Ask Question | login | Register
Notes
Question
Quiz
Test Series
Tricks

1 February 2025

केंद्र ने की चार नए रामसर स्थलों को जोड़ने की घोषणा

केंद्र ने चार नए रामसर स्थलों को जोड़ने की घोषणा की है। इससे कुल रामसर स्थलों की संख्या 89 हो गई है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि विश्व आर्द्रभूमि दिवस से पहले सरकार ने तमिलनाडु में सक्करकोट्टई पक्षी अभयारण्य और थेर्थंगल पक्षी अभयारण्य, सिक्किम में खेचोपलरी आर्द्रभूमि और झारखंड में उधवा झील को देश के रामसर स्थलों की सूची में शामिल किया गया है। पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि भारत अभी भी एशिया में सबसे अधिक रामसर स्थलों वाला देश है और दुनिया में तीसरे स्थान पर है। उन्होंने तमिलनाडु को 20 रामसर स्थलों के साथ सबसे अधिक संख्या वाला राज्य बनने के लिए बधाई दी।

अफ्रीका महाद्वीप में त्‍वचा और आंखों की गंभीर बीमारी ऑन्कोसेरसियासिस को खत्म करने वाला पहला देश बना नाइजर

अफ्रीका महाद्वीप में नाइजर त्‍वचा और आंखों की एक गंभीर बीमारी ऑन्कोसेरसियासिस को खत्म करने वाला पहला देश बन गया है। नाइजर के सार्वजनिक स्वास्थ्य, जनसंख्या और सामाजिक मामलों के मंत्री गरबा हकीमी ने एक समारोह में आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि देश ऑन्कोसेरसियासिस से मुक्त है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने ऑन्कोसेरसियासिस को खत्म करने के लिए आवश्यक मानक हासिल करने पर नाइजर को बधाई दी। नाइजर को दुनिया का पाँचवाँ देश और अफ्रीका का पहला देश माना जाता है, जिसने परजीवी ऑन्कोसेरका वॉल्वुलस के प्रसार को सफलतापूर्वक रोका है। इस मील के पत्थर तक पहुँचने वाले अन्य चार देश सभी अमेरिका में स्थित हैं: कोलंबिया, इक्वाडोर, ग्वाटेमाला और मैक्सिको। ऑन्कोसेरसियासिस, जिसे आमतौर पर रिवर ब्लाइंडनेस के रूप में जाना जाता है, एक परजीवी रोग है और यह ट्रेकोमा के बाद दुनिया भर में अंधेपन का दूसरा प्रमुख संक्रामक कारण है। यह मुख्य रूप से नदी के किनारे के इलाकों में पाई जाने वाली संक्रामक काली मक्खियों के काटने से मनुष्यों में फैलता है।

न्यायमूर्ति हर्ष कुमार महाकुंभ भगदड़ पर न्यायिक आयोग के प्रमुख

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 29 जनवरी 2025 को प्रयागराज में महाकुंभ में भगदड़ की घटना की जांच के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश हर्ष कुमार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय न्यायिक समिति का गठन किया है। उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसार, 29 जनवरी 2025 को मौनी अमावस्या (अमावस्या का दिन) के अवसर पर तड़के सुबह मची भगदड़ में 30 लोग मारे गए और 60 घायल हो गए थे। तीन सदस्यीय जांच समिति में न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) हर्ष कुमार, पूर्व पुलिस महानिदेशक वी के गुप्ता और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डी के सिंह शामिल हैं। आयोग उन कारणों और परिस्थितियों की जांच करेगा जिनके कारण भगदड़ हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपायों की सिफारिश करेगा। आयोग को एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंपनी है।

सरकार ने बिजली वितरण उपयोगिताओं की व्यवहार्यता पर जीओएम का गठन किया

भारत सरकार ने देश में बिजली वितरण उपयोगिताओं की व्यवहार्यता से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए मंत्रियों का एक समूह स्थापित किया है। मंत्री समूह की पहली बैठक हाल ही में वर्चुअली आयोजित की गई थी। बैठक में केंद्र सरकार, सदस्य राज्यों के ऊर्जा मंत्री और केंद्र व राज्य सरकार के अधिकारी शामिल हुए। इस बैठक में पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिकारी भी शामिल हुए। केंद्रीय ऊर्जा और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री, श्रीपाद येसो नाइक, मंत्री समूह के अध्यक्ष हैं। केंद्र सरकार के अलावा, मंत्रियों के समूह में पांच प्रमुख राज्यों-उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा मंत्री समूह के संयोजक हैं।

