Ask Question | login | Register
Notes
Question
Quiz
Test Series
Tricks

9 October 2024

भारत इस वर्ष ट्रेकोमा को एक सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या के रूप में समाप्त करने में सफल रहा: विश्व स्वास्थ्य संगठन

विश्व स्वास्थ्य संगठन-डब्‍ल्‍यूएचओ ने घोषणा की है कि भारत इस वर्ष ट्रेकोमा को एक सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या के रूप में समाप्त करने में सफल रहा है। इसके साथ ही भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला दक्षिण पूर्व एशिया क्षेत्र का तीसरा देश बन गया है। डब्‍ल्‍यूएचओ ने नई दिल्ली में अपनी क्षेत्रीय समिति की बैठक के दौरान भारत की इस उपलब्धि को आधिकारिक रूप से प्रमाणित किया। ट्रेकोमा एक जीवाणु संक्रामक रोग है जो आंखों को प्रभावित करता है और संक्रमित व्‍यक्ति की आंखों, पलकों, नाक या गले के स्राव के माध्यम से फैलता है। 1950-60 के दौरान यह रोग भारत में अंधेपन के प्रमुख कारणों में से एक था। सरकार ने इसके प्रसार को रोकने के लिए 1963 में राष्ट्रीय ट्रेकोमा नियंत्रण कार्यक्रम शुरू किया था।

जॉन जे हॉपफील्ड और जेफ्री ई हिंटन को मिलेगा फिजिक्स में नोबेल

8 अक्टूबर को फिजिक्स के नोबेल प्राइज 2024 की घोषणा हो गई है। इस साल ये प्राइज AI के गॉडफादर कहे जाने वाले जैफ्री ई. हिंटन और अमेरिकी वैज्ञानिक जॉन जे. होपफील्ड को मिलेगा। नोबेल प्राइज 2024 के लिए विजेताओं की घोषणा 7 अक्टूबर से शुरू हो गई है, जो 14 अक्टूबर तक चलेगी। नोबेल पुरस्कार हॉपफील्ड और हिंटन को संयुक्त रूप से उनकी ‘आर्टिफिशियल न्यूरल नेटवर्क के साथ मशीन लर्निंग को संभव बनाने वाले फाउंडेशनल डिस्कवरीज और इन्वेंशन्स’ के लिए दिया गया। इस वर्ष के पुरस्कार विजेताओं ने फिजिक्स के टूल्स का उपयोग करके ऐसी विधियां बनाई हैं, जो आज की पॉवरफुल मशीन लर्निंग की नींव रखने में सहायक रहीं। जॉन हॉपफील्ड ने एक ऐसा स्ट्रक्चर बनाया है, जो इन्फॉर्मेशन्स को स्टोर और रिकंस्ट्रक्ट कर सकता है। जेफ्री हिंटन ने एक ऐसे मेथड यानी विधि को इन्वेंट किया है, जो किसी भी डेटा में स्वतंत्र रूप से प्रॉपर्टीज को डिस्कवर कर सकता है। ये उपयोग में आने वाले बड़े आर्टिफिशियल न्यूरल नेटवर्क के लिए जरूरी हो गया है। फिजिक्स में 2023 का नोबेल प्राइज पियरे ऑगस्टिनी, फेरेंस क्राउसज और एनी हुलियर को मिला था।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 70वीं नेशनल अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन हुआ

8 अक्टूबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 70वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड दिए गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी विजेताओं को अवॉर्ड और सम्मान दिया। मिथुन चक्रवर्ती को इस साल फिल्म जगत के सबसे गौरवपूर्ण दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इस साल नाबालिग असिस्टेंट से रेप के आरोपी जानी मास्टर से बेस्ट कोरियोग्राफर का नेशनल अवॉर्ड वापस ले लिया गया है। ऐसा पहली बार है, जब किसी कलाकार से नेशनल अवॉर्ड वापस लिया गया हो। ऋषभ शेट्टी को कन्नड़ फिल्म कंतारा के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, नित्या मेनन को तमिल फिल्म थिरुचित्राम्बलम के लिए और मानसी पारेख को गुजराती फिल्म कच्छ एक्सप्रेस के लिए सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेत्री का पुरस्‍कार दिया गया। सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मलयालम फिल्म आट्टम को और गैर-फीचर फिल्म का पुरस्‍कार आयना फिल्‍म को प्रदान किया गया। सूरज बड़जात्या को ऊंचाई फिल्‍म के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्‍कार दिया गया। फीचर फिल्म श्रेणी में गुलमोहर को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म और गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में हरियाणवी फिल्म फौजा को सर्वश्रेष्ठ गीत का पुरस्कार प्रदान किया गया। अरिजीत सिंह को सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्वगायक और बॉम्बे जयश्री को सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्वगायक के पुरस्कार से सम्‍मानित किया गया। फिल्म समीक्षक दीपक दुआ को सर्वश्रेष्ठ समीक्षक पुरस्कार श्रेणी के अंतर्गत तथा अनिरुद्ध भट्टाचार्जी और पार्थिव धर को किशोर कुमार: द अल्टीमेट बायोग्राफी पुस्तक के लिए सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ पुस्तक श्रेणी के अंतर्गत स्‍वर्ण कमल प्रदान किया गया।

