Ask Question | login | Register
Notes
Question
Quiz
Test Series
Tricks

26 January 2025

शारदा सिन्हा, ओसामु सुजुकी समेत सात को पद्म विभूषण

गृह मंत्रालय ने शनिवार को इस साल के पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी। बिहार की जानी मानी दिवगंत लोक गायिका शारदा सिन्हा और जापान के व्यवसायी ओसामु सुजुकी समेत तीन को मरणोपरांत पद्म विभूषण सम्मान से नवाजा जाएगा। वहीं देश के पहले सिख सीजेआई जगदीश सिंह खेहर भी पद्म विभूषण पाने वाले सात शख्सियतों में शामिल हैं। इसके अलावा 19 शख्सियतों को (चार मरणोपरांत) पद्म भूषण और 113 लोगों को (छह मरणोपरांत) पद्म श्री पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। पद्म भूषण पाने वालों में प्रसार भारती के पूर्व चेयरमैन ए. सूर्य प्रकाश, प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार रहे विवेक देबरॉय (मरणोपरांत), जाने माने गायक पंकज उदास (मरणोपरांत), फिल्म निर्माता शेखर कपूर, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत) प्रमुख नाम हैं। साथ ही बिहार के जाने माने लोक सेवक और पूर्व आईपीएस अधिकारी किशोर कुणाल (मरणोपरांत), जानेमाने व्यवसाई पवन गोयनका, क्रिकेटर आर. आश्विन सहित 113 शख्सियतों को पद्म श्री सम्मान से नवाजा गया है। देश के जानेमाने गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. डी. नागेश्वर रेड्डी को मेडिसिन के क्षेत्र में पद्म विभूषण देने की घोषणा की गई है। वहीं देश के पहले सिख सीजेआई न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) जगदीश सिंह खेहर को सार्वजनिक मामलों (पब्लिक अफेयर्स) के क्षेत्र में पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। 4 जनवरी 2017 को जस्टिस जगदीश सिंह खेहर ने सुप्रीम कोर्ट के पहले सिख मुख्य न्यायाधीश के रूप में इतिहास रचा। जानी मानी कथक नृत्यांगना और कोरियोग्राफर कुमुदिनी रजनीकांत लाखिया को कला (डांस) के क्षेत्र में पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने 1967 में भारतीय नृत्य और संगीत के क्षेत्र में कदम्ब स्कूल ऑफ डांस एंड म्यूजिक की स्थापना की। कर्नाटक के लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम को कला (म्यूजिक) के क्षेत्र में पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। इससे पहले उन्हें 1987 में पद्म श्री और 2010 में पद्म भूषण से सम्मानित किया जा चुका है। भारत के सर्वकालिक महान लेखकों में से एक एम.टी. वासुदेवन नायर को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। जापान के दिवंगत व्यवसायी ओसामु सुजुकी को व्यापार और उद्योग (ट्रेड एंड इंडस्ट्री) के क्षेत्र में मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। वह एक जापानी व्यवसायी थे और सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष रहे। देश की प्रसिद्ध दिवंगत लोक गायिका शारदा सिन्हा को कला (संगीत) के क्षेत्र में मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा।

केंद्र सरकार ने 942 गैलेंट्री अवॉर्ड की घोषणा की

गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर केंद्र सरकार ने 942 कर्मचारियों को बहादुरी और सेवा पदक से सम्मानित करने की घोषणा की। ये कर्मचारी पुलिस, आग सेवा, होम गार्ड, सिविल डिफेंस (HG&CD) और सुधारात्मक सेवाओं में कार्यरत हैं। इनमें से 5 कर्मचारियों को मरणोपरांत बहादुरी पदक दिया गया है जिनमें पुलिस उपाधीक्षक हिमायूं मुज़म्मिल(जम्मू और कश्मीर पुलिस), हेड कांस्टेबल गिरिजेश कुमार उद्दे (सीमा सुरक्षा बल), कांस्टेबल सुनील कुमार पांडेय (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल), हेड कांस्टेबल रवि शर्मा (सशस्त्र सीमा बल) और चयन ग्रेड फायरमैन सतीश कुमार रैना शामिल हैं। कुल मिलाकर 95 बहादुरी पदक, 101 राष्ट्रपति पदक और 746 मेरिटोरियस सर्विस मेडल (MSM) दिए गए हैं।

