Ask Question | login | Register
Notes
Question
Quiz
Test Series
Tricks

10 October 2024

तीन अफ्रीकी देशों के दौरे पर जाएंगी राष्ट्रपति, 13 से 19 अक्टूबर के बीच अल्जीरिया, मॉरिटानिया और मलावी की यात्रा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 13 से 19 अक्टूबर तक तीन अफ्रीकी देशों अल्जीरिया, मॉरिटानिया और मलावी की राजकीय यात्रा पर जाएंगी। यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की तीन अफ्रीकी देशों की पहली यात्रा होगी। राष्ट्रपति मुर्मू 13 से 15 अक्टूबर तक अल्जीरिया के पीपुल्स डेमोक्रेटिक रिपब्लिक के राष्ट्रपति अब्देलमदजीद तेब्बौने के निमंत्रण पर वहां का दौरा करेंगी। वह जार्डिन डी’एसाई के हम्मा गार्डन में इंडिया कॉर्नर का भी उद्घाटन करेंगी। भारत और अल्जीरिया तेल और गैस, रक्षा और अंतरिक्ष सहयोग जैसे रणनीतिक क्षेत्रों सहित कई क्षेत्रों में सहयोग के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध साझा करते हैं। अपनी यात्रा के दूसरे चरण में राष्ट्रपति मुर्मू 16 अक्टूबर को मॉरिटानिया का दौरा करेंगी। यह यात्रा ऐसे महत्वपूर्ण समय पर हो रही है जब मॉरिटानिया अफ्रीकी संघ की अध्यक्षता संभाल रहा है। यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु मॉरिटानिया के राष्ट्रपति मोहम्मद औलद शेख अल ग़ज़ौनी से बातचीत करेंगी। मॉरिटानिया से मलावी के राष्ट्रपति डॉ. लाजरस मैकार्थी चकवेरा के निमंत्रण पर राष्ट्रपति मुर्मु 17 से 19 अक्टूबर तक मलावी का दौरा करेंगी। यह यात्रा भारत की अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को जी 20 का स्थायी सदस्य बनाए जाने के एक साल बाद हो रही है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स (आईआईएस) मुंबई का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए से महाराष्ट्र में 7600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। राष्ट्रीय और वैश्विक अवसरों के लिए भारतीय युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, प्रधानमंत्री ने मुंबई में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स (आईआईएस) का भी उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य फैक्ट्री ऑटोमेशन, डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग, मेक्ट्रोनिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स और एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग सहित कई ट्रेडों में अत्याधुनिक तकनीक और व्यावहारिक प्रशिक्षण से लैस उद्योग 4.0 के लिए एक इंडस्ट्री-रेडी वर्कफोर्स तैयार करना है। यह सर्विस और मैन्युफैक्चरिंग दोनों सेक्टर्स के साथ-साथ अन्य उभरते बिजनेस को भी आगे बढ़ाएगा। पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के माध्यम से स्थापित यह संस्थान कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार और टाटा आईआईएस (टाटा ट्रस्ट के तहत एक सेक्शन 8 कंपनी) के बीच एक सहयोग है।

ASEAN-भारत समिट में हिस्सा लेने PM मोदी दो दिनों के लाओस दौरे पर जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 और 11 अक्टूबर को लाओस की दो दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह 21वें दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (ASEAN)-भारत शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके अलावा, वे 19वें पूर्वी एशियाई शिखर सम्मेलन (EAS) में भी शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय (MEA) ने मंगलवार, 8 अक्टूबर ने इसकी जानकारी दी। लाओस के पीएम सोनेक्से सिफानदोन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 10-11 अक्टूबर को वियनतियाने का दौरा करेंगे। दोनों शिखर सम्मेलनों के दौरान पीएम मोदी द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। आसियान (ASEAN) की स्थापना 8 अगस्त, 1967 को बैंकॉक, थाईलैंड में आसियान घोषणा (बैंकॉक घोषणा) पर हस्ताक्षर के साथ की गई थी। आसियान के संस्थापक सदस्यों में इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर और थाईलैंड शामिल है। आसियान में अभी 10 सदस्य देश हैं - इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई, वियतनाम, लाओस, म्यांमार और कंबोडिया।

लाओस की राजधानी विएंतियाने में शुरू हुआ आसियान का 44वां और 45वां शिखर सम्‍मेलन

दक्षिण पूर्वी एसियाई देशों के संगठन (आसियान) का 44वां और 45वां शिखर सम्‍मेलन और इनसे संबंधित अन्‍य बैठकें लाओस की राजधानी विएंतियाने में शुरू हुई। उद्घाटन सत्र को सम्‍बोधित करते हुए लाओस के राष्‍ट्रपति थामलोन सिसोलिथ ने आसियान देशों का आह्वान किया कि वे शांति, स्थिरता और सतत विकास के साझा लक्ष्‍यों की दिशा में काम करते रहें। उन्‍होंने कहा कि आसियान देशों को समानता और आपसी लाभ पर आधारित बहुराष्‍ट्रीयता के प्रति वचनबद्धता का निरन्‍तर सम्‍मान करना चाहिए। लाओस की अध्‍यक्षता में आयोजित इस वर्ष के आसियान सम्‍मेलन का विषय है- कनेक्टिीविटी और लचीलेपन के लिए आसियान। इसका लक्ष्‍य आसियान समुदाय को अधिक संगठित और गतिशील बनाना है। आसियान सम्‍मेलन के साथ ही 27वां आसियान-चीन सम्‍मेलन और भारत-आसियान तथा पूर्वी एशिया सम्‍मेलन जैसे अन्‍य कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

वैज्ञानिक डेविड बेकर, जॉन जम्पर और डेमिस हसाबिस को रसायन विज्ञान में इस वर्ष का नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा

9 अक्टूबर को केमिस्ट्री के नोबेल प्राइज विजेताओं का ऐलान हुआ। इस साल ये प्राइज अमेरिकी वैज्ञानिक डेविड बेकर, जॉन जम्पर और ब्रिटिश वैज्ञानिक डेमिस हसाबिस को मिलेगा। इन्‍हें प्रोटीन की कम्प्यूटेशनल डिजाइन और उसके स्ट्रक्चर को समझने में मदद करने वाले AI मॉडल बनाने के लिए ये सम्‍मान दिया जाएगा। केमिस्ट्री के नोबेल प्राइज को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहला हिस्सा डेविड बेकर को मिला है, जिन्होंने नई तरह के प्रोटीन को डिजाइन किया है। प्रोटीन डिजाइन एक तकनीक है, जिसमें प्रोटीन की संरचना में बदलाव कर नए गुण वाले प्रोटीन तैयार किए जाते हैं। इससे दवा और वैक्सीन बनाने में मदद मिलती है। वहीं, प्राइज का दूसरा हिस्सा डेमिस और जॉन जंपर को मिला, जिन्होंने एक ऐसा AI मॉडल बनाया, जिसने कॉम्प्लेक्स प्रोटीन के स्ट्रक्चर को समझने में मदद की। नोबेल प्राइज 2024 की विजेताओं की घोषणा सोमवार, 7 अक्टूबर से शुरु हुई है। पहले दिन यानी 7 अक्टूबर को मेडिसिन के क्षेत्र में विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को नोबेल प्राइज दिया गया। उन्हें ये प्राइज माइक्रो RNA (राइबोन्यूक्लिक एसिड) की खोज के लिए दिया गया है। इसके बाद 8 अक्टूबर को फिजिक्स के नोबेल प्राइज के लिए AI के गॉडफादर कहे जाने वाले जैफ्री ई. हिंटन और अमेरिकी वैज्ञानिक जॉन जे. होपफील्ड के नामों की घोषणा हुई। उन्हें मशीन लर्निंग से जुड़ी नई तकनीकों के विकास के लिए ये सम्मान दिया जाएगा, जो आर्टिफिशियल न्यूरॉन्स पर आधारित है। केमिस्ट्री में 2023 का नोबेल प्राइज माउंगी बावेंडी, लुइस ब्रुस, एलेक्सी एकिमोव को मिला था। इन्हें क्वांटम डॉट्स की खोज और इसके डेवलपमेंट के लिए ये सम्मान मिला था।

लोगों तक सरकारी सेवाओं की निर्बाध पहुंच के लिए डिजिलॉकर के साथ उमंग ऐप को मिलाने की हुई घोषणा

राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस डिवीजन ने लोगों तक सरकारी सेवाओं की निर्बाध पहुंच के लिए डिजिलॉकर के साथ उमंग ऐप को मिलाने की घोषणा की है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार इससे उपयोगकर्ताओं को एक ही जगह से कई सेवाएं प्राप्‍त करने की सुविधा मिल जायेगी। मंत्रालय ने कहा है कि उमंग ऐप सभी एंड्रॉइड फोन पर उपलब्ध है। इसकी सेवाओं का लाभ डिजीलॉकर ऐप के माध्यम से लिया जा सकता है।

संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष ने मातृ स्वास्थ्य और परिवार नियोजन को आगे बढ़ाने में भारत की असाधारण प्रगति की प्रशंसा की

संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष -यूएनएफपीए ने मातृ स्वास्थ्य और परिवार नियोजन को आगे बढ़ाने में भारत की असाधारण प्रगति की प्रशंसा की है। कोष की कार्यकारी निदेशक डॉ. नतालिया कनम ने नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में, मातृ स्वास्थ्य और परिवार नियोजन में महिलाओं के स्वास्थ्य और आरोग्‍यता में भारत के साथ साझेदारी करने के लिए कोष की अटूट प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्‍होंने वर्ष दो हजार से दो हजार बीस के बीच मातृ मृत्यु अनुपात, 70 प्रतिशत तक कम करने में भारत के शानदार प्रयासों की सराहना की। इससे देश, दो हजार तीस से पहले मातृ मृत्यु अनुपात को सत्‍तर प्रतिशत से नीचे लाने के सतत विकास लक्ष्य को प्राप्त करने की स्थिति में पहुंच गया है। इस उल्लेखनीय प्रगति ने देश भर में हजारों महिलाओं, विशेष रूप से हाशिए के समुदायों की महिलाओं की जान बचाई है। डॉ. नतालिया कनम ने केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव को पट्टिका और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

2028 जारी रहेगी पौष्टिक तत्वों से भरपूर चावल की मुफ्त आपूर्ति : केंद्र सरकार

9 अक्टूबर को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना (PM-GKAY) और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के तहत दिसंबर 2028 तक मुफ्त फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति जारी रखने को मंजूरी मिली। ये फैसला केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लिया गया। इसका उद्देश्य एनीमिया और सूक्ष्म पोषक (Micronutrients) तत्वों की कमी को दूर करना है। इसमें 17,082 करोड़ रुपए खर्च होंगें, जिसे पूरी तरह से केंद्र सरकार उठाएगी। कैबिनेट ने राजस्थान और पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में 4406 करोड़ रुपए के निवेश से 2280 किलोमीटर सड़क निर्माण को मंजूरी दी। गुजरात के लोथल में दुनिया का सबसे बड़ा राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (NMHC) विकसित किया जाएगा। इस प्रस्ताव का उद्देश्य समृद्ध और विविध समुद्री विरासत को प्रदर्शित करना है। न्यूट्रिशन से संबंधित सिक्योरिटी सुनिश्चित करने के लिए फोर्टिफाइड चावल पहल शुरू की गई थी। यह टारगेटेड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम (TPDS), इंटीग्रेटेड चाइल्ड डेवलपमेंट सर्विसेस (ICDS), PM POSHAN (पूर्व में मिड डे मील योजना) और अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कवर करता है।

कैबिनेट ने गुजरात के लोथल में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर के विकास को दी मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को गुजरात के लोथल में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (एनएमएचसी) के विकास को मंजूरी दे दी है। यह प्रोजेक्ट दो चरणों में पूरा किया जाएगा। इस परियोजना के विकास में 15,000 प्रत्यक्ष रोजगार और 7,000 अप्रत्यक्ष रोजगार के साथ लगभग 22,000 नौकरियां सृजित होने की उम्मीद है। भारत की 4,500 साल पुरानी समुद्री विरासत को प्रदर्शित करने के पीएम मोदी के विज़न के अनुसार, बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय (MoPSW) लोथल में एक विश्व स्तरीय राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (NMHC) स्थापित कर रहा है। एनएमएचसी का मास्टरप्लान प्रसिद्ध आर्किटेक्चर फर्म मेसर्स आर्किटेक्ट हफीज कॉन्ट्रैक्टर द्वारा तैयार किया गया है और चरण 1A का निर्माण टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड को सौंपा गया है।

RBI ने लगातार 10वीं बार रेपो रेट में नहीं किया बदलाव, 6.5% पर रखा बरकरार

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने लगातार 10वीं बार ब्याज दरों में बदलाव नहीं किया है। RBI ने ब्याज दरों को 6.5% पर जस का तस रखा है। यानी लोन महंगे नहीं होंगे और आपकी EMI भी नहीं बढ़ेगी। RBI ने आखिरी बार फरवरी 2023 में दरें 0.25% बढ़ाकर 6.5% की थीं। मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की मीटिंग हर दो महीने में होती है। RBI ने इससे पहले अगस्त में हुई बैठक में ब्याज दरों में बदलाव नहीं किया था। RBI ने UPI लाइट की पर ट्रांजैक्‍शन लिमिट को 500 रुपए से बढ़ाकर 1,000 रुपए कर दिया है। वहीं, UPI लाइट वॉलेट की सीमा 2,000 रुपए से बढ़ा कर 5,000 रुपए कर दी गई है। यानी अब वॉलेट में लोग 3,000 रुपए ज्‍यादा रख सकेंगे। इस सुविधा के जरिए UPI पेमेंट में पिन की जरूरत नहीं पड़ती और आसानी से पेमेंट हो जाता है। वहीं, UPI 123पे की लिमिट को बढ़ाकर 10,000 रुपए कर दिया गया है। ये सर्विस नॉन-स्‍मार्टफोन यूजर्स के लिए होती है। इससे पहले सरकार ने 1 अक्टूबर को मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी में राम सिंह, सौगत भट्टाचार्य और नागेश कुमार सहित तीन नए बाहरी सदस्यों की नियुक्ति की थी। राम सिंह दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के डायरेक्टर हैं, डॉ. नागेश कुमार इंस्टीट्यूट फॉर स्टडीज इन इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट के डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव हैं। सौगत भट्टाचार्य अर्थशास्त्री हैं। MPC में 6 सदस्य हैं, जिनमें से तीन केंद्रीय बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास, डिप्टी गवर्नर माइकल पात्रा और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजीव रंजन हैं। जबकि, तीन बाहरी सदस्यों की नियुक्ति चार साल के लिए केंद्र सरकार करती है।

रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष में जीडीपी ग्रोथ 7.2 फीसदी रहने का जताया अनुमान

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने बुधवार को वित्त वर्ष 2024-25 में सकल घरेलू उत्‍पाद (जीडीपी) ग्रोथ 7.2 फीसदी रहने का अनुमान जताया है। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने 7 अक्‍टूबर से शुरू तीन दिवसीय मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की समीक्षा बैठक में लिए गए इस फैसले की जानकारी दी। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में वास्तविक जीडीपी में वृद्धि 6.7 फीसदी हुई है। आरबीआई गवर्नर ने कहा कि घरेलू मांग में सुधार, कच्चे माल की कम लागत और सरकारी नीतियों से विनिर्माण क्षेत्र में आ रही तेजी की वजह से चालू वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि दर 7.2 फीसदी रहने का अनुमान है।

भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीकी नौसेनाओं के बीच समुद्री अभ्यास शुरू, IBSAMAR में आईएनएस तलवार भी शामिल

भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीकी नौसेनाओं के बीच संयुक्त बहुराष्ट्रीय समुद्री अभ्यास दक्षिण अफ्रीका के साइमन टाउन में शुरू हुआ है, जो 18 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभ्यास में हिस्सा लेने के लिए भारतीय नौसेना का अग्रणी स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस तलवार गया है। इस अभ्यास का उद्देश्य तीनों नौसेनाओं के बीच अंतर-संचालन क्षमता बढ़ाने के साथ ही आपसी सामंजस्य को मजबूत करना है। इसकी व्यापक अवधारणा ब्लू वाटर नेवल वारफेयर पर आधारित है, जिसमें सतह और एंटी-एयर वारफेयर के आयाम शामिल हैं। इस अभ्यास का संक्षिप्त नाम आईबीएसएएमएआर है, जो भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका की नौसेनाओं के बीच नौसैनिक अभ्यासों की एक श्रृंखला है।

अगले वर्ष उत्‍तराखंड में आयोजित किए जाएंगे 38वें राष्‍ट्रीय खेल

38वें राष्‍ट्रीय खेल अगले वर्ष 28 जनवरी से 14 फरवरी तक उत्‍तराखंड में आयोजित किए जाएंगे। राष्‍ट्रीय खेलों के पूरे कार्यक्रम का ब्‍योरा भारतीय ओलंपिक संघ की इस महीने की 25 तारीख को होने वाली आम सभा की बैठक में दिया जाएगा। राष्‍ट्रीय खेलों के अलावा उत्‍तराखंड में शीतकालीन राष्‍ट्रीय खेल भी आयोजित किए जाएंगे। हाल ही में नई दिल्‍ली में आयोजित एक बैठक के दौरान उत्‍तराखंड के मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी की भारतीय ओलंपिक संघ की अध्‍यक्ष डॉ. पी.टी. ऊषा से मुलाकात हुई।

इंडियन विमेंस टीम को एशियन टेबलटेनिस चैंपियनशिप में ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल जीता

इंडियन विमेंस टीम ने 9 अक्टूबर को कजाकिस्तान के अस्ताना में हुए एशियन टेबल टेनिस चैंपियनशिप में ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल जीता। ये चैंपियनशिप शुरू होने के बाद से यह भारत के लिए विमेंस टीम का पहला मेडल है। एशियन टेबल टेनिस संघ (ATTU) ने 1972 में इस टूर्नामेंट की शुरूआत की थी। इससे पहले, भारतीय महिला टीम ने मंगलवार, 8 अक्टूबर को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में साउथ कोरिया को 3-2 से हराया। इस तरह टॉप-4 में जगह बनाते हुए टीम इंडिया ने ब्रॉन्ज मेडल पक्का किया। इस जीत में अयहिका मुखर्जी (दुनिया की 92 रैंक भारतीय खिलाड़ी) ने वर्ल्ड नंबर-8 शिन युबिन और दुनिया की 16वें नंबर की खिलाड़ी जियोन जिही को हराया। अयहिका पेरिस ओलिंपिक के क्वार्टर फाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम का हिस्सा नहीं थीं, लेकिन अर्चना कामथ के संन्यास के बाद वह इस टीम में लौटीं। अयहिका ने इस साल की शुरुआत में वर्ल्ड टीम चैंपियनशिप में दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी चीन की सुन यिंगसा को हराया था।

जो रूट WTC में 5000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज

इंग्लिश बल्लेबाज जो रूट वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में 5 हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह अचीवमेंट पाकिस्तान के खिलाफ मुल्तान टेस्ट में शतक लगाकर हासिल किया। मुल्तान टेस्ट के तीसरे दिन बुधवार को शतक लगाते ही जो रूट टॉप-5 टेस्ट स्कोरर की लिस्ट में शामिल हो गए। इस लिस्ट में टॉप पर सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने 15,921 टेस्ट रन बनाए हैं। जो रूट अब इंग्लैंड की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टेस्ट बल्लेबाज भी बन गए हैं। मुल्तान टेस्ट में पाकिस्तान ने पहली पारी में 556 रन बनाए हैं और इंग्लैंड की पहली पारी चल रही है।

विश्व डाक दिवस

विश्व डाक दिवस के मौके पर, केन्द्र सरकार के डाक विभाग ने यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (UPU) की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में स्मारक डाक टिकटों का एक विशेष सेट जारी किया। डाक विभाग की सचिव सुश्री वंदिता कौल ने मेघदूत भवन, नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह के दौरान, ये टिकट जारी किए। 9 अक्टूबर, 1874 को बर्न, स्विटजरलैंड में स्थापित UPU आधुनिक डाक सहयोग की आधारशिला है तथा भारत इसके सबसे पुराने और सबसे सक्रिय सदस्यों में से एक है। UPU ने अंतर्राष्ट्रीय डाक विनियमनों को मानकीकृत करने, अपने 192 सदस्य देशों के बीच निर्बाध मेल एक्सचेंज सुनिश्चित करने और डाक सेवाओं को सभी के लिए सुलभ बनाने में एक बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा का 86 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन

प्रसिद्ध उद्योगपति और परोपकारी रतन टाटा का 86 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया। श्री टाटा 1962 में टाटा समूह में शामिल हुए। समूह की विभिन्न कंपनियों में सेवा के बाद, उन्हें 1971 में नेशनल रेडियो एंड इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी लिमिटेड का प्रभारी निदेशक नियुक्त किया गया। वे 1991 से 28 दिसंबर 2012 को अपनी सेवानिवृत्ति तक टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस के अध्यक्ष थे। 29 दिसंबर 2012 को, श्री रतन टाटा को टाटा संस, टाटा इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील और टाटा केमिकल्स के चेयरमैन एमेरिटस की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया था। भारत के सबसे सम्मानित व्यापारिक दिग्गजों में से एक श्री रतन टाटा ने दो दशकों से अधिक समय तक टाटा संस के अध्यक्ष के रूप में काम किया। वे टाटा ट्रस्ट के जरिए परोपकार में गहराई से शामिल थे। उन्हें 2000 में पद्म भूषण और 2008 में पद्म विभूषण सहित कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। 28 दिसंबर 1937 को नवल और सूनू टाटा के घर जन्मे रतन टाटा ग्रुप के फाउंडर जमशेदजी टाटा के परपोते थे।

Start Quiz! PRINT PDF

« Previous Next Affairs »

Notes

Notes on many subjects with example and facts.

Notes

QUESTION

Find Question on this Topic and many other subjects

Learn More

Test Series

Here You can find previous year question paper and mock test for practice.

Test Series

Download

Here you can download Current Affairs Question PDF.

Download

Join

Join a family of Rajasthangyan on


Contact Us Cancellation & Refund About Write Us Privacy Policy About Copyright

© 2024 RajasthanGyan All Rights Reserved.