विदेश मंत्री जयशंकर प्रथम रायसीना मध्य पूर्व सम्मेलन के मुख्य अतिथि

पहला रायसीना मध्य पूर्व सम्मेलन, 28 और 29 जनवरी 2025 को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी में आयोजित किया गया। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर पहले रायसीना मध्य पूर्व सम्मेलन के मुख्य अतिथि थे। डॉ. एस जयशंकर 27 और 29 जनवरी 2025 को संयुक्त अरब अमीरात की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर थे। जून 2024 में विदेश मंत्री के रूप में पुनः नियुक्त होने के बाद डॉ. जयशंकर की यह संयुक्त अरब अमीरात की तीसरी यात्रा थी। रायसीना डायलॉग भू-राजनीति और भू-अर्थशास्त्र पर भारत का प्रमुख सम्मेलन है जो विश्व समुदाय के सामने आने वाले सबसे चुनौतीपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के लिए विशेषज्ञों को एक साथ लाता है। पहला रायसीना मध्य पूर्व सम्मेलन का आयोजन भारत के ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन द्वारा संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्रालय और भारतीय विदेश मंत्रालय की साझेदारी में किया गया था।

अंतरिक्ष में फंसी सुनीता विलियम्स ने बनाया स्पेसवॉक का नया रिकॉर्ड

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के बाहर 5 घंटे 26 मिनट की स्पेसवॉक (अंतरिक्ष में चहलकदमी) पूरी की। इस उपलब्धि के साथ उनके कुल स्पेसवॉक का समय 62 घंटे 6 मिनट हो गया जिससे उन्होंने नासा की पूर्व अंतरिक्ष यात्री पैगी व्हिटसन का 60 घंटे 21 मिनट का रिकॉर्ड तोड़ दियासुनीता विलियम्स और उनके सहयोगी बुच विल्मोर पिछले जून 2024 से आईएसएस पर फंसे हुए हैं। वे बोइंग के स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान से आठ दिनों के मिशन पर गए थे लेकिन तकनीकी खराबी के कारण यह यान वापसी के लिए सुरक्षित नहीं रहा। इस वजह से दोनों को अब तक अंतरिक्ष में ही रुकना पड़ा है।

ऑस्ट्रेलिया के गोल्डफील्ड्स को यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज लिस्ट में शामिल करने के लिए किया गया नामित

ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने विक्टोरिया राज्य के ऐतिहासिक गोल्डफील्ड्स (सोने के खदानों वाले क्षेत्र) को UNESCO वर्ल्ड हेरिटेज लिस्ट में शामिल करने के लिए नामांकित किया है। ऑस्ट्रेलिया की पर्यावरण और जल मंत्री तान्या प्लिबर्सेक ने शुक्रवार को घोषणा की कि इन गोल्डफील्ड्स को ऑस्ट्रेलिया की वर्ल्ड हेरिटेज टेंटेटिव लिस्ट में जोड़ा गया है। यह पहला कदम है जिससे इस क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय पहचान और संरक्षण मिल सकेगा। यह गोल्डफील्ड्स विक्टोरिया के मध्य भाग में स्थित हैं जिसे “गोल्डन ट्रायंगल” के नाम से भी जाना जाता है। 1850 और 1860 के दशक के गोल्ड रश (सोने की खोज के कारण आई तेजी) के दौरान हजारों लोग, जिनमें स्थानीय आदिवासी और प्रवासी इस क्षेत्र में सोने की तलाश में आए थे। आज विक्टोरिया के गोल्डफील्ड्स में पर्यटन हर साल 1.8 बिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर ($1.1 बिलियन) की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देता है।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2024-25 का आर्थिक सर्वेक्षण किया पेश

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2024-25 के लिए आर्थिक सर्वेक्षण लोकसभा और राज्यसभा में पेश किया। इसके तुरंत बाद, दोनों सदनों को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया गया। परंपरा अनुसार वित्त मंत्री ने अगले वित्तीय वर्ष- 2025-26 के लिए बजट प्रस्तुति से एक दिन पहले संसद में अर्थव्यवस्था की पूर्व-बजट विस्तृत स्थिति का दस्तावेज पेश किया। वित्त मंत्रालय में आर्थिक मामलों के विभाग के आर्थिक प्रभाग द्वारा तैयार और मुख्य आर्थिक सलाहकार की देखरेख में तैयार किया गया आर्थिक सर्वेक्षण दस्तावेज, 2024-25 (अप्रैल-मार्च) की अर्थव्यवस्था की स्थिति और विभिन्न संकेतकों और अगले वित्तीय वर्ष के लिए कुछ दृष्टिकोण के बारे में जानकारी देता है। सर्वेक्षण में बताया गया कि वित्त वर्ष 2025-26 में वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत की जीडीपी 6.3-6.8 प्रतिशत की दर से बढ़ सकती है। रिपोर्ट के अनुसार पहला आर्थिक सर्वेक्षण 1950-51 में अस्तित्व में आया था, जब यह बजट दस्तावेजों का हिस्सा हुआ करता था। 1960 के दशक में इसे बजट दस्तावेजों से अलग कर दिया गया और केंद्रीय बजट से एक दिन पहले इसे पेश किया गया। संसद का बजट सत्र आज शुक्रवार 31 जनवरी से शुरू हो गया है और तय कार्यक्रम के अनुसार 4 अप्रैल को समाप्त होगा। इसी क्रम में बजट 1 फरवरी को पेश किया जाएगा।