76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 93 वीरता पुरस्कारों की घोषणा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 93 वीरता पुरस्कारों की घोषणा की है। इसमें सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कर्मी हैं, जिनमें 11 को मरणोपरांत पुरस्‍कार दिया जाना शामिल है। इनमें क मरणोपरांत सहित दो कीर्ति चक्र, तीन मरणोपरांत सहित 14 शौर्य चक्र, एक सेना पदक वीरता बार, सात मरणोपरांत सहित 66 सेना पदक, दो नौसेना पदक और आठ वायु सेना पदक शामिल हैं। मेजर मंजीत और नायक दिलावर खान को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। कीर्ति चक्र साहसी कार्यों और आत्म-बलिदान के लिए दिया जाता है। स्वतंत्रता के बाद भारत सरकार द्वारा 26 जनवरी, 1950 को प्रारंभिक तीन वीरता (युद्धकालीन वीरता) पुरस्कार- परम वीर चक्र, महावीर चक्र और वीर चक्र स्थापित किये गए थे, जिन्हें 15 अगस्त, 1947 से प्रभावी माना गया। इसके बाद वर्ष 1952 में अन्य तीन वीरता (शांतिकालीन वीरता) पुरस्कार- ‘अशोक चक्र वर्ग-I’, ‘अशोक चक्र वर्ग-II’ और ‘अशोक चक्र वर्ग-III’ स्थापित किये गए, जिन्हें 15 अगस्त, 1947 से प्रभावी माना गया। जनवरी 1967 में इन पुरस्कारों का नाम बदलकर क्रमशः अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र कर दिया गया।

कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल पूरा हुआ

25 जनवरी को कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल किया गया। ट्रेन सुबह 8 बजे कटरा से रवाना हुई और 11 बजे कश्मीर के अंतिम स्टेशन श्रीनगर पहुंची। यानी 160 किलोमीटर का सफर 3 घंटे में पूरा किया। इस ट्रेन को खास तौर पर कश्मीर के मौसम के हिसाब से डिजाइन की गई है और बर्फबारी में भी यह आसानी से चलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फरवरी में इसका उद्घाटन कर सकते हैं। ये ट्रेन कटरा से रामबन, बनिहाल, काजिकुंड, अनंतनाग और अवंतिपोरा होते हुए श्रीनगर जाएगी। इस दौरान ये 359 मीटर ऊंचे चिनाब ब्रिज से ट्रेन गुजरेगी, जो एफिल टॉवर से 35 मीटर ऊंचा है। ये ट्रेन इंडियन रेलवे के पहले केबल ब्रिज से गुजरेगी, जो रियासी के अंजि खाद में बना है। साथ ही ये ट्रेन भारत की सबसे लंबी ट्रांसपोर्ट टनल से गुजरेगी, जो रामबन में है जिसकी लंबाई 12.75 किमी है।

वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह हथकरघा सम्मेलन ‘मंथन’ का उद्घाटन करेंगे

नई दिल्ली में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह 28 जनवरी को हथकरघा सम्मेलन ‘मंथन’ का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न हितधारकों के लिए हथकरघा क्षेत्र में विकास के लिए सर्वोत्तम प्रथाओं, नवाचारों और रणनीतियों को साझा करने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करना है। इस सम्मेलन में मंत्रालय के विभिन्न विभागों के लगभग 250 स्टेकहोल्डर्स और अधिकारी हिस्सा लेंगे।

WEF 2025 : भारत को मिला 20 लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश

दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) 2025 में भारत ने अपनी आर्थिक ताकत का प्रदर्शन करते हुए 20 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव हासिल किए। इन निवेशों से देश में तेजी से विकास और करोड़ों रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इस कड़ी में महाराष्ट्र ने सबसे बड़ी सफलता हासिल की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य ने ₹15.7 लाख करोड़ के 61 समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए जिससे 16 लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इसके अलावा, तेलंगाना ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में ₹1.80 लाख करोड़ के 20 समझौतों पर हस्ताक्षर किए। केरल और उत्तर प्रदेश ने भी अपनी महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रस्तुत कर निवेशकों को आकर्षित किया।

