूर्ण समारोह में, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने घोषणा की कि आज से पंद्रह वर्ष बाद, अर्थात वर्ष 2040 में, कोई भारतीय चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। भारत मंडपम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्र को संबोधित करते हुए डॉ. जितेन्द्र सिंह ने अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत की उल्लेखनीय उपलब्धियों और उसके महत्वाकांक्षी भविष्य के लक्ष्यों के बारे में प्रकाश डाला। उन्होंने यह स्मरण कराया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने घोषणा की थी कि 23 अगस्त, 2023 को पूरे देश में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाया जाएगा तथा चंद्रयान-3 के लैंडिंग स्थल का नाम 'शिव शक्ति प्वाइंट' रखा जाएगा। इस उद्घाटन समारोह के विषय, "चंद्रमा को छूते हुए जीवन को छूना: भारत की अंतरिक्ष गाथा", की गूंज पूरे कार्यक्रम में सुनाई दी।

एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने AI-संचालित फेस मैच के साथ सुरक्षा बढ़ाई

एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने अकाउंट की सुरक्षा बढ़ाने के लिए AI का लाभ उठाते हुए फेस मैच नामक एक नया सुरक्षा फीचर पेश किया है। यह उन्नत टूल संभावित खतरों का पता लगाने के लिए मशीन लर्निंग एल्गोरिदम का उपयोग करता है और ज़रूरत पड़ने पर चेहरे की पहचान करके सत्यापन करने का संकेत देता है। फेस मैच उपयोगकर्ता के व्यवहार, लेन-देन के पैटर्न, स्थान डेटा, ऐतिहासिक जानकारी और डिवाइस सिग्नल सहित कई कारकों का विश्लेषण करता है। यदि ये तत्व संभावित खतरे का संकेत देते हैं, तो सिस्टम फेस मैच को सक्रिय करता है, जिसके लिए उपयोगकर्ताओं को एक सेल्फी के माध्यम से अपनी पहचान सत्यापित करने की आवश्यकता होती है। इस सेल्फी की तुलना चेहरे की पहचान तकनीक और जीवंतता जांच का उपयोग करके अकाउंट ऑनबोर्डिंग के दौरान ली गई मूल तस्वीर से की जाती है।

डॉक्टरों की सुरक्षा हेतु नेशनल टास्क फोर्स गठित

केंद्र सरकार ने देश में डॉक्टरों की हड़ताल के बीच सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राष्ट्रीय टास्क फोर्स का गठन किया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 14 सदस्यों की इस समिति की घोषणा की है जिसमें कैबिनेट से लेकर गृह सचिव तक शामिल हैं। यह समिति तीन सप्ताह के दौरान अपनी अंतरिम रिपोर्ट देगी जबकि अंतिम रिपोर्ट के लिए दो महीने का वक्त दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मचारियों की सुरक्षा के अलावा अस्पतालों में बुनियादी विकास, सामाजिक कार्यकर्ताओं की तैनाती और अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी की स्थापना जैसे मुद्दों पर भी ध्यान दिया जाएगा। मंत्रालय ने जानकारी दी है कि राष्ट्रीय टास्क फोर्स (एनटीएफ) चिकित्सा पेशेवरों की सुरक्षा, कामकाजी परिस्थितियों और भलाई के अलावा अन्य संबंधित मामलों के समाधान को लेकर प्रभावी सिफारिशें तैयार करेगा।

NCLT ने स्लाइस और नॉर्थ ईस्ट स्मॉल फाइनेंस बैंक के विलय को मंजूरी दी

फिनटेक कंपनी स्लाइस को नॉर्थ ईस्ट स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ विलय के लिए राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) से मंजूरी मिल गई है। एनसीएलटी की गुवाहाटी पीठ ने गैराजप्रेन्योर इंटरनेट, क्वाड्रिलियन फाइनेंस, इंटरगैलेक्टरी फाउंड्री, आरजीवीएन (नॉर्थ ईस्ट) माइक्रोफाइनेंस और नॉर्थ ईस्ट स्मॉल फाइनेंस बैंक सहित कई संस्थाओं को शामिल करते हुए व्यवस्था और समामेलन की योजना को मंजूरी दी है।

संविधान की 75वीं वर्षगांठ पर पहली कॉन्स्टिट्यूशन एकेडमी स्थापित करेगी ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी

भारत का पहला संविधान संग्रहालय, जिसका नाम “संविधान अकादमी और अधिकार और स्वतंत्रता संग्रहालय” है, का उद्घाटन ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी द्वारा 26 नवंबर, 2024 को किया जाएगा। यह पहल भारतीय संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ का जश्न मनाती है। संग्रहालय भारतीय संविधान की गहन खोज प्रदान करेगा, इसके विभिन्न खंडों और उनके महत्व पर प्रकाश डालेगा। आगंतुक संविधान सभा के सदस्यों के प्रोफाइल से जुड़ सकते हैं, संविधान को आकार देने वाली बहसों और चर्चाओं की जांच कर सकते हैं, और पाठ्य, श्रव्य-दृश्य और अनुभवात्मक प्रारूपों के माध्यम से दस्तावेज़ के विकास का पता लगा सकते हैं।

अमूल को मिला दुनिया का सबसे मजबूत डेयरी ब्रांड का दर्जा

ब्रांड फाइनेंस की ग्लोबल फूड एंड ड्रिंक्स रिपोर्ट 2024 में अमूल को दुनिया का सबसे मजबूत फूड ब्रांड बताया गया है। 91 के ब्रांड स्ट्रेंथ इंडेक्स (बीएसआई) स्कोर और 3.3 बिलियन डॉलर के मूल्यांकन के साथ, अमूल ने 2023 से ब्रांड वैल्यू में 11% की बढ़ोतरी हासिल की। ​​भारत के डेयरी बाजार में कंपनी का प्रभुत्व और परिचितता, विचार और सिफारिश में मजबूत मेट्रिक्स ने इसकी AAA+ रेटिंग में योगदान दिया। अमूल के साथ AAA+ रेटिंग साझा करने वाली हर्षे की ब्रांड वैल्यू में मामूली गिरावट देखी गई, जिससे वह दूसरे स्थान पर आ गई।

ज़ोमैटो ने पेटीएम के मनोरंजन टिकटिंग व्यवसाय का अधिग्रहण किया

हाल ही में, ज़ोमैटो ने पेटीएम के मनोरंजन और टिकटिंग व्यवसाय को नकद सौदे में ₹2,048 करोड़ में खरीदने की मंजूरी दे दी है। यह कदम ज़ोमैटो के व्यापक जीवनशैली सेवा क्षेत्र में विस्तार को दर्शाता है, जिसमें भोजन, फ़िल्में, खेल टिकटिंग, लाइव प्रदर्शन, खरीदारी और स्टेकेशंस शामिल हैं। इस बीच, पेटीएम का लक्ष्य अपनी मुख्य वित्तीय सेवाओं पर फिर से ध्यान केंद्रित करना है।

अनिल अंबानी शेयर बाजार से 5 साल के लिए बैन

मार्केट रेगुलेटर SEBI ने फंड की हेराफेरी के मामले में इंडस्ट्रियलिस्ट अनिल अंबानी को शेयर बाजार से 5 साल के लिए बैन कर दिया है। अंबानी पर 25 करोड़ रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। रिलायंस होम फाइनेंस (RHFL) के पूर्व प्रमुख अधिकारियों समेत 24 अन्य एंटीटीज को बैन किया गया है और सभी पर अलग-अलग जुर्माना लगाया गया है। वहीं, रिलायंस होम फाइनेंस को 6 महीने के लिए बैन किया है और 6 लाख रुपए का जुर्माना लगा है। SEBI की ओर से जारी 222 पेज के फाइनल ऑर्डर के मुताबिक, जांच में पता चला कि RHFL के अधिकारियों की सहायता से अनिल अंबानी ने पैसों की हेराफेरी की। उन्होंने फंड का खुद इस्तेमाल किया, लेकिन दिखाया की ये फंड लोन के तौर पर दिया गया है। SEBI भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड अधिनियम, 1992 के प्रावधानों के अनुसार 12 अप्रैल, 1992 को स्थापित एक वैधानिक निकाय (एक गैर-संवैधानिक निकाय जिसे संसद द्वारा स्थापित किया गया) है। SEBI का मूल काम प्रतिभूतियों में निवेशकों के हितों की रक्षा करना तथा प्रतिभूति बाजार को बढ़ावा देना और विनियमित करना है। SEBI का मुख्यालय मुंबई में है और क्षेत्रीय कार्यालय अहमदाबाद, कोलकाता, चेन्नई और दिल्ली में हैं। SEBI के मौजूद अध्यक्ष माधबी पुरी बुच हैं, जो सेबी का नेतृत्व करने वाली पहली महिला हैं। वह तीन वर्ष तक इस पद पर बनी रहेंगी।

लुसाने डायमंड लीग में दूसरे स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा

22 अगस्त को लुसाने डायमंड लीग में नीरज ने 89.49 मीटर जैवलिन थ्रो किया और दूसरे स्थान पर रहे। ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने 90.61 मीटर थ्रो किया और पहले नंबर पर रहे। एंडरसन ने दो बार लुसाने डायमंड लीग के विश्व चैंपियन हैं और उन्होंने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। पेरिस ओलंपिक में जैवलिन थ्रो के फाइनल राउंड में नीरज ने 89.45 मीटर की दूरी तक भाला फेंक था। वहीं पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर तक भाला फेंकते हुए गोल्ड मेडल जीता था। नीरज चोपड़ा की ब्रांड वैल्यू 335 करोड़ रुपए हो गई है।