भारतीय पायलट शुभांशु शुक्‍ला इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन जाएंगे

इंडियन एयरफोर्स (IAF) कैप्टन ऑफिसर शुभांशु शुक्ला को नासा के एग्जियम मिशन के लिए चुना गया है। वे स्पेस एक्स ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट को लेकर इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन जाएंगे। शुभांशु एग्जियम मिशन 4 के लिए पायलट चुने गए हैं। वे ISS पर जाने वाले पहले भारतीय होंगे। ये मिशन 14 दिन तक चलेगा। यह भारत का अंतरिक्ष में पहला मैन्ड मिशन होगा। इस मिशन की कमांड पैगी व्हिटसन संभालेंगी और शुभांशु इसमें पायलट होंगे।

सचिन तेंदुलकर को BCCI लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

पूर्व भारतीय खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर को BCCI के एनुअल ईवेंट में लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसकी घोषणा आज 31 जनवरी को की गई। तेंदुलकर ने 200 टेस्ट और 463 एकदिवसीय मैच खेले हैं। उनके नाम टेस्ट और वनडे इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड है। 463 वनडे में उनके नाम 18,426 रन हैं। तेंदुलकर ने 200 टेस्ट मैचों में 15,921 रन बनाए हैं।

INSV तारिणी पहुंचा निमो पॉइंट

INSV तारिणी भारतीय नौसेना की दूसरी सेलबोट है। इसने पॉइंट निमो को पार करने का रिकॉर्ड बनाया है। लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए ने ये कारनामा 30 जनवरी को किया। न्यूजीलैंड के लिटलटन से पोर्ट स्टेनली, फॉकलैंड द्वीप तक की अपनी यात्रा में INSV ने पॉइंट निमो को पार किया है। पॉइंट निमो, 48°53'S 123°24'W कॉर्डिनेट पर स्थित है। ये बेहद मुश्किल महासागरीय पॉइंट कहा जाता है। ये पृथ्वी पर सबसे दूर वाला एक रिमोट पॉइंट है, जो पृथ्वी के जमीनी हिस्से से 2,688 किलोमीटर दूर है। पॉइंट निमो स्पेस कंपनियों का बनाया हुआ पॉइंट है।

सूखा प्रभावित इलाकों के लिए 3 हजार करोड़ की परियोजनाएं मंजूर

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय कमेटी ने सूखा प्रभावित राज्यों की मदद के लिए 2 हजार करोड़ रुपए की परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजनाओं के लिए 3,027.86 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है। 12 सबसे ज्यादा सूखा प्रभावित राज्यों की मदद के लिए मंजूरी दी गई है। 12 सर्वाधिक सूखाग्रस्त राज्यों में आंध्र प्रदेश, बिहार, गुजरात, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। 19 राज्यों के 144 हाई प्रीयोरिटी वाले जिलों में 850 करोड़ रुपए के वन में आग जोखिम मैनेजमेंट स्कीम को भी मंजूरी दी गई है।

विश्व उपेक्षित उष्णकटिबंधीय रोग दिवस 2025 को चिह्नित करने के लिए इंडिया गेट पर रोशनी की गई

विश्व उपेक्षित उष्णकटिबंधीय रोग दिवस के अवसर पर दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित इंडिया गेट को 30 जनवरी 2025 को बैंगनी और नारंगी रंगों के रंगों से रोशन किया गया। उपेक्षित उष्णकटिबंधीय रोगों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए हार साल 2022 से 30 जनवरी को विश्व उपेक्षित उष्णकटिबंधीय रोग दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर दुनिया भर में, इन दुर्बल करने वाली बीमारियों से निपटने के लिए दुनिया की सामूहिक कार्रवाई के महत्व पर जोर देने के लिए प्रतिष्ठित स्थलों को रोशन किया जाता है। विश्व उपेक्षित उष्णकटिबंधीय रोग के अवसर पर इंडिया गेट पर प्रकाश व्यवस्था का आयोजन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा किया गया था। कार्यक्रम के दौरान विशेष ध्यान लिम्फैटिक फाइलेरियासिस और विसेरल लीशमैनियासिस या काला अजार बीमारी पर था, जिससे भारत में लगभग 40 करोड़ लोगों को खतरा है।

Start Quiz! PRINT PDF

« Previous Next Affairs »

Notes

Notes on many subjects with example and facts.

Notes

QUESTION

Find Question on this Topic and many other subjects

Learn More

Test Series

Here You can find previous year question paper and mock test for practice.

Test Series

Download

Here you can download Current Affairs Question PDF.

Download

Join

Join a family of Rajasthangyan on


Contact Us Cancellation & Refund About Write Us Privacy Policy About Copyright

© 2024 RajasthanGyan All Rights Reserved.