जम्मू-कश्मीर में ‘नेशनल कांफ्रेंस-कांग्रेस’ की सरकार

8 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आ गया है। नेशनल कांफ्रेंस (NC) और कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। गठबंधन को 48 सीटें मिली हैं। भाजपा ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की और पीडीपी को 3 सीट मिली। एक-एक सीट आम आदमी पार्टी, जेपीसी और CPI(M) के खाते में आई। 7 निर्दलीय भी जीते। 90 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 46 है। जम्मू-कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों पर कुल तीन चरणों में मतदान कराए गए। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल पांच विधायकों को नामित करेंगे। 5 विधायकों के नामित होने पर यह संख्या बढ़कर 95 हो जाएगी। जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर से 1 अक्टूबर तक 3 फेज में 63.88% वोटिंग हुई थी। 10 साल पहले 2014 में हुए चुनाव में 65% वोटिंग हुई थी। इस बार 1.12% कम वोटिंग हुई।

हरियाणा में भाजपा की हैट्रिक

हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे पूरी तरह से अप्रत्याशित रहे। तमाम एग्जिट पोल और एंटी इनकंबेंसी के दावों को धता बताते हुए इस बार भी भाजपा राज्य में सरकार बनाने जा रही है। भाजपा को 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीटों पर जीत मिली हैं। कांग्रेस को 37, इंडियन नेशनल लोकदल को दो सीटें मिली हैं। तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीती हैं। नतीजों से राज्य में भाजपा की सरकार बननी तय है।

‘मालाबार - 2024’ नौसैनिक अभ्यास शुरू

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 8 अक्टूबर से 'मालाबार 2024' नौसैनिक अभ्यास शुरू हुआ। ये अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक अभ्यास 18 अक्टूबर, 2024 तक होगा। इस बार मालाबार-2024 की मेजबानी भारत कर रहा है। इस युद्धअभ्यास में ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के नौसैनिक भी शामिल हुए हैं। मालाबार की शुरुआत 1992 में सिर्फ भारत और अमेरिका के बीच एक छोटे से अभ्यास के रूप में हुई थी। 2015 में जापान मालाबार अभ्यास में शामिल हुआ, जिससे यह एक त्रिपक्षीय नौसैनिक अभ्यास बन गया। 2020 में ऑस्ट्रेलियाई नौसेना मालाबार अभ्यास में शामिल हो गई थी, जिससे यह एक चतुर्भुज नौसैनिक अभ्यास बन गया।

NCERT और Amazon सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता किया

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद यानी NCERT ने 7 अक्टूबर को Amazon सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया। इसके तहत ओरिजिनल NCERT टेक्स्टबुक प्रिंटेड प्राइस पर उपलब्ध कराई जाएगी। ये किताबें देशभर में करीब 20,000 पिन कोड पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, NCERT किताबों के प्रकाशन को तीन गुना बढ़ाएगा और एकेडमिक ईयर 2025-26 के दौरान 15 करोड़ किताबें प्रकाशित करेगा। साथ ही, 300 मिलियन स्टूडेंट्स के लिए लर्निंग को जॉयफुल बनाने के उद्देश्य से इंटरैक्टिव और AI-बेस्ड ई-बुक्स को डेवलप किया जाएगा, जिनमें टाकिंग बुक्स जैसे इनोवेशन्स शामिल हों। Amazon के विशाल वितरण नेटवर्क के जरिए दूरदराज के क्षेत्रों में भी छात्र और स्कूल निर्धारित कीमतों पर पाठ्यपुस्तकें खरीद सकेंगे। इससे सप्लाई में कमी और देरी जैसी चुनौतियों का समाधान होगा और शिक्षा तक समान पहुंच सुनिश्चित होगी। इस प्लेटफॉर्म पर केवल मूल NCERT पाठ्यपुस्तकें ही बेची जाएंगी, जिससे पायरेटेड NCERT पाठ्यपुस्तकों की बिक्री पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। अमेजन NCERT की निगरानी करने और उन अनधिकृत विक्रेताओं को हटाने में मदद करेगा, जो नकली या अधिक कीमत वाली किताबें वितरित करते हैं।

