Ask Question | login | Register
Notes
Question
Quiz
Test Series
Tricks

5 October 2024

कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन

पीएम मोदी ने कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन के तीसरे संस्करण में हिस्सा लिया। जहां उन्होंने कहा कि सरकार रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र का पालन कर रही है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन के तीसरे संस्करण में उपस्थित होने के लिए आभार व्यक्त किया। वित्त मंत्रालय के साथ साझेदारी में आर्थिक विकास संस्थान द्वारा आयोजित कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन (केईसी) का तीसरा संस्करण 4-6 अक्टूबर तक चलेगा। केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण ने को कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन (केईसी) के तीसरे संस्करण के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। उल्लेखनीय है कि कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन में करीब 150 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविद् और नीति निर्माता भारतीय अर्थव्यवस्था और वैश्विक दक्षिण की अर्थव्यवस्थाओं के सामने आने वाले कुछ सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक साथ आए हैं।

SCO की बैठक में शामिल होने पाकिस्तान जाएंगे विदेश मंत्री जयशंकर

विदेश मंत्री एस. जयशंकर 15-16 अक्टूबर को पाकिस्तान जाएंगे। वे पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होने वाली शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO के काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट (CHG) की बैठक में शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसकी जानकारी दी है। प्रधानमंत्री मोदी आखिरी बार साल 2015 में एक सरप्राइज विजिट पर लाहौर पहुंचे थे। तब उन्होंने पाकिस्तान के PM नवाज शरीफ से मुलाकात की थी। इसके बाद दिसंबर 2015 में भारत की तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी पाकिस्तान दौरे पर गई थीं। उनके इस दौरे के बाद से भारत के किसी भी प्रधानमंत्री या मंत्री ने पाकिस्तान की यात्रा नहीं की है। 2019 में जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया। तब से दोनों देशों के बीच कोई हाई-लेवल बैठक नहीं हुई है। पाकिस्तान ने 29 अगस्त, 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को SCO की मीटिंग में शामिल होने के लिए न्योता दिया था।

भारत और अमेरिका ने MoU पर साइन किया

भारत और अमेरिका ने क्रिटिकल मिनिरल्स की सप्लाई चेन के लिए एक नए समझौता ज्ञापन यानी MoU पर साइन किए। शुक्रवार, 4 अक्टूबर को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इसकी जानकारी दी। इस समझौते के तहत भारत के खान मंत्रालय और अमेरिकी सरकार के बीच सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। सेमीकंडक्टर की सप्लाई चेन को विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा, इससे भारत और अमेरिका के बीच सप्लाई चेन के नए रास्ते खुलेंगे और आपसी सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। इसके तहत मुख्य क्षेत्रों में विशेष उपकरणों, सेवाओं, नीतियों और बेस्ट प्रैक्टिसेस को आइडेंटिफाई किया जाएगा। इससे अमेरिका और भारत के लिए क्रिटिकल मिनिरल्स की एक्सप्लोरेशन, इक्स्ट्रैक्शन, प्रोसेसिंग और रिफाइनिंग, रिसाक्लिंग और रिकवरी से फायदेमंद कॉमर्शियल डेवलपमेंट होगा। बैठक में स्वच्छ ऊर्जा और पर्यटन जैसे नए क्षेत्रों की खोज पर बातचीत हुई।

गृहमंत्री ने अहमदाबाद के हाईटेक पुलिस मुख्यालय का उद्घाटन किया

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार, 3 अक्टूबर को गुजरात के अहमदाबाद में नवनिर्मित पुलिस कमिश्नर का नए हेडक्वॉर्टर का उद्घाटन किया। इसे 140 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अहमदाबाद का यह नया पुलिस मुख्यालय देश के सबसे हाईटेक हेडक्वार्टर में से एक है। अहमदाबाद पुलिस का यह नया हाईटेक मुख्यालय न केवल पुलिसकर्मियों का काम आसान करेगा, बल्कि शहर में बेहतर सुरक्षा और कानून व्यवस्था की सुविधा भी प्रदान करेगा। पुराने कार्यालय में अन्य सुविधाओं के अलावा अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के बैठने की व्यवस्था के लिए जगह की कमी थी। इसे ध्यान में रखते हुए, राज्य सरकार ने इस नए पुलिस आयुक्त कार्यालय का निर्माण करवाया है। यह लगभग 18,000 मीटर स्क्वायर में बना सात मंजिला बिल्डिंग है। पूरे बिल्डिंग में वाई-फाई के साथ एक डेटा सेंटर, तीन कॉन्फ्रेंस रूम हैं। पुलिसकर्मियों की फिटनेस के लिए सेकंड फ्लोर पर जिम भी है। पूरा हेडक्वॉर्टर सोलर पैनल से लैस है और बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर की भी व्यवस्था है। आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए ग्राउंड फ्लोर पर एक जन सेवा केंद्र बनाया गया है। हेडक्वॉर्टर के बेसमेंट में विशाल पार्किंग भी बनाई गई है।

शीनबाम मेक्सिको की पहली महिला राष्ट्रपति बनीं

मेक्सिको ने अपने 200 साल के इतिहास में पहली बार एक महिला राष्ट्रपति चुनी है। मैक्सिकन चुनाव आयोग के अनंतिम परिणाम के अनुसार, क्लाउडिया शीनबाम ने अपने निकटतम राष्ट्रपति प्रतिद्वंद्वियों पर अजेय बढ़त ले ली है। मेक्सिकोके राष्ट्रपति और क्लाउडिया शीनबाम के राजनीतिक गुरु एन्ड्रेस मैनुअल लोपेज़ ओब्रेडोर ने क्लाउडिया को उनकी जीत पर बधाई दी।

विदेशी मुद्रा भंडार पहली बार 700 अरब डॉलर के पार, सबसे से ज्यादा विदेशी मुद्रा भंडार रखने वाला दुनिया का चौथा देश भारत

देश का विदेशी मुद्रा भंडार पहली बार रिकॉर्ड 700 अरब डॉलर के पार पहुंच गया है। इसमें लगातार 7वें हफ्ते बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विदेशी मुद्रा भंडार में ये वृद्धि आरबीआई की डॉलर खरीदने और वैल्यूएशन में बढ़ोतरी की वजह से आई है। इसके साथ ही अब भारत चीन, जापान और स्विट्जरलैंड के बाद 700 अरब डॉलर से ज्यादा विदेशी मुद्रा भंडार रखने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है।

गुवाहाटी में होगा भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव

भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (आईआईएसएफ) 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2024 तक असम की राजधानी गुवाहाटी में आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव का आयोजन विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय और विज्ञान भारती के सहयोग से किया जा रहा है। भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव का मकसद वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना, उपलब्धियों को स्वीकार करना और भारतीय लोगों में जागरूकता फैलाना है। इस वर्ष विज्ञान महोत्‍सव की विषय वस्‍तु भारत को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के माध्‍यम से वैश्विक विर्निर्माण केन्‍द्र के रूप में परिवर्तित करना है।

डाक विभाग और अमेजन ने लॉजिस्टिक्स सहयोग बढ़ाने के लिए ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

डाक विभाग और अमेजन 2013 से मिलकर कार्यरत हैं और पार्सल भेजने के लिए अमेजन, डाक विभाग की विस्तृत प्रणाली का उपयोग कर रहा है। डाक विभाग, अपनी विस्तृत पहुंच के साथ, और दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों में से एक अमेजन के साथ मिलकर लॉजिस्टिक क्षमताओं में वृद्धि, रोजगार सृजन में सहयोग और आर्थिक विकास में योगदान कर भारत के बढ़ते ई-कॉमर्स क्षेत्र को सशक्त बनाना चाहते हैं। भारत में लॉजिस्टिक्स और ई-कॉमर्स को सशक्त करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, संचार मंत्रालय के तहत डाक विभाग (डीओपी) और अमेज़न सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड ने इस सहयोग को और मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थानों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

प्रधानमंत्री के स्वच्छ, हरित भविष्य और “आत्मनिर्भर भारत” के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए ऐतिहासिक समझौते के रूप में, स्वास्थ्य सेवा और अनुसंधान क्षेत्र में अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम (एनवीवीएन) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का उद्देश्य देश भर में आईसीएमआर संस्थानों के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग करना है, जो नवीकरणीय और सतत ऊर्जा की दिशा में भारत के प्रयासों का समर्थन करता है।

यूनाइटेड किंगडम चागोस द्वीप समूह को मॉरीशस को सौपने पर सहमत

यूनाइटेड किंगडम और मॉरीशस एक समझौते पर सहमत हो गए हैं जिसके तहत यूनाइटेड किंगडम अपने अधीन चागोस द्वीप समूह और डिएगो गार्सिया को मॉरीशस को वापस कर देगा।यह समझौता अफ़्रीकी महाद्वीप पर ब्रिटिश उपनिवेशवाद के अंत का भी प्रतीक है। इस समझौते की घोषणा 3 अक्टूबर 2024 को यूनाइटेड किंगडम के प्रधान मंत्री कीर स्टारमर और मॉरीशस के प्रधान मंत्री प्रविंद जुगनौथ द्वारा जारी एक संयुक्त बयान में की गई थी। समझौते के तहत, चागोस द्वीप समूह से विस्थापित मूल निवासियों को डिएगो गार्सिया को छोड़कर, चागोस द्वीप समूह पर वापस लौटने और बसने का अधिकार होगा। यूनाइटेड किंगडम डिएगो गार्सिया द्वीपों का 99 साल का पट्टा बरकरार रखेगा, जहां संयुक्त राज्य अमेरिका का एक महत्वपूर्ण का सैन्य अड्डा स्थित है।

नीति आयोग द्वारा तेलंगाना में महिला उद्यमिता मंच का शुभारंभ किया गया

एक महत्वपूर्ण पहल के तहत, NITI आयोग ने तेलंगाना सरकार के सहयोग से महिला उद्यमियों के लिए पहले राज्य चैप्टर का उद्घाटन किया है, जिसमें WE Hub नोडल संगठन के रूप में कार्य करेगा। महिला उद्यमियों को विभिन्न क्षेत्रों में समर्थन और संसाधन प्रदान करना, जिससे उनके व्यवसाय का विकास हो सके। महिला उद्यमिता प्लेटफार्म (WEP) तेलंगाना चैप्टर को क्षेत्र की महिला उद्यमियों को कई लक्षित पहलों के माध्यम से समर्थन देने के लिए डिजाइन किया गया है:
डिजिटल स्किलिंग: महिला उद्यमियों के लिए डिजिटल साक्षरता और तकनीकी कौशल को बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण और संसाधन प्रदान करना।
वित्तीय सेवाओं तक पहुंच: सरकार समर्थित ऋण और अनुदानों सहित वित्तीय सेवाओं तक आसान पहुंच प्रदान करना।
मेंटरशिप और नेटवर्किंग: उद्योग के नेताओं, संभावित निवेशकों और अन्य उद्यमियों के साथ संबंध स्थापित करने में सहायता करना।
बाजार संबंध: महिला नेतृत्व वाले व्यवसायों को बाजारों से जोड़ने में मदद करना, जिससे उनकी बिक्री बढ़ सके।

असम की सांस्कृतिक विरासत: आठ पारंपरिक उत्पादों को जीआई टैग प्राप्त हुआ

चेन्नई में भौगोलिक संकेत रजिस्ट्री ने असम के आठ उत्पादों को GI टैग प्रदान किया है, जिसमें बोडो ट्रेडिशनल ब्रूअर्स एसोसिएशन द्वारा बनाए गए तीन राइस बियर वैरिएंट शामिल हैं। इनमें 'बोडो जौ ग्वारन', 'मैबरा जौ बिडवी' और 'बोडो जौ गिशी' शामिल हैं। पारंपरिक खाद्य उत्पादों के संघ ने 'बोडो नाफम', 'बोडो ओंडला', 'बोडो ग्वाखा' और 'बोडो नार्ज़ी' के साथ-साथ 'बोडो अरोनाई' वस्त्र के लिये टैग सुरक्षित किये हैं।

अमेरिका से हार्पून एंटी-शिप मिसाइल सिस्टम ताइवान पहुंचा

ताइवान इन दिनों चीन से युद्ध की तैयारियों में जुटा हुआ है। इस बीच ताइवान को अमेरिका से 100 जमीन से लॉन्च होने वाले हार्पून एंटी शिप मिसाइलों का पहला बैच मिला है। हार्पून मिसाइल को रडार से आसानी से ट्रैक भी नहीं किया जा सकता है, क्योंकि यह समुद्र की सतह के काफी करीब उड़ान भरती है। अमेरिका ने कई युद्धों और दूसरे सैन्य अभियानों में हार्पून मिसाइल का इस्तेमाल किया हुआ है। इसके अलावा दुनियाभर के दर्जनों देश आज भी इस मिसाइल के अलग-अलग वेरिएंट को अपनी नौसेना में शामिल किए हुए हैं।

सेबी ने एनएसई डेटा एंड एनालिटिक्स लिमिटेड पर 12 लाख रुपसे का जुर्माना लगाया

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने NSE Data And Analytics Ltd पर कई नियामक उल्लंघनों के कारण ₹12 लाख का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना वित्तीय संस्थानों में अनुपालन को लेकर चल रही चिंताओं और बाजार में कठोर परिचालन मानकों को बनाए रखने के महत्व को उजागर करता है।

महिला टी20 विश्व कप के लिए ICC ने लॉन्च किया ‘AI Tool’

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने महिला टी20 विश्व कप में क्रिकेट समुदाय को विषाक्त सामग्री से बचाने और खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों के लिए एक सुरक्षित और समावेशी ऑनलाइन वातावरण बनाने के लिए एक ‘सोशल मीडिया मॉडरेशन’ टूल (कंप्यूटर सॉफ्टवेयर का एक हिस्सा) शुरू किया। यह टूर्नामेंट गुरुवार को शारजाह में शुरू हो रहा है और इसका फाइनल 20 अक्तूबर को दुबई में होगा। ‘गो बबल’ के सहयोग से यह कृत्रिम मेधा (एआई) संचालित टूल आधिकारिक और खिलाड़ियों के सोशल मीडिया चैनलों पर अभद्र भाषा और उत्पीड़न जैसी विषाक्त सामग्री की निगरानी करता है जिसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य की रक्षा करना और सकारात्मक माहौल को बढ़ावा देना है।

निशानेबाजी में, मुकेश नेलवल्ली, राजवर्धन पाटिल और हरसिमर सिंह रत्था की तिकड़ी ने आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैम्पियनशिप में जीत हासिल की

निशानेबाजी में, मुकेश नेलवल्ली, राजवर्धन पाटिल और हरसिमर सिंह रत्था की तिकड़ी ने पेरू में आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैम्पियनशिप में पुरुषों की 25 मीटर रैपिड-फायर पिस्टल टीम प्रतियोगिता में जीत हासिल की है। इस जीत से भारत को 11वां स्वर्ण पदक मिला है। भारत कुल 16 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर है जिसमें एक रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। चीन तीन स्वर्ण और एक रजत पदक के साथ दूसरे स्थान पर है।

विश्व पशु दिवस 2024: 4 अक्टूबर

दुनियाभर में हर साल 4 अक्टूबर को विश्व पशु दिवस (World Animal Day) मनाया जाता है। इस दिन पशुओं के कल्याण और उनके अधिकारों को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाती है ताकि लोगों में पशुओं के कल्याण के लिए जागरूकता बढ़े। इस दिन कई जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिसमें पशुओं की विभिन्न प्रजातियों को विलुप्त होने से बचाने और उनके संरक्षण के बारे में विचार किए जाते हैं। इस वर्ष के विश्व पशु दिवस की थीम, “The world is their home too” है।

Start Quiz! PRINT PDF

« Previous Next Affairs »

Notes

Notes on many subjects with example and facts.

Notes

QUESTION

Find Question on this Topic and many other subjects

Learn More

Test Series

Here You can find previous year question paper and mock test for practice.

Test Series

Download

Here you can download Current Affairs Question PDF.

Download

Join

Join a family of Rajasthangyan on


Contact Us Cancellation & Refund About Write Us Privacy Policy About Copyright

© 2024 RajasthanGyan All Rights Reserved.