Ask Question | login | Register
Notes
Question
Quiz
Test Series
Tricks

28 September 2024

ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स 2024 में 133 देशों में भारत 39वें स्थान पर पहुंचा

भारत ने ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स (GII) 2024 यानि वैश्विक नवाचार सूचकांक में 133 वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में 39वां स्थान हासिल कर लिया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने घोषणा की कि भारत मध्य और दक्षिणी एशिया क्षेत्र की 10 अर्थव्यवस्थाओं में भी पहले स्थान पर है। जीआईआई रैंकिंग में भारत का उत्थान उल्लेखनीय है। दरअसल, 2015 में देश 81वें स्थान पर था। वहीं अब यह 39वें स्थान पर पहुंच गया है। ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स-2024 133 अर्थव्यवस्थाओं के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के प्रदर्शन का मूल्यांकन करता है और नवीनतम वैश्विक नवाचार रुझानों को ट्रैक करता है। इसे सरकारों के लिए अपने देशों में नवाचार-आधारित सामाजिक और आर्थिक परिवर्तनों का आकलन करने के लिए एक विश्वसनीय उपकरण माना जाता है। विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (डब्ल्यूआईपीओ) के जीआईआई 2024 के अनुसार, स्विट्जरलैंड, स्वीडन, अमेरिका, सिंगापुर और यूके दुनिया की सबसे अधिक नवोन्मेषी अर्थव्यवस्थाएं हैं, जबकि चीन, तुर्की, भारत, वियतनाम और फिलीपींस पिछले एक दशक में सबसे तेजी से ऊपर आने वाले देश हैं। बताना चाहेंगे जीआईआई को 2007 में INSEAD, एक बिजनेस स्कूल और वर्ल्ड बिजनेस व एक ब्रिटिश पत्रिका द्वारा शुरू किया गया था जो वैश्विक नवाचार का एक व्यापक माप प्रदान करता है।

शिगेरू इशिबा जापान के अगले प्रधानमंत्री होंगे

जापान में रक्षा मंत्री रह चुके शिगेरू इशिबा अब देश के नए प्रधानमंत्री होंगे। शुक्रवार, 27 सितंबर को लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) के चुनाव में उन्होंने जीत दर्ज की। वे 1 अक्टूबर को संसद सत्र की शुरुआत के साथ पद संभालेंगे। LDP पार्टी के पास संसद के दोनों सदन में बहुमत है। ऐसे में पार्टी अध्यक्ष चुने गए इशिबा अब जुलाई 2025 तक PM पद पर रहेंगे। इसके बाद देश में आम चुनाव होंगे।

त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्र सेना रेड्डी नल्लू ने मिजोरम का अतिरिक्त प्रभार संभाला

त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्र सेना रेड्डी नल्लू को 26 सितंबर को मिजोरम के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे मिजोरम के मौजूदा राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति की अनुपस्थिति में उनकी जिम्मेदारियां संभालेंगे। इंद्रसेना रेड्डी नल्लू तेलंगाना के पॉलिटिशियन रहे हैं। वे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव थे जब उन्हें त्रिपुरा के राज्यपाल की जिम्मेदारी मिली थी। इससे पहले वे पार्टी की संयुक्त राज्य इकाई के अध्यक्ष थे।

ताशकंद में भारत और उज्बेकिस्तान ने द्विपक्षीय निवेश-संधि पर हस्ताक्षर किए

ताशकंद में भारत और उज्बेकिस्तान ने द्विपक्षीय निवेश संधि पर हस्ताक्षर किए। संधि पर वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन और उज्बेकिस्तान के उप प्रधानमंत्री खोदजायेव जमशेद अब्दुखा किमोविच ने हस्ताक्षर किए। भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच यह संधि भारत में उज़्बेकिस्तान के निवेशकों और उज़्बेकिस्तान में भारतीय निवेशकों को उचित सुरक्षा का आश्वासन देती है। यह संधि न्यूनतम मानक के उपचार और गैर-भेदभाव का आश्वासन देकर निवेशकों का विश्वास बढ़ाएगी, जबकि मध्यस्थता के माध्यम से विवाद निपटान के लिए एक स्वतंत्र मंच प्रदान करेगी। इसमें पारदर्शिता, स्थानांतरण और नुकसान के मुआवजे का भी प्रावधान करता है।

विश्व पर्यटन दिवसः पर्यटन मंत्रालय ने ‘पर्यटन मित्र’ और ‘पर्यटन दीदी’ नामक राष्ट्रीय दायित्‍वपूर्ण पहल शुरू की

विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन मंत्रालय ने पर्यटन मित्र और पर्यटन दीदी नामक एक राष्ट्रीय दायित्‍वपूर्ण पर्यटन पहल शुरू की है। इस पहल का प्राथमिक उद्देश्य पर्यटक स्‍थलों पर पर्यटकों के समग्र अनुभव को बेहतर बनाना है। मंत्रालय ने कहा कि इस पहल के अंतर्गत, महिलाओं और युवाओं के प्रशिक्षण पर विशेष ध्‍यान दिया जा रहा है। पर्यटन-विशिष्ट प्रशिक्षण के बाद डिजिटल साक्षरता और डिजिटल उपकरणों में सामान्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनके अनुभव राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पर्यटकों को दिखाई दें। इस वर्ष 15 अगस्त को इस कार्यक्रम के शुरू होने के बाद से, लगभग तीन हजार लोगों को छह प्रायोगिक स्‍थलों में पर्यटकों के लिए एक सकारात्मक अनुभव के महत्व पर प्रशिक्षित किया गया है, जिससे वे पर्यटन मित्र बन सकें।

पर्यटकों के लिए पर्यटन मंत्रालय ने शुरू किया अतुल्य भारत कंटेंट हब और डिजिटल पोर्टल

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने नए सिरे से तैयार किए गए अतुल्य भारत डिजिटल पोर्टल पर अतुल्य भारत कंटेंट हब शुरू किया। अतुल्य भारत कंटेंट हब एक व्यापक डिजिटल संग्रह है। इसमें भारत में पर्यटन से संबंधित उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें, फिल्में, ब्रोशर और समाचार पत्रों का समृद्ध संग्रह शामिल है। यह संग्रह विभिन्न हितधारकों के उपयोग के लिए है। इसमें टूर ऑपरेटर, पत्रकार, छात्र, शोधकर्ता, फिल्म निर्माता, लेखक, प्रभावशाली व्यक्ति, सामग्री निर्माता, सरकारी अधिकारी और राजदूत शामिल हैं।

आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने 9वें आयुर्वेद दिवस की थीम ‘वैश्विक स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद नवाचार’ की घोषणा की

आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने 9वें आयुर्वेद दिवस की थीम “वैश्विक स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद नवाचार” की घोषणा की। इस साल आयुर्वेद दिवस 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा। दिल्ली में श्री जाधव ने कहा कि विषय विभिन्न नवीन अभ्यास समाधानों के माध्यम से वैश्विक स्वास्थ्य प्रणाली में आयुर्वेद के योगदान की क्षमता को रेखांकित करता है। आयुर्वेद दिवस हर साल धन्वंतरि जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इसे धनतेरस के नाम से भी जाना जाता है। 2016 से प्रतिवर्ष आयुर्वेद दिवस मनाया जाता है। यह उत्सव भारतीय पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली और देश की समग्र स्वास्थ्य देखभाल संस्कृति के एक अनिवार्य हिस्से के रूप में आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

जीएसटी परिषद ने क्षतिपूर्ति उपकर पर जीओएम का किया गठन

माल एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में 10 सदस्यीय मंत्री समूह (जीओएम) का गठन किया है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की अध्‍यक्षता वाला जीओएम मार्च 2026 में क्षतिपूर्ति उपकर समाप्त होने के बाद विलासिता तथा अहितकर वस्तुओं पर कर के बारे में निर्णय करेगा। पंकज चौधरी की अध्यक्षता वाले जीओएम में असम, छत्तीसगढ़, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के सदस्य शामिल हैं। यह जीओएम 31 दिसंबर, 2024 तक जीएसटी परिषद को रिपोर्ट सौंपेगा। जीएसटी व्यवस्था में विलासिता संबंधी वस्तुओं पर 28 फीसदी कर के अलावा क्षतिपूर्ति उपकर लगाया जाता है। सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान राज्यों के राजस्व नुकसान की भरपाई करने के लिए वित्त वर्ष 2021 और 2022 में 2.69 लाख करोड़ रुपये उधार लिए थे। इसलिए जीएसटी परिषद ने ऋण और ब्याज को चुकाने के लिए क्षतिपूर्ति उपकर को मार्च 2026 तक बढ़ाने का फैसला किया था।

केंद्र सरकार ने गठित की 24 संसदीय समितियां, लोकसभा से 21 और राज्यसभा से 10 सदस्य शामिल

केंद्र सरकार ने विभिन्न मंत्रालयों से जुड़ी 24 संसदीय समितियों का गठन कर दिया है। इसमें पार्टियों के सदस्यों को चुना गया है। इसमें बीजेपी नेता राधामोहन सिंह को रक्षा मामलों, भर्तृहरि महताब को वित्त मामलों, राधा मोहन दास अग्रवाल को गृह मामलों और कांग्रेस नेता शशि थरूर को विदेश मामलों की समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को रक्षा मामले की समिति का सदस्य बनाया गया है। विभाग संबंधी कुल 24 स्थायी समितियों में से 11 की अध्यक्षता भाजपा के सदस्यों को मिली है। चार समितियों का नेतृत्व भाजपा के सहयोगी दलों को मिला है। कांग्रेस से जुड़े नेता चार समितियों की अध्यक्षता करेंगे। दो-दो समितियों के द्रमुक और तृणमूल कांग्रेस के सांसद अध्यक्ष होंगे और एक संसदीय स्थायी समिति की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के सांसद करेंगे। प्रत्येक समिति में लोकसभा से 21 और राज्यसभा से 10 सदस्यों को शामिल किया गया है।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तीन वर्ष पूरे, तीन साल में 67 करोड़ से ज्यादा आभा खाते खोले गए