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस

हाल ही में भारत ने 23 अगस्त 2024 को अपना पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया। यह 23 अगस्त 2023 को चंद्रयान-3 मिशन के विक्रम लैंडर की चंद्र सतह पर सुरक्षित और सॉफ्ट लैंडिंग को चिह्नित करने हेतु मनाया गया। इसके अतिरिक्त चंद्रयान-3 पर आधारित वर्तमान निष्कर्ष चंद्रमा की दक्षिणी ऊपरी मृदा की संरचना का पहला विश्लेषण प्रस्तुत करते हैं और चंद्र सतह पर पर पिघले हुए पदार्थ के समुद्र की परिकल्पना का समर्थन करते हैं। 23 अगस्त को मनाया जाने वाला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों, विशेष रूप से चंद्रयान-3 की सफलता का स्मरण कराता है। वर्ष 2023 में चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण के साथ भारत चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने वाला चौथा देश बन गया और इसके दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र तक पहुँचने वाला पहला देश बन गया। यह भारत की अंतरिक्ष अन्वेषण क्षमताओं पर प्रकाश डालता है और इसका उद्देश्य भविष्य की पीढ़ियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) में कॅरियर बनाने के लिये प्रेरित करना है, जो भारत के चल रहे अंतरिक्ष प्रयासों में योगदान देगा। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 2024 का विषय है 'चंद्रमा को छूते हुए जीवन को छूना: भारत की अंतरिक्ष गाथा'।

धर्म या विश्वास के आधार पर हिंसा के कृत्यों के पीड़ितों की स्मृति में अंतर्राष्ट्रीय दिवस 2024

संयुक्त राष्ट्र हर वर्ष 22 अगस्त को ‘धर्म या मत के आधार पर हिंसक कृत्यों पीड़ितों की स्मृति में अंतर्राष्ट्रीय दिवस’ मनाता है। यह दिन धार्मिक हिंसा या विश्वास के आधार पर, धार्मिक अल्पसंख्यकों से संबंधित व्यक्तियों सहित, हिंसा और आतंकवाद को लक्षित करने वाले कार्यों की कड़ी निंदा करने के लिए मनाया जाता है। यह धार्मिक या विश्वास की स्वतंत्रता से संबंधित मानवाधिकारों को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों के हिस्से के रूप में धार्मिक उत्पीड़न के पीड़ितों की सहायता करने के महत्व पर जोर देता है। इसे पहली बार, 2019 में आधिकारिक बनाया गया था।

सीएसआईआर के पूर्व महानिदेशक गिरीश साहनी का निधन

वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के पूर्व महानिदेशक गिरीश साहनी का 68 साल की उम्र में निधन हो गया। साहनी को हृदय रोगों के इलाज के लिए क्लॉट बस्टर विकसित करने के लिए जाना जाता है। सीएसआईआर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए पोस्ट किया, ‘सीएसआईआर परिवार अपने पूर्व महानिदेशक डॉ. गिरीश साहनी के निधन पर शोक व्यक्त करता है।’ डॉ. साहनी रक्त के थक्कों पर अपने शोध और ‘थक्का बस्टर’ दवाओं के विकास के लिए प्रसिद्ध थे। उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल हैं:

  1. थक्का-विशिष्ट स्ट्रेप्टोकाइनेज का विकास, जिसे 2006 में न्यू जर्सी में नोस्ट्रम फार्मास्यूटिकल्स को $5 मिलियन में लाइसेंस दिया गया था।
  2. भारत की पहली स्वदेशी थक्का-बस्टर दवा बनाने वाली अग्रणी टीमें, जिसे कैडिला फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड द्वारा ‘एसटीपीएज़’ के रूप में विपणन किया गया।
  3. पुनः संयोजक स्ट्रेप्टोकाइनेज का विकास, जिसे ‘क्लॉटबस्टर’ और ‘लुपीफ्लो’ नामों के तहत विपणन किया गया।

Start Quiz! PRINT PDF

« Previous Next Affairs »

Notes

Notes on many subjects with example and facts.

Notes

QUESTION

Find Question on this Topic and many other subjects

Learn More

Test Series

Here You can find previous year question paper and mock test for practice.

Test Series

Download

Here you can download Current Affairs Question PDF.

Download

Join

Join a family of Rajasthangyan on


Contact Us Cancellation & Refund About Write Us Privacy Policy About Copyright

© 2024 RajasthanGyan All Rights Reserved.