भारतीय रिजर्व बैंक ने शैक्षणिक संस्थानों के संकाय सदस्यों के लिए छात्रवृत्ति योजना की घोषणा की

भारतीय रिजर्व बैंक ने शैक्षणिक संस्थानों के संकाय सदस्यों के लिए एक छात्रवृत्ति योजना की घोषणा की है। योजना के तहत भारत में विश्‍वविद्यालय अनुदान आयोग-यूजीसी या एआईसीटीई-मान्यता प्राप्त किसी भी विश्वविद्यालय या कॉलेज में अर्थशास्त्र या वित्त विषय पढ़ाने वाले पूर्णकालिक संकाय सदस्य अल्पकालिक शोध के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। छात्रवृत्ति के लिए शोध में शामिल क्षेत्र मौद्रिक और वित्तीय अर्थशास्त्र, बैंकिंग, वास्तविक क्षेत्र के मुद्दे और आरबीआई के हित के अन्य विषय पर आधारित हैं। इस योजना का उद्देश्य आरबीआई के भीतर विभिन्न परिचालन क्षेत्रों का अनुभव प्रदान करते हुए संकाय और छात्रों के बीच आरबीआई की गतिविधियों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। उनके बायोडेटा, एक हजार शब्दों से अधिक के शोध प्रस्ताव और चयन पैनल द्वारा आयोजित साक्षात्कार के आधार पर शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को अधिकतम पांच छात्रवृत्तियां प्रदान की जाएंगी।

कैरेबियन प्रीमियर लीग: सेंट लूसिया किंग्स ने गयाना अमेजन वॉरियर्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता

सेंट लूसिया किंग्स ने गयाना अमेजन वॉरियर्स को 6 विकेट से हराकर अपना पहला कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) खिताब जीता। गयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में इमरान ताहिर की कप्तानी वाली गयाना अमेजन वॉरियर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 138 रन बनाए। ड्वेन प्रीटोरियस ने सर्वाधिक 25 रन बनाये। किंग्स के लिए नूर अहमद ने 3 विकेट लिए। इसके जवाब में फाफ डु प्लेसिस की कप्तानी वाली सेंट लूसिया किंग्स ने 11 गेंद शेष रहते ही स्कोर का पीछा कर लिया। रोस्टन चेज़ को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि अफगानिस्तान के स्पिनर नूर अहमद को पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज़ का खिताब दिया गया।

नई दिल्ली में ‘हमसफर नीति’ की शुरूआत

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा की सुविधा बढ़ाने और सड़क किनारे सुविधाओं के विकास में तेजी लाने के लिए नई दिल्ली में ‘हमसफर नीति’ की शुरूआत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि इस योजना से समाज के स्थानीय सीमांत वर्गों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि यह योजना सुगम, सुरक्षित और सुखद यात्रा की सुविधा प्रदान करेगी। श्री गडकरी ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि यह नीति पर्यावरण के अनुकूल होगी, जिसे पारिस्थितिकी और स्वच्छता के परिप्रेक्ष्य में तैयार किया गया है।

MIDORI पुरस्कार 2024: जैव विविधता में योगदान के लिए पुरस्कार विजेताओं की घोषणा

MIDORI पुरस्कार 2024 वेरा वोरोनोवा (कजाकिस्तान) और इसाबेल आगुस्टिना काल्देरोन कार्लोस (पेरू) को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया है। यह पुरस्कार जैव विविधता संरक्षण और स्थिरता में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए दिया गया है।
वेरा वोरोनोवा: कजाकिस्तान के जैव विविधता संरक्षण संघ की कार्यकारी निदेशक, वोरोनोवा ने मध्य एशिया में पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली और लुप्तप्राय प्रजातियों की सुरक्षा के लिए प्रयास किए हैं, जिससे ग्रामीण समुदायों को लाभ हुआ है।
इसाबेल आगुस्टिना काल्देरोन कार्लोस: पेरू में सुमक कावसाय की संस्थापक, काल्देरोन कार्लोस को विशेष रूप से “बी हनी रूट” के माध्यम से परागकर्ताओं के संरक्षण में उनके कार्य के लिए मान्यता दी गई है, जो मधु उत्पादन को सामुदायिक विकास और पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली के साथ जोड़ता है।

मालदीव में RuPay कार्ड से भुगतान की शुरुआत

मालदीव में RuPay कार्ड से भुगतान की शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू इस तरह के पहले लेनदेन के गवाह बने। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले मालदीव में RuPay कार्ड लॉन्च किया गया। आने वाले समय में भारत और मालदीव UPI के जरिए जुड़ जाएंगे। इसके अलावा दोनों ने मालदीव में हनीमाधू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। भारत ने उसके सहयोग से निर्मित 700 से अधिक सामाजिक आवास इकाइयां भी मालदीव को सौंपीं। इसके साथ भारत और मालदीव के बीच कई अहम समझौते हुए।

दीपा कर्माकर ने जिम्नास्टिक से संन्यास का ऐलान किया

भारतीय जिम्नास्ट दीपा कर्माकर ने 7 अक्टूबर को खेल से संन्यास का ऐलान किया। उन्‍होंने सोशल मीडिया पर संन्यास की घोषणा की। वे 2016 में रियो ओलंपिक की हिस्‍सा रही और 2015 में राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता थी। दीपा कर्माकर त्रिपुरा के अगरतला की रहने वाली है। दीपा ने साल 2014 में ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के वॉल्ट फाइनल में ब्रॉन्‍ज मेडल अपने नाम किया था। वह ये उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। उन्होंने 2015 में हिरोशिमा में एशियाई चैंपियनशिप में ब्रॉन्‍ज मेडल पर कब्‍जा जमाया। 2015 विश्व कलात्मक जिमनास्टिक चैंपियनशिप में वह 5वें स्थान पर रहीं। त्रिपुरा की दीपा ओलंपिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली पहली महिला जिमनास्ट बनीं थीं। उन्‍होंने 2016 में रियो ओलंपिक में हिस्‍सा लिया था, वह मेडल जीतने से चूक गई थीं। वे फाइनल में चौथे स्‍थान पर रहीं और ब्रॉन्‍ज मेडल जीतने से सिर्फ 0.15 अंक कम थीं। दीपा कर्माकर को 2017 में भारत के चौथे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार, पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। 2016 में, उन्हें देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार, मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार (तब राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार) से सम्मानित किया गया था। उन्हें 2015 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

शरद कुमार बीसीसीआई भ्रष्टाचार रोधी इकाई के प्रमुख नियुक्त

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी शरद कुमार को अपनी एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) का नया प्रमुख नियुक्त किया है। यह रणनीतिक नियुक्ति क्रिकेट प्रशासन में दशकों के कानून प्रवर्तन अनुभव को लेकर आई है।

भारतीय वायु सेना दिवस 2024

भारत 8 अक्टूबर 2024 को 92वें भारतीय वायु सेना दिवस का आयोजन कर रहा है, जो हमारे वायु योद्धाओं की समर्पण और बलिदान को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। इस वर्ष का विषय “भारतीय वायु सेना: सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर” है। यह IAF के भविष्य के प्रति दृष्टिकोण को दर्शाता है और भारत के रक्षा क्षमताओं में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण है।6 अक्टूबर को IAF चेन्नई एयर शो ने एक अद्भुत हवाई प्रदर्शन प्रस्तुत किया, जिसमें 1 मिलियन से अधिक दर्शकों ने भाग लिया। भारतीय वायु सेना की स्थापना 8 अक्टूबर 1932 को हुई थी, जो शुरू में ब्रिटिश प्रशासन के तहत एक सहायक वायु सेना के रूप में कार्यरत थी। IAF ने 1 अप्रैल 1933 को अपने पहले आधिकारिक उड़ान के साथ संचालन शुरू किया।

Start Quiz! PRINT PDF

« Previous Next Affairs »

Notes

Notes on many subjects with example and facts.

Notes

QUESTION

Find Question on this Topic and many other subjects

Learn More

Test Series

Here You can find previous year question paper and mock test for practice.

Test Series

Download

Here you can download Current Affairs Question PDF.

Download

Join

Join a family of Rajasthangyan on


Contact Us Cancellation & Refund About Write Us Privacy Policy About Copyright

© 2024 RajasthanGyan All Rights Reserved.