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत पिछले तीन वर्षों में 67 करोड़ से अधिक आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाते यानि आभा बनाए गए हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने डिजिटल हेल्थ केयर मिशन की तीसरी वर्षगांठ पर एक कार्यक्रम आयोजित किया। मंत्रालय ने बताया कि मिशन के तहत 42 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड आभा से जोड़े गए हैं। इसमें 17 हजार सुविधाओं सहित डिजिटल मिशन से एक लाख 30 हजार से अधिक सुविधाएं जुड़ी हुई हैं। 3 लाख से अधिक सुविधाओं और चार लाख 70 हजार स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा प्रदाता रजिस्ट्री में सफलतापूर्वक पंजीकृत किया गया है। उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर 2021 को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन(एबीडीएम) लॉन्च किया गया था।

ड्वेन ब्रावो KKR के मेंटॉर बने

वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स यानी KKR के मेंटॉर बन गए हैं। वे गौतम गंभीर की जगह लेंगे। ब्रावो ने गुरुवार को ही क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट का ऐलान किया था। इसके बाद 26 सितंबर को KKR ने सोशल मीडिया एक्स पर ब्रावो को मेंटॉर घोषित किया। ब्रावो ने पिछले साल IPL को अलविदा कहा था। उन्होंने अब तक खेले 582 टी-20 मैचों में 631 विकेट लिए हैं। वे टी-20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। ब्रावो ने 18 साल के टी-20 करियर में अलग-अलग टीमों से कैरेबियन प्रीमियर लीग, इंडियन प्रीमियर लीग, पाकिस्तान सुपर लीग और बिग बैश जैसे फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट जीते हैं। वे 2 बार टी-20 वर्ल्ड कप विजेता बनी वेस्टइंडीज टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं।

विश्व पर्यटन दिवस

1980 में 27 सितंबर को पहली बार विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया था। इस दिन का उद्देश्य पर्यटन के सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक महत्व को जागरूक करना है। इसके साथ ही विश्व भर के लोगों में पर्यटन के लिए जागरूकता पैदा करना और इसके लिए प्रेरित करना है। सन् 1970 में संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन यानी UNWTO ने स्पेन में अपने तीसरे सत्र में इसे एक दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया था। फिर, UNWTO ने सितंबर 1979 के अंत में विश्व पर्यटन दिवस शुरू करने का निर्णय लिया था। इस वर्ष का विषय पर्यटन और शांति है।

मशहूर कवि केकी एन. दारूवाला का निधन हुआ

मशहूर अंग्रेजी कवि और पूर्व IPS ऑफिसर केकी एन. दारूवाला का 26 सितंबर की देर रात निधन हो गया। वे लंबी बीमारी और निमोनिया के चलते दिल्ली के एक अस्पताल में एडमिट थें। केकी एन. दारूवाला का जन्म 1937 में लाहौर में हुआ था। उन्होंने लुधियाना के गवर्नमेंट कॉलेज से पढ़ाई की। साल 1958 में वे भारतीय पुलिस सेवा (उत्तर प्रदेश कैडर) में शामिल हुए। फिर तत्कालीन प्रधानमंत्री चरण सिंह के अंतरराष्ट्रीय मामलों पर विशेष सहायक बने। बाद में वह रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) में शामिल हो गए जहां उन्हें रॉ के सचिव के पद पर प्रमोशन मिला। पुलिस और बाद में रॉ में इनका सफल करियर रहा लेकिन उनकी साहित्यिक कुशलता ने उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय ख्याति दिलाई। दारूवाला की कविता की पहली किताब 'अंडर ओरियन' 1970 में प्रकाशित हुई थी। दो साल बाद उन्हें अपनी दूसरी पुस्तक 'अपैरिशन इन अप्रैल' के लिए उत्तर प्रदेश राज्य पुरस्कार मिला। उन्होंने 1984 में साहित्य अकादमी पुरस्कार भी जीता।

Start Quiz! PRINT PDF

« Previous Next Affairs »

Notes

Notes on many subjects with example and facts.

Notes

QUESTION

Find Question on this Topic and many other subjects

Learn More

Test Series

Here You can find previous year question paper and mock test for practice.

Test Series

Download

Here you can download Current Affairs Question PDF.

Download

Join

Join a family of Rajasthangyan on


Contact Us Cancellation & Refund About Write Us Privacy Policy About Copyright

© 2024 RajasthanGyan All Rights Reserved.