इसरो 29 जनवरी को श्रीहरिकोटा से लॉन्च करेगा अपना 100वां मिशन

इसरो 29 जनवरी को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से अपना 100वां मिशन लॉन्च करेगा। इस ऐतिहासिक मिशन के तहत जीएसएलवी-एफ15 रॉकेट को लॉन्च किया जाएगा जो एनवीएस-02 उपग्रह को जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट में स्थापित करेगा। इसरो ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इसकी जानकारी दी है। जीएसएलवी-एफ15 रॉकेट, जीएसएलवी श्रृंखला की 17वीं उड़ान होगी और यह स्वदेशी क्रायोजेनिक चरण की 11वीं उड़ान होगी। एनवीएस-02 उपग्रह भारतीय नेविगेशन प्रणाली (एनएवीआईसी) का हिस्सा है जो दूसरी पीढ़ी का उपग्रह है। इसका उद्देश्य भारत और इसके आसपास 1500 किलोमीटर की दूरी तक सटीक स्थिति, वेग और समय सेवाएं प्रदान करना है। एनवीएस-02 उपग्रह तकनीकी रूप से अत्याधुनिक है। इसका वजन 2,250 किलोग्राम है और यह 3 किलोवाट तक की पावर संभाल सकता है। इसमें नेविगेशन के लिए एल1, एल5 और एस बैंड पेलोड शामिल हैं जो इसकी सेवाओं को और बेहतर बनाएंगे। इसके अलावा, यह उपग्रह एल1 फ्रीक्वेंसी बैंड को सपोर्ट करता है जिससे इसकी विश्वसनीयता में भी वृद्धि होगी। एनएवीआईसी प्रणाली दो प्रकार की सेवाएं प्रदान करेगी। पहली, मानक पोजिशनिंग सेवा (एसपीएस) जो 20 मीटर से बेहतर स्थिति सटीकता और 40 नैनोसेकंड से बेहतर समय सटीकता देगी। दूसरी प्रतिबंधित सेवा (आरएस) जो केवल विशेष उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध होगी।

नीति आयोग ने नई दिल्ली में “वित्तीय स्वास्थ्य सूचकांक 2025” लॉन्च किया

16वें वित्त आयोग के माननीय अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया ने 24 जनवरी 2025 को नई दिल्ली में नीति आयोग की रिपोर्ट “वित्तीय स्वास्थ्य सूचकांक (एफएचआई) 2025” का उद्घाटन अंक लॉन्च किया। रिपोर्ट पांच प्रमुख उप-सूचकांकों, व्यय की गुणवत्ता, राजस्व जुटाना, वित्तीय विवेक, ऋण सूचकांक और ऋण स्थिरता के साथ-साथ राज्य-विशेष चुनौतियों और क्षेत्रों में अंतर्दृष्टि के आधार पर 18 प्रमुख राज्यों के वित्तीय स्वास्थ्य का व्यापक मूल्यांकन करती है। एफएचआई का उद्देश्य उप-राष्ट्रीय स्तर पर वित्तीय स्थिति पर प्रकाश डालना और संपोषित और लचीली आर्थिक वृद्धि के लिए नीतिगत सुधारों का मार्गदर्शन करना है। रिपोर्ट राज्यों को समग्र वित्तीय सूचकांक के आधार पर रैंक करती है, जो पांच प्रमुख उप-सूचकांकों जैसे व्यय की गुणवत्ता, राजस्व जुटाना, वित्तीय विवेक, ऋण सूचकांक और ऋण स्थिरता पर आधारित है। 67.8 के संचयी अंक के साथ, ओडिशा 18 प्रमुख राज्यों में वित्तीय स्वास्थ्य रैंकिंग में शीर्ष पर है, इसके बाद क्रमशः 55.2 और 53.6 अंक के साथ छत्तीसगढ़ और गोवा हैं।

ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) और ऊर्जा एवं संसाधन संस्थान (टीईआरआई) ने हैदराबाद में ऊर्जा परिवर्तन पर उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई), विद्युत मंत्रालय भारत सरकार और ऊर्जा और संसाधन संस्थान (टेरी) ने ऊर्जा परिवर्तन के लिए उत्कृष्टता केंद्र (सीओईईटी) की संयुक्त रूप से स्थापना के लिए एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। सीओईईटी को टेरी के हैदराबाद स्थित ऊर्जा परिवर्तन संस्थान (आईओईटी) परिसर में स्थापित किया जाएगा। केंद्र ज्ञान और नवाचार को बढ़ावा देकर और क्षमता निर्माण करके भारत के एक स्थायी और लचीले भविष्य की ओर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

अमरीकी सुप्रीम-कोर्ट ने मुंबई आतंकी-हमले के दोषी तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दी

अमरीका की सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई आतंकी हमले के दोषी तहव्वुर राणा की समीक्षा याचिका को खारिज करते हुए उसके भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है। भारत, पाकिस्तानी मूल के कनाडाई व्यवसायी राणा के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा था। उस पर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों में मुख्‍य भूमिका निभाने का आरोप है। हमले में 160 लोगों की मृत्‍यु हुई थी। राणा का कथित तौर पर संबंध हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक पाकिस्तानी-अमरीकी आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली से है। 64 वर्षीय राणा इस समय लॉस एंजेलिस के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में कैद है।

वरिष्ठ लेखक और सेवानिवृत्त न्यायाधीश नरेंद्र चपलगांवकर का निधन

वरिष्ठ लेखक और सेवानिवृत्त न्यायाधीश नरेंद्र चपलगांवकर का महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। मराठी शिक्षक के रूप में अपने करियर की शुरूआत करने वाले चपलगांवकर ने 1970 के दशक में बीड में वकालत की। 1980 के दशक में उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट की औरंगाबाद पीठ में न्यायाधीश के रूप में कार्य किया। चपलगांवकर ने कक्षा 1 से 4 तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने की पहल की, जो शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान था।

दुनिया के 31 वेटलैंड शहरों की लिस्ट में शामिल हुआ उदयपुर

झीलों की नगरी उदयपुर (Udaipur) शहर को वेटलैंड सिटी (Wetland City) में शामिल कर लिया गया है। विश्व के 31 शहरों की सूची में उदयपुर और साथ ही मध्यप्रदेश का इंदौर (Indore) शहर भी शामिल हुआ है। यूनेस्को (UNESCO) के रामसर ने दोनों शहरों को वेटलैंड शहर में शामिल किया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में वीर गाथा 4.0 के सुपर-100 विजेताओं को किया सम्मानित

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली में वीर गाथा 4.0 के सुपर-100 विजेताओं को सम्मानित किया। इनमें 66 बालिकाएं शामिल हैं। रक्षा परियोजना के इस चौथे संस्करण में एक करोड़ 76 लाख से अधिक छात्रों की अखिल भारतीय भागीदारी को स्वीकार किया गया। सम्मान समारोह के दौरान प्रत्येक विजेता को दस हजार रुपये का नकद पुरस्कार, एक पदक और एक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

नौवहन महानिदेशालय और सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग ने समुद्री नवाचार को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

भारत के समुद्री क्षेत्र में तकनीकी नवाचार और उत्कृष्टता को आगे बढ़ाने के लिए ऐतिहासिक पहल के रूप में, शिपिंग महानिदेशालय (डीजीएस) और इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के तहत वैज्ञानिक सोसायटी, सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक) ने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए व्यापक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। उच्च-प्रदर्शन कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा, ब्लॉकचेन और ई-गवर्नेंस में सी-डैक की विशेषज्ञता को एकीकृत करके, इस सहयोग का उद्देश्य है:

  • समुद्री प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण और स्वचालन
  • समुद्री डेटा विश्लेषण और पूर्वानुमानित मॉडलिंग
  • साइबर सुरक्षा और समुद्री आईओटी
  • समुद्री शिक्षा और प्रशिक्षण
  • समुद्री प्रौद्योगिकियों में अनुसंधान और विकास

एथलेटिक्सः ज्योति याराजी ने फ्रांस में मीटिंग डे नैनटेस मेट्रोपोल 2025 प्रतियोगिता में महिलाओं की 60 मीटर इनडोर बाधा दौड़ में जीता स्वर्ण पदक

एथलेटिक्स में, भारत की ज्योति याराजी ने फ्रांस में मीटिंग डे नैनटेस मेट्रोपोल 2025 प्रतियोगिता में महिलाओं की साठ मीटर इनडोर बाधा दौड़ में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। सौ मीटर बाधा दौड़ में राष्‍ट्रीय पदक विजेता ज्‍योति ने पियरे-क्विनोन मेट्रोपॉलिटन स्टेडियम में आठ दशमलव शून्‍य चार सैकेंड में ही मुकाबला जीत लिया। 25 वर्षीय याराजी ने हीट्स में 8 दशमलव शून्‍य सात सैकेंड में समाप्त करके 2024 में एशियाई इंडोर चैंपियनशिप में स्थापित 8 दशमलव एक-दो सैंकेंड के अपने पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस

हर साल 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस, 1950 में स्थापित चुनाव आयोग के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर 1951-52 के पहले आम चुनावों को याद करते हुए बताया कि उस समय भारत के लोकतंत्र को लेकर कई संदेह व्यक्त किए गए थे। 2011 से हर साल मनाए जा रहे राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से नए मतदाताओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित करना है। इस दिन का लक्ष्य मतदान के प्रति जागरूकता फैलाना और अधिक से अधिक नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है। यह दिवस मतदाताओं को उनकी भूमिका और जिम्मेदारी का एहसास कराते हुए देश के भविष्य को आकार देने की दिशा में प्रेरित करता है।

Start Quiz! PRINT PDF

« Previous Next Affairs »

Notes

Notes on many subjects with example and facts.

Notes

QUESTION

Find Question on this Topic and many other subjects

Learn More

Test Series

Here You can find previous year question paper and mock test for practice.

Test Series

Download

Here you can download Current Affairs Question PDF.

Download

Join

Join a family of Rajasthangyan on


Contact Us Cancellation & Refund About Write Us Privacy Policy About Copyright

© 2024 RajasthanGyan All Rights Reserved.