Ask Question | login | Register
Notes
Question
Quiz
Tricks
Facts

17 March 2024

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू

आगामी लोकसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। ये चुनाव सात चरणों में कराये जाएंगेमतगणना चार जून को होगी। प‍हले चरण में अगले महीने की 19 तारीख को लोकसभा की 102 सीटों पर मतदान होगा। दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 89 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। तीसरा चरण सात मई को होगा, जिसमें 94 सीटों पर मतदान होगा। चौथे चरण में 13 मई को 96 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। पांचवें चरण में 20 मई को 49 संसदीय सीटों पर मतदान होगा, जबकि छठे चरण में 25 मई को 57 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में पहली जून को 57 संसदीय सीटों पर मतदान होगा। मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त राजीव कुमार ने बताया कि गुजरात, तमिलनाडु, पंजाब, तेलंगाना, केरल, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्‍ली मेघालय और नगालैंड समेत 22 राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एक ही चरण में मतदान होगा। कर्नाटक, राजस्‍थान, मणिपुर और त्रिपुरा में दो चरणों में वोट डाले जाएंगे, जबकि छत्‍तीसगढ और असम में लोकसभा चुनाव तीन चरणों में होगा। मध्‍य प्रदेश और झारखंड में चार चरणों में तथा महाराष्‍ट्र और जम्‍मू-कश्‍मीर में पांच चरणों में वोट डाले जाएंगे। उत्‍तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम-बंगाल में सात चरणों में मतदान होगा। निर्वाचन आयोग ने सिक्किम, ओडिसा, आंध्र-प्रदेश और अरूणाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की भी घोषणा की। 32 सदस्‍यों वाली सिक्किम विधानसभा और 60 सदस्‍यों की अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के लिए लोकसभा चुनावों के साथ 19 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा। इसी प्रकार 175 सदस्‍यों की आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 13 मई को एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे। 147 सदस्‍यों वाली ओडिसा विधानसभा चुनाव के लिए 13, 20 और 25 मई तथा पहली जून को चार चरणों में वोट डाले जाएंगे।

संयुक्त राष्ट्र मानव विकास सूचकांक: भारत 193 देशों की सूची में 134वें पायदान पर

मानव विकास सूचकांक (HDI) में भारत 193 देशों की सूची में 134वें नंबर पर है। साल 2022 की रैंकिंग में भारत की स्थिति पहले से बेहतर हुई है। 2021 के सूचकांक की तुलना में एक पायदान ऊपर पहुंचा भारत कई मायने में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र की तरफ से जारी इस रिपोर्ट के मुताबिक भारत लैंगिक असमानता सूचकांक (जीआईआई) 2022 में 108वें स्थान पर रहा। GII-2021 में 0.490 स्कोर के साथ 191 देशों में इसकी रैंक 122 थी। इससे पता लगता है कि देश में लैंगिक असमानता को दूर करने की दिशा में बीते कुछ महीनों में उल्लेखनीय प्रयास किए गए हैं।

नवनीत कुमार सहगल प्रसार भारती के नये अध्‍यक्ष बने

नवनीत कुमार सहगल प्रसार भारती के नये अध्‍यक्ष बन गए हैं। श्री सहगल भारतीय प्रशासनिक सेवा के उत्तर प्रदेश संवर्ग के 1988 बैच के सेवानिवृत अधिकारी है। वे प्रसार भारती के पूर्व अध्यक्ष ए. सूर्यप्रकाश का स्‍थान लेंगे जिनका कार्यकाल 2020 में समाप्‍त हो गया था। नवनीत कुमार सहगल के नाम पर उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ के नेतृत्‍व वाली चयन समिति की स्वीकृति के बाद, राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने श्री सहगल की नियुक्ति की है।

ग्रीष्मा कुठार और रितिका चोपड़ा को संयुक्त रूप से मिला चमेली देवी जैन पुरस्कार

वर्ष की उत्कृष्ट महिला मीडिया पर्सन के लिए चमेली देवी जैन पुरस्कार 2024 स्वतंत्र पत्रकार ग्रीष्मा कुठार और इंडियन एक्सप्रेस की रितिका चोपड़ा को संयुक्त रूप से दिया गया है। वर्ष की उत्कृष्ट महिला मीडिया पर्सन के लिए चमेली देवी जैन पुरस्कार की स्थापना 1980 में मीडिया फाउंडेशन द्वारा की गई थी। इसका नाम चमेली देवी जैन के नाम पर रखा गया है, जो एक स्वतंत्रता सेनानी और सामुदायिक सुधारक थीं, जिन्हें भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जेल में डाल दिया गया था। पहला पुरस्कार 1982 में दिया गया था और तब से यह प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार सामाजिक विकास, राजनीति, लैंगिक न्याय, मानवाधिकार, स्वास्थ्य, संघर्ष और उपभोक्ता मूल्यों जैसे क्षेत्रों में प्रभावशाली पत्रकारिता को मान्यता देता है।

दिल्ली के उदय भाटिया और हरियाणा की मानसी गुप्ता को मिला डायना स्मृति पुरस्कार

दिल्ली के उदय भाटिया और हरियाणा की मानसी गुप्ता को 14 मार्च 2024 को ‘डायना स्मृति पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। इनके साथ दुनिया भर के कुल 20 लोगों को ‘डायना स्मृति पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार राजकुमारी डायना की स्मृति में प्रति दो वर्ष में एक बार दिया जाता है। यह पुरस्कार विश्व के असाधारण युवाओं को उनके सामाजिक कार्यों या मानवीय सेवाओं के लिए प्रदान किया जाता है। इस वर्ष दिवंगत प्रिंसेस ऑफ वेल्स की स्मृति में स्थापित डायना अवॉर्ड चैरिटी की 25वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। उदय भाटिया और मानसी गुप्ता को लंदन के विज्ञान संग्रहालय में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रिंस विलियम ने पुरस्कार प्रदान किया। प्रिंस विलियम, दिवंगत राजकुमारी डायना के बड़े बेटे हैं।

मुंबई में भारतीय मानक समय के विस्तार के लिए राष्ट्रीय समय प्रोटोकॉल – एनटीपी का उद्घाटन

केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई में भारतीय मानक समय के विस्तार के लिए राष्ट्रीय समय प्रोटोकॉल – एनटीपी का उद्घाटन किया। इससे मिलीसेकंड सटीकता के साथ समान और सटीक समय की जानकारी मिलेगी और साइबर सुरक्षा भी बढ़ेगी। जनता इसे लेकर टी आई एम ई . एन पी एल आई एन डी आई ए . ओ आर जी या टी आई एम ई . एन पी एल आई एन डी आई ए . आई एन पर जानकारी ले सकते हैं। श्री गोयल ने फरीदाबाद और अहमदाबाद में क्षेत्रीय संदर्भ मानक प्रयोगशाला – आरआरएसएल में टाइमिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का भी वर्चुअल उद्घाटन किया। भारत समय वितरण प्रणाली लागू करने वाला पहला देश है। साल के अंत तक बेंगलुरु, भुवनेश्वर, गुवाहाटी और दिल्ली में आरआरएसएल में परमाणु घड़ी लगा दी जाएगी।

शतायेह के इस्तीफे के बाद मुस्तफा बने फिलिस्तीन के नए प्रधानमंत्री

इजरायल-हमास के मध्य जारी संघर्ष के दौरान 14 मार्च 2024 को फिलिस्तीनी प्राधिकरण (पीए) के नये प्रधानमंत्री के रूप में मुस्तफा को नियुक्त किया गया। मोहम्मद शतयेह के इस्तीफा के बाद मोहम्मद मुस्तफा, फिलिस्तीन के नए प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त किए गए। इन्हें फिलिस्तीन के राष्ट्रपति मोहम्मद अब्बास ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मोहम्मद मुस्तफा फिलिस्तीन के प्रमुख व्यवसायियों में से एक हैं। मोहम्मद मुस्तफा ने हमास इस्लामवादी शासन के तहत गाजा पुनर्निर्माण की देखरेख में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

डीएचएल कनेक्टेडनेस इंडेक्स पर भारत 62वें स्थान पर

हाल ही में प्रकाशित डीएचएल ग्लोबल कनेक्टेडनेस रिपोर्ट 2024 के अनुसार, भारत डीएचएल ग्लोबल कनेक्टेडनेस 2023 इंडेक्स पर 62वें स्थान पर है। 2022 सूचकांक में भारत 67वें स्थान पर था। डीएचएल ग्लोबल कनेक्टेडनेस रिपोर्ट 2011 से प्रतिवर्ष प्रकाशित की जाती है। यह रिपोर्ट जर्मन लॉजिस्टिक्स कंपनी डीएचएल द्वारा न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस के साथ मिलकर तैयार की गई है। किसी देश की दुनिया से कनेक्टिविटी को व्यापार, पूंजी, सूचना और लोगों के वैश्विक आदान-प्रदान से मापा जाता है। इन संकेतकों के आधार पर, रिपोर्ट 181 देशों और क्षेत्रों को रैंक करती है। 2024 संस्करण में 181 देशों की कनेक्टिविटी को रैंक किया गया है, जो दुनिया के सकल घरेलू उत्पाद का 99.7% और वैश्विक आबादी का 98.7% है। सिंगापुर विश्व स्तर पर सबसे अधिक जुड़ा हुआ देश पाया गया , उसके बाद क्रमश: नीदरलैंड और आयरलैंड हैं । रिपोर्ट में यूरोप को विश्व स्तर पर सबसे अधिक जुड़ा हुआ क्षेत्र पाया गया। यूरोप के बाद, सबसे अधिक जुड़े हुए क्षेत्र उत्तरी अमेरिका था और उसके बाद क्रमश: मध्य पूर्व (पश्चिम एशिया) और उत्तरी अफ्रीका थे।

भारतीय सेना ने जोधपुर में पहली अपाचे स्क्वाड्रन स्थापित किया

पश्चिमी सीमा पर भारत की रक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में भारतीय सेना ने 15 मार्च 2024 को जोधपुर में अपाचे एएच-64 लड़ाकू हेलीकॉप्टर से सुसज्जित अपना पहला अपाचे हेलीकॉप्टर स्क्वाड्रन स्थापित किया है । 6 अपाचे हेलीकॉप्टर से युक्त इस स्क्वाड्रन का संचालन भारतीय सेना के एविएशन कोर द्वारा किया जाएगा। भारतीय वायु सेना वर्तमान में 22 अपाचे एएच-64 लड़ाकू हेलीकॉप्टर का संचालन कर रही है। स्क्वाड्रन का गठन भारतीय सेना विमानन के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अजय सूरी और बोइंग के अधिकारियों के साथ-साथ अन्य वरिष्ठ भारतीय सेना के अधिकारियों, की उपस्थिति में किया गया था।

एसबीआई को कॉर्पोरेट उत्कृष्टता के लिए ईटी अवार्ड्स 2023 में कंपनी ऑफ द ईयर अवार्ड से सम्मानित किया गया

भारत के सबसे बड़े वाणिज्यिक बैंक, भारतीय स्टेट बैंक को ईटी कॉर्पोरेट उत्कृष्टता पुरस्कार 2023 के लिए कंपनी ऑफ द ईयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ईटी कॉर्पोरेट उत्कृष्टता पुरस्कार 2023 समारोह, 15 मार्च 2024 को मुंबई में आयोजित किया गया था। इस समारोह में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बतौर अतिथि शामिल हुईं। ईटी कॉर्पोरेट उत्कृष्टता पुरस्कार, भारत के प्रमुख वित्तीय समाचार पत्र, इकोनॉमिक टाइम्स द्वारा प्रायोजित है। यह पुरस्कार उद्यमशीलता और व्यावसायिक सफलता के साथ-साथ नीति और सुधार उपलब्धियों में सर्वश्रेष्ठ और प्रतिभाशाली लोगों के योगदान को मान्यता देता है और उन्हें सम्मानित करता है। विभिन्न श्रेणी में विजेताओं का चयन टाटा संस के अध्यक्ष एन.चंद्रशेखरन की अध्यक्षता वाली सात सदस्यीय जूरी द्वारा किया गया।

श्री अर्जुन मुंडा ने वर्चुअल माध्यम से झारखंड के खरसावां जिले के पदमपुर में 'जनजातीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण और संवर्धन केंद्र' की स्थापना के लिए से 10 करोड़ रुपये की परियोजना की आधारशिला रखी

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री; कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री अर्जुन मुंडा ने वर्चुअल माध्यम से झारखंड के खरसावां जिले के पदमपुर में 'जनजातीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण और संवर्धन केंद्र' की आधारशिला रखी। यह संग्रहालय झारखंड राज्य में आदिवासी समुदाय की समृद्ध विरासत को चित्रांकित करने और संरक्षित करने का एक अनुठा प्रयास है, तथापि समृद्ध आदिवासी जीवन शैली और संस्कृति को दर्शाता है। एक अन्य कार्यक्रम में, श्री अर्जुन मुंडा ने नई दिल्ली में भारतीय आदिम जाति सेवक संगठन (बीएजेएसएस) में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित पुनर्निर्मित राष्ट्रीय अद्वितीय जनजातीय संग्रहालय, ई-लाइब्रेरी और अनुसूचित जन‍जाति बालिका छात्रावास का उद्घाटन किया। बीएजेएसएस की स्थापना वर्ष 1948 में श्री अमृतलाल विट्ठलदास ठक्कर द्वारा की गई थी, उन्हें ठक्कर बापा के नाम से जाना जाता था, वो एक भारतीय सामाजिक कार्यकर्ता थे, उन्होंने आदिवासी लोगों के उत्थान के लिए कार्य किया था।

दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स में पहली बार दो गुर्दों का सफल प्रत्यारोपण किया गया

दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स में, पहली बार दो गुर्दों का सफल प्रत्यारोपण किया गया है। इसके लिए दोनों गुर्दे 78 वर्ष की एक महिला ने दिए जिसे सिर की गंभीर चोट के साथ एम्स में भर्ती किया गया था। महिला को मृत घोषित करने के बाद उनके परिवार ने अंगदान पर सहमति व्यक्त की थी। एम्स के अनुसार, अंगदाता महिला एम्स की दूसरी सबसे वयोवृद्ध अंगदाता थीं। उनके गुर्दे 51 वर्ष की एक महिला में प्रत्यर्पित किए गए, जो डायलसिस पर थीं।

अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा इस वर्ष अक्‍टूबर में बृहस्‍पति के चांद यूरोपा पर मैसेज इन ए बॉटल भेजेगी

अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा इस वर्ष अक्‍टूबर में, बृहस्‍पति के चांद यूरोपा पर मैसेज इन ए बॉटल भेजेगी। इस अभियान को यूरोपा क्‍लीपर मिशन का नाम दिया गया है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि बृहस्‍पति की बर्फीली सतह के नीचे नमकीन झील है और इस अभियान के तहत वैज्ञानिक वहां जीवन की संभावना तलाशेंगे। यूरोपा क्‍लीपर विमान एक त्रिकोणीय धातु का प्‍लेट लेकर जाएगा। इस प्‍लेट के बाहरी हिस्से पर हिंदी सहित एक सौ तीन भाषाओं में पानी शब्‍द से उच्‍चरित ध्‍वनि तरंग को दर्शाया जाएगा

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड-सेबी ने 28 मार्च से टी प्लस ज़ीरो सेट्लमेंट के बीटा संस्करण को वैकल्पिक आधार पर शुरू करने की मंजूरी दी

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड-सेबी ने इस महीने की 28 तारीख़ से टी प्लस ज़ीरो सेट्लमेंट के बीटा संस्करण को वैकल्पिक आधार पर शुरु करने की मंजूरी दे दी है। टी प्लस ज़ीरो सेट्लमेंट का अर्थ है– पूंजी बाज़ार में कारोबार के दिन ही राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। यह सुविधा 25 शेयरों और सीमित शेयर ब्रोकर्स के लिए शुरु की गई है। सेबी ने कहा है कि शेयरधारकों से आगे भी परामर्श जारी रखा जाएगा जिसमें बीटा संस्करण के उपयोगकर्ता भी शामिल होंगे। सेबी के अनुसार, बीटा संस्करण लागू करने के बाद, हर तिमाही और छमाही के अंत में कार्य की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

केंद्र सरकार ने खूंखार कुत्तों की बिक्री और प्रजनन पर प्रतिबंध का किया प्रस्ताव

केंद्र सरकार खूंखार कुत्तों की बिक्री और प्रजनन पर प्रतिबंध का प्रस्ताव किया है। पशुपालन मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मानव जीवन के लिए खतरनाक कुत्तों की 23 नस्लों की बिक्री, प्रजनन या उन्हें पालने पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया है। पशुपालन और डेयरी विभाग ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि सरकार ने लोगों की सुरक्षा की चिंता करते हुए ऐसे अनेक कुत्तों की कई नस्लों पर प्रतिबंध लगाने पर विचार किया है। पोस्‍ट में कहा गया है कि रॉटवीलर, पिटबुल और अमेरिकन बुलडॉग जैसी नस्लों पर नजर रखी जा रही है। सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि जिन कुत्तों को पहले से ही पालतू जानवर के रूप में रखा गया है, प्रजनन रोकने के लिए उनका वंध्यीकरण किया जाना चाहिए।

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर मैथ्यू वेड ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास का किया ऐलान

ऑस्ट्रेलिया के स्टार क्रिकेटर मैथ्यू वेड ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। हालांकि, वह वनडे और टी20 खेलते रहेंगे। 36 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज अपने करियर का आखिरी मुकाबला पर्थ में पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तस्मानिया के लिए खेलेंगे। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का 166वां मैच होगा।

राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस 2024

प्रति वर्ष 16 मार्च को ‘राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस’ मनाया जाता है। यह सार्वजनिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों की सामूहिक प्रतिबद्धता के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन है। टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष 2024 के ‘राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस’ का विषय “टीके सभी के लिए काम करते हैं” है।

लद्दाख के जाने माने बौद्ध भिक्षु लामा लोबजांग का निधन हो गया

राष्ट्रीय अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व सदस्‍य और लद्दाख के जाने माने बौद्ध भिक्षु लामा लोबजांग का नई दिल्ली में उनके आवास पर निधन हो गया। वे 94 वर्ष के थे। प्रतिष्ठित जनजातीय नेता लोबजांग ने 1984 से 19 वर्षों तक राष्ट्रीय अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग में कार्य किया था। संविधान के अनुच्छेद 338 में संशोधन के माध्यम से जब इस आयोग को संवैधानिक बनाया गया तो लोबजांग को 1995 से 1998 और 1998 से 2001 तक दो कार्यकाल के लिये सदस्य नियुक्त किया गया था । उन्‍होंने 2004 से 2007 तक आयोग के सदस्य के रूप में एक और कार्यकाल पूरा करने के बाद सार्वजनिक जीवन से संयास ले लिया।

Start Quiz! PRINT PDF

« Previous Next Affairs »

Notes

Notes on many subjects with example and facts.

Notes

QUESTION

Find Question on this Topic and many other subjects

Learn More

Test Series

Here You can find previous year question paper and mock test for practice.

Test Series

Download

Here you can download Current Affairs Question PDF.

Download

Join

Join a family of Rajasthangyan on


Contact Us Contribute About Write Us Privacy Policy About Copyright

© 2024 RajasthanGyan All Rights